सरायकेला | सरायकेला – खरसावाँ जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में 31 अक्टूबर को वाहन जांच अभियान के दौरान राजनगर मोड़ के समीप अवैध रूप से गिट्टी लदे एक हाइवा को जब्त किया गया।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में यह जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खान निरीक्षक ने गिट्टी लदे हाइवा (पंजीकरण संख्या JH05DV9174) को पकड़ा। जब्त वाहन को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सरायकेला थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं, जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि अवैध खनिज गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




