चाईबासा | आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बुधवार को संयुक्त रूप से चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न निर्माणाधीन दुर्गा पूजा पंडालों एवं विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा समितियों द्वारा की जा रही तैयारियों, पंडाल निर्माण, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, अग्निशमन सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन तथा विसर्जन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस दौरान बांधपाड़ा पूजा पंडाल, जुबली तालाब, शिवा तालाब, अमला टोला पूजा पंडाल, पिल्लई हॉल पूजा पंडाल, रविंद्र भवन पूजा पंडाल, गांधी टोला पूजा पंडाल एवं सिद्धेश्वरी मंदिर पूजा पंडाल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पंडालों की संरचना, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।

उपायुक्त मनीष कुमार ने निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों एवं संबंधित संरचनाओं का निर्माण सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए मजबूती से किया जाए। भीड़ को देखते हुए पर्याप्त प्रवेश एवं निकास द्वार बनाए जाएं तथा आपात स्थिति में श्रद्धालुओं के सुरक्षित बाहर निकलने के लिए आपातकालीन मार्ग बाधामुक्त रखा जाए। पंडाल के आसपास ऐसी कोई सामग्री नहीं रखी जाए, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी हो।
उन्होंने अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए प्रमुख पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र, बालू एवं पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत सजावट के दौरान खुले तार, असुरक्षित जोड़ एवं ओवरलोडिंग से बचने तथा सभी विद्युत कनेक्शनों की जांच कराने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने पूजा समितियों को पंडाल परिसर एवं आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, प्राथमिक उपचार तथा महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। बुजुर्गों, बच्चों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा जरूरत के अनुसार स्वयंसेवकों की तैनाती करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था, श्रद्धा एवं सामाजिक सौहार्द का पर्व है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिलेवासी पूर्ण उत्साह एवं उमंग के साथ पर्व मनाएं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सभी निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।

वहीं, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती करने, प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने तथा आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, मुख्य एवं आपातकालीन मार्गों को अवरुद्ध नहीं करने तथा आवश्यकता के अनुसार वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
एसपी ने आमजनों एवं पूजा समितियों से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित पदाधिकारियों को देने को कहा।

विसर्जन घाटों की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विसर्जन घाटों की तैयारियों का भी जायजा लिया। घाट तक पहुंचने वाले मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विसर्जन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए।
विसर्जन के दौरान वाहनों एवं श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए मार्ग प्रबंधन, पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती तथा निर्धारित मार्ग से ही विसर्जन जुलूस के संचालन की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा गया। संबंधित पदाधिकारियों को पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने एवं व्यवस्थाओं का पुनः निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू, सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति-चाईबासा के पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

