सरायकेला | राजनगर प्रखंड के तुमुंग गांव स्थित श्री श्री राधा गोविंद मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय हरिनाम संकीर्तन का समापन 12 अप्रैल को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हो गया। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुख-समृद्धि और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना था।

समापन दिवस पर पारंपरिक धूलाट एवं रखाल भोग का आयोजन किया गया, जिसमें गांव के महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ हुई थी, जिसके बाद लगातार तीन दिनों तक हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से आई संकीर्तन मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

प्रमुख भाग लेने वाली मंडलियों में माँ शीतला संकीर्तन दल (केंदुमुंडी, मयूरभंज), मानव कल्याण संकीर्तन दल (पुरूलिया), शहीद निर्मल महतो विद्या मंदिर (महेशकुदर, सरायकेला-खरसावाँ), महिला संकीर्तन दल (तूड़ी, पोटका, पूर्वी सिंहभूम), राधा गोविंद बालिका संकीर्तन दल एवं उपानंद मुखी संकीर्तन दल (तुमुंग) शामिल रहे।
आयोजन की सफलता में ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।

