चाईबासा | भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष श्रीमती गीता बालमुचू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 और 14 अप्रैल को जिले के सभी पंचायतों, मंडलों और प्रमुख स्थानों पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और माल्यार्पण किया जाएगा।

इसके अलावा, 15 अप्रैल से चाईबासा में जिला स्तरीय संगोष्ठी आयोजित करने का भी फैसला लिया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अभय सिंह और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता नवल किशोर पासवान मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर जोर दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता जे.बी. तुबिद समेत जिले के 17 मंडलों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।


