सरायकेला खरसावां

खरसावां शहीद दिवस पर मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान

खरसावां शहीद दिवस पर मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान

खरसावां : खरसावां शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खरसावां गोलीकांड के शहीदों को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिस तरह गुवा गोलीकांड के शहीदों की पहचान कर उन्हें सम्मानित किया गया, उसी तर्ज पर खरसावां गोलीकांड के शहीदों की भी पहचान की जाएगी और अगले वर्ष इसी मंच से उन्हें सम्मान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद वेदी पर पहुंचकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जहां पूरी दुनिया में नया साल उत्सव के रूप में मनाया जाता है, वहीं खरसावां में यह दिन शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। जब लोग जश्न मना रहे होते हैं, तब खरसावां में शहीदों को नमन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड का शहीदी इतिहास अत्यंत गौरवपूर्ण और संघर्षपूर्ण रहा है। आदिवासी समाज ने अपनी जमीन, जंगल और संसाधनों की रक्षा के लिए लंबे संघर्ष किए हैं। इस दौरान कई लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी और कई ने जेलों में यातनाएं सहीं।
मुख्यमंत्री ने खरसावां गोलीकांड को आजादी के बाद की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि जब देश आजादी का जश्न मना रहा था, उसी समय खरसावां में निर्दोष लोगों पर गोलियां चलाई गईं। उन्होंने कहा कि हमें उन वीर सपूतों पर गर्व है जिन्होंने कभी हार नहीं मानी।
मुख्यमंत्री ने संथाल परगना आंदोलन, बिरसा मुंडा के संघर्ष सहित अन्य आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सभी आंदोलनों का उद्देश्य अपनी पहचान, संस्कृति और संसाधनों की रक्षा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार शहीदों की पहचान कर उन्हें सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है और यह कार्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।

खरसावां शहीद दिवस की तैयारियों की समीक्षा, उपायुक्त व एसपी ने किया स्थल निरीक्षण

खरसावां शहीद दिवस की तैयारियों की समीक्षा, उपायुक्त व एसपी ने किया स्थल निरीक्षण

खरसावां : आगामी 1 जनवरी 2026 को खरसावां शहीद स्थल पर आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री, भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित कई मंत्री एवं विधायकगण के संभावित आगमन के मद्देनज़र उपायुक्त सरायकेला–खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुणायत ने संयुक्त रूप से शहीद पार्क, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तथा अर्जुना स्टेडियम परिसर में निर्माणाधीन हेलीपैड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गेस्ट हाउस एवं हेलीपैड से जुड़े लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिया गया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने सभा स्थल पर समतलीकरण, पेयजल, शौचालय, जूता-चप्पल स्टैंड सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा आगमन-प्रस्थान मार्गों एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए सह उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक श्री अजय तिर्की, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सरजू प्रसाद सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

खरसावां शहीद दिवस को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव, कई मार्गों पर नो एंट्री लागू

खरसावां शहीद दिवस को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव, कई मार्गों पर नो एंट्री लागू

सरायकेला : खरसावां शहीद दिवस कार्यक्रम के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु कुछ मार्गों पर नो एंट्री के निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार, सरायकेला से खरसावां जाने वाले मार्ग पर बिरसा चौक (सरायकेला), पांड्राशाली से खरसावां मार्ग पर पांड्राशाली चौक, कुचाई से खरसावां मार्ग पर कुचाई चौक, सीनी से खरसावां मार्ग पर सीनी चौक तथा खरसावां से रड़गांव जाने वाले मार्ग पर हुडंगदा पिकेट के समीप नो एंट्री लागू रहेगी।
इन सभी मार्गों पर 31 दिसंबर 2025 की रात 9:00 बजे से 1 जनवरी 2026 की रात 8:00 बजे तक सभी प्रकार के व्यावसायिक (बड़े) वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
यह जानकारी जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा जारी की गई है।

पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण का समापन

पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण का समापन

सरायकेला : सरायकेला के दिवान साही स्थित पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय मेकिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर समापन समारोह एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

संस्थान के निदेशक ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सॉफ्ट टॉय निर्माण के माध्यम से वे स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संस्थान से संपर्क करें, हर संभव सहयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम में संस्थान के संकाय सदस्य शैलेन्द्र गोप, गोबिंद राय, दिलीप आचार्य, इंद्रजीत कैबत एवं द्रौपदी महतो उपस्थित थे।

सरायकेला-खरसावां में सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा, खराब सड़कों और मरम्मत में देरी बनी बड़ी वजह

सरायकेला-खरसावां में सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा, खराब सड़कों और मरम्मत में देरी बनी बड़ी वजह

सरायकेला_खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं। शहर से लेकर गांव तक नुक्कड़ नाटक, जागरूकता वाहन, चालकों के लिए यातायात नियमों पर प्रशिक्षण तथा वाहन जांच अभियान कई महीनों से चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद विभागीय आंकड़ों के अनुसार नवंबर माह में जिले में 25 बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए। इसके अलावा कई छोटी दुर्घटनाएं ऐसी भी हुई होंगी, जिनकी जानकारी विभाग तक नहीं पहुंच पाई।
हाल ही में हुई बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों को कई दिशा-निर्देश दिए थे और JARDCL को मुख्य सड़कों की आवश्यकतानुसार मरम्मत सुनिश्चित करने का आदेश भी दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
सरायकेला से जमशेदपुर और चाईबासा जाने वाली मुख्य सड़कों पर जगह-जगह छोटे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। छोटे वाहन और बाइक सवार इन गड्ढों से बचने के लिए सड़क पर टेढ़े-मेढ़े तरीके से चलते हैं, जिससे आगे-पीछे चल रहे वाहनों को संतुलन बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। वहीं, इन दिनों घना कोहरा भी दुर्घटनाओं की आशंका को और बढ़ा रहा है। यदि शीघ्र सड़क मरम्मत का कार्य नहीं किया गया, तो जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ने से इंकार नहीं किया जा सकता।

खरसावां गोलीकांड के शहीद वीर डोलो मानकी सोय की स्मृति में स्मारक का होगा उद्घाटन।

खरसावां गोलीकांड के शहीद वीर डोलो मानकी सोय की स्मृति में स्मारक का होगा उद्घाटन।

सरायकेला-खरसावां : कुचाई प्रखंड अंतर्गत बंदेलोहर पंचायत के बाईडीह फुटबॉल मैदान (पंचायत भवन के सामने) में खरसावां गोलीकांड के दौरान शहीद हुए वीर शहीद डोलो मानकी सोय की स्मृति में निर्मित स्मारक का उद्घाटन किया जाएगा।
स्मारक का उद्घाटन 25 दिसंबर 2025 (गुरुवार) को दोपहर 3:00 बजे खरसावां विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं क्षेत्र के विकास पुरुष माननीय श्री दशरथ गागराई के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।
ज्ञात हो कि 01 जनवरी 1948 को खरसावां हाट मैदान में हुए गोलीकांड में वीर शहीद डोलो मानकी सोय शहीद हुए थे। उनका जन्म वर्ष 1930 में हुआ था। वे बंदेलोहर गांव (बाईडीह), पंचायत बंदेलोहर, प्रखंड कुचाई, जिला सरायकेला-खरसावां के निवासी थे।
यह स्मारक शहीदों की स्मृति को सहेजने और आदिवासी इतिहास एवं संघर्ष को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पीएनबी आरसेटी सरायकेला में 30 दिवसीय मोबाइल मरम्मत प्रशिक्षण का समापन, 19 प्रशिक्षुओं को मिले प्रमाण पत्र

पीएनबी आरसेटी सरायकेला में 30 दिवसीय मोबाइल मरम्मत प्रशिक्षण का समापन, 19 प्रशिक्षुओं को मिले प्रमाण पत्र

सरायकेला : पीएनबी रूरल सेल्फ एम्प्लॉयमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आरसेटी), सरायकेला में आयोजित 30 दिवसीय मोबाइल मरम्मत प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया। समापन समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त 19 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं संस्थान के निदेशक उमा शंकर तांती ने सभी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मोबाइल मरम्मत आज के समय में रोजगार का एक बेहतर साधन है। उन्होंने कहा कि शहर से लेकर गांव तक मोबाइल का व्यापक उपयोग हो रहा है, जिससे इस क्षेत्र में स्वरोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं। निदेशक ने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्य गोविंद राय, दिलीप आचार्य, इंद्रजीत कैबत, द्रौपदी महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

के.एस. कॉलेज, सरायकेला में राष्ट्रीय गणित दिवस का आयोजन

के.एस. कॉलेज, सरायकेला में राष्ट्रीय गणित दिवस का आयोजन

सरायकेला : के.एस. कॉलेज, सरायकेला में बुधवार को राष्ट्रीय गणित दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी प्राचार्य एवं भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रकाश सरकार ने महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में डॉ. सरकार ने छात्र-छात्राओं को संख्या सिद्धांत, कंटीन्यू फ्रैक्शन, अनंत श्रेणी तथा पाई के मान की गणना की नई विधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे ही महाविद्यालय का भविष्य हैं और अगले रामानुजन बन सकते हैं।

गणित विभागाध्यक्ष डॉ. अर्जुन कुमार ने रामानुजन के जीवन से प्रेरणा लेकर प्रतिभा निखारने की बात कही। आईटी विभागाध्यक्ष रवि शंकर झा ने रामानुजन के कार्यों और योगदान पर प्रकाश डाला। इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक मोहन साहू ने शून्य के महत्व और उसकी खोज पर विस्तार से जानकारी दी, जबकि वाणिज्य विभाग की सहायक प्राध्यापक विभा कुमार ने गणित और वाणिज्य के आपसी संबंधों पर चर्चा की।

इस अवसर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में करुणा कुमारी महतो ने प्रथम, अमन पति ने द्वितीय और कुमारी प्रिंसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रामानुजन के चित्र पर रंगोली बनाई तथा उनके जन्मदिवस के अवसर पर केक काटकर उत्सव मनाया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समाहरणालय में नीति आयोग की विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक

समाहरणालय में नीति आयोग की विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक

सरायकेला : समाहरणालय सभागार में मंगलवार को आकांक्षी जिला कार्यक्रम (ABP) के तहत नीति आयोग द्वारा नामित केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी विकास सिंह, निदेशक, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, नई दिल्ली ने जिले में संचालित विकासात्मक और जनकल्याणकारी योजनाओं की सूचकांक-आधारित समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, पशुपालन, पेयजल, स्वच्छता और सामाजिक सुरक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों के सूचकांकों पर विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य क्षेत्र में संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यशीलता पर चर्चा हुई। शिक्षा क्षेत्र में नामांकन, उपस्थिति, ड्रॉपआउट दर, आधारभूत संरचना और शिक्षण गुणवत्ता की स्थिति पर ध्यान दिया गया। सामाजिक सुरक्षा क्षेत्र में पेंशन योजनाओं सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों तक लाभ पहुँचाने की प्रगति पर भी समीक्षा हुई।
केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी ने लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने, सूचकांकों में सुधार हेतु केंद्रित हस्तक्षेप करने, लंबित मामलों का शीघ्र निपटान करने और फील्ड स्तर पर नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अंतरविभागीय समन्वय मजबूत करने और योजनाओं के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण तथा परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन पर विशेष बल देने पर भी जोर दिया।

सरायकेला-खरसावां में आयोजित मासिक लोक अदालत में 13 मामले निपटाए गए

सरायकेला-खरसावां में आयोजित मासिक लोक अदालत में 13 मामले निपटाए गए

सरायकेला : झालसा, रांची के दिशा-निर्देश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, डीएलएसए सरायकेला-खरसावां, रमाशंकर सिंह के मार्गदर्शन में मंगलवार को सरायकेला सिविल कोर्ट और चांडिल अनुमंडलीय न्यायालय में मासिक लोक अदालत आयोजित हुई।
अदालती कार्यवाही के लिए 11 पीठों का गठन किया गया, जिनमें विभिन्न मामलों की सुनवाई हुई। समाचार लिखे जाने तक 13 मामलों का निस्तारण किया जा चुका था और कुल ₹47,000 वसूल किए गए।
सामान्यतः यह लोक अदालत हर महीने के अंतिम शनिवार को आयोजित की जाती है, लेकिन आगामी शीतकालीन अवकाश (24 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026) को ध्यान में रखते हुए इसे 23 दिसंबर को आयोजित किया गया।
कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद बड़ी संख्या में वादकारी उपस्थित हुए और न्यायिक प्रक्रिया में भाग लेकर इसे सफल बनाया। यह आयोजन वर्ष 2025 की अंतिम लोक अदालत भी रही।