hemant soren

वादिनी से दुष्कर्म और गर्भपात कर फरार आरोपी गुजरात से हुआ गिरफ्तार

वादिनी से दुष्कर्म और गर्भपात कर फरार आरोपी गुजरात से हुआ गिरफ्तार

चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के पोटका बासासाई गांव निवासी लेबाय तैसुम (उम्र 25 वर्ष, पिता–सरजोम तैसुम) को पुलिस ने गुजरात के मोरबी जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने और गर्भपात कराने का गंभीर आरोप है।

मामला 23 सितंबर 2025 का है, जब वादिनी के लिखित आवेदन के आधार पर चक्रधरपुर थाना कांड संख्या–119/2025 दर्ज की गई थी। इस मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 64(1)/115(2)/89/351(3)/3(5) बीएनएस एवं 4(1)/6 पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

कांड की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर और थाना प्रभारी चक्रधरपुर के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी के ठिकाने का पता लगाया और उसे गुजरात से दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी लेबाय तैसुम को विधिवत रूप से चक्रधरपुर थाना लाया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को जल्द ही न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

वीर शहीद विजय सिंह सोय की 69वीं जयंती पर नमन:

वीर शहीद विजय सिंह सोय की 69वीं जयंती पर नमन:

इतवारी बाजार समाधि स्थल में वीर शहीद विजय सिंह सोय जी के 69वीं जयंती श्रद्धा और गर्व के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने शहीद की समाधि स्थल पर बारी बारी से पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और राष्ट्र के प्रति उनके अद्वितीय त्याग और बलिदान को याद किया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके शौर्यपूर्ण जीवन और देश की सेवा में दिए गए उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि वीर शहीद का बलिदान हमें सच्चे कांग्रेसी और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देता रहेगा। सभी ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। स्व.सोय की धर्मपत्नी माला सोय, कुंती सोय, बेटी अनुप्रिया सोय इनके अलावा कांग्रेसी नेता विजय सिंह सामाड, प्रखंड उपाध्यक्ष आर्यन हासदा, प्रखंड महासचिव भोलेनाथ बोदरा, महासचिव बासुदेव मुखी, प्रदेश प्रतिनिधि राजेश शुक्ला ,राखी सलुजा, पूर्व कामगार नगर अध्यक्ष शरण मंडल,हरि राव, महेश साहू ,राय जी एवं , परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे।

अबुआ आवास निर्माण में छत ढलाई की बाध्यता समाप्त

अबुआ आवास निर्माण में छत ढलाई की बाध्यता समाप्त

पश्चिम सिंहभूम जिले के दुर्गम और सुदूरवर्ती क्षेत्रों में अबुवा आवास निर्माण में हो रही परेशानियों को देखते हुए राज्य सरकार ने राहत की घोषणा की है। अब लाभुक आवासों की छत ढलाई में जीआई सीट, टाली खपरा और एस्बेस्टस सीट लगाने की अनुमति दी गई है।

झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह, मंत्री दीपक बिरुवा और विधायक निरल पूर्ति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह निर्णय गरीब आम जनता के हित में विधायक श्री पूर्ति द्वारा विधानसभा में लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के बाद लिया गया।

विधायक श्री पूर्ति ने बताया कि जिले की भौगोलिक स्थिति और निर्माण सामग्री की कीमतों में वृद्धि के कारण दुर्गम क्षेत्रों में आवास निर्माण में कई दिक्कतें आ रही थीं। अब यह राहत विशेष रूप से टोंटो, गुदड़ी, गोइलकेरा, आनंदपुर, मनोहरपुर और बंदगांव प्रखंडों के लाभुकों के लिए उपलब्ध होगी। जरूरत पड़ने पर इसे राज्य के अन्य जिलों में भी लागू किया जा सकता है।

झारखंड सरकार का लक्ष्य अबुवा आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। इसके तहत राज्य में तीन चरणों में 8 लाख नए मकान बनाए जाएंगे:

🔸2023-24: 2 लाख मकान

🔸2024-25: 3.5 लाख मकान

🔸2025-26: 2.5 लाख मकान

बुधराम लागुरी ने कहा कि जिले की समस्याओं के समाधान के लिए झामुमो विधायक और सांसद प्रतिबद्ध हैं और इस जनहित कार्य के लिए उन्होंने राज्य सरकार और सभी संबंधित अधिकारियों की सराहना की।