सरायकेला खरसावां

खरसावां में आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास

खरसावां में आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास

खरसावां : खरसावां प्रखंड के बुरूडीह पंचायत स्थित कोल बुरूडीह गांव में ग्रामीणों की उपस्थिति में आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर खरसावां विधायक दसरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

आंगनबाड़ी केंद्र बनने से गांव के बच्चों को नर्सरी स्तर की शिक्षा और पोषण संबंधी सुविधाएं अब गांव में ही मिल सकेंगी। इससे स्थानीय परिवारों को काफी सुविधा होगी और बच्चों के प्रारंभिक विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

सेवा का अधिकार सप्ताह’ का प्रभावी क्रियान्वयन — जिले के 21 पंचायतों और नगर निकायों में लगे शिविर, 22 हज़ार से अधिक आवेदन प्राप्त

सेवा का अधिकार सप्ताह’ का प्रभावी क्रियान्वयन — जिले के 21 पंचायतों और नगर निकायों में लगे शिविर, 22 हज़ार से अधिक आवेदन प्राप्त

सरायकेला : सरायकेला–खरसावाँ जिले में ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत चौथे दिन भी विशेष पंचायत स्तरीय शिविरों का सफल आयोजन जारी रहा। जिले के 21 ग्राम-पंचायतों और नगर निकाय क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में लगे शिविरों में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन उत्साहपूर्वक जमा किए गए। जिला प्रशासन के अनुसार अब तक 22,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने सभी बीडीओ, सीओ एवं विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।


इन पंचायतों में लगे शिविर :-

• सरायकेला प्रखंड: कमलपुर, मुड़कुम
• खरसावाँ प्रखंड: दलाइकेला, जोजोडीह
• कुचाई प्रखंड: रुगुडीह, मरांगहातु
• राजनगर प्रखंड: डुमरडीह, बाना, गेंगरूली
• गम्हरिया प्रखंड: डूडरा, जयकान, ईटागढ़
• चांडिल प्रखंड: हेसाकोचा, मतकमडीह, धुनाबुरु
• इचागढ़ प्रखंड: लेपाटांड, चिमटीया
• नीमडीह प्रखंड: गुण्डा, आदरडीह
• कुकड़ू प्रखंड: ईचाडीह, जानुम

साथ ही नगर निकाय क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में भी शिविर लगाकर नागरिकों के आवेदन स्वीकार किए गए।



इन सेवाओं के लिए अधिकतम आवेदन :-

• आय, जाति, आवासीय प्रमाण पत्र

• जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र

• राशन कार्ड, दाखिल–खारिज

• भूमि धारण प्रमाण पत्र, भूमि मापी

• दिव्यांग, विधवा एवं वृद्धा पेंशन

• झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम, 2011 के अंतर्गत सेवाएं

• अन्य कल्याणकारी योजनाएं

• SHG/क्लस्टर सदस्यों के बीच आईडी कार्ड का वितरण


जिला प्रशासन के अनुसार 21 से 29 नवंबर तक चल रहे इस अभियान में जिलेवासियों की सक्रिय भागीदारी लगातार जारी है।



उपायुक्त ने मुड़कुम पंचायत में लिया जायजा

सरायकेला प्रखंड के मुड़कुम पंचायत में शिविर का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि –

• सभी विभागीय स्टॉलों पर आवेदन प्रपत्रों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
• संबंधित विभागीय पदाधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य हो।
• प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा कर अधिकतम मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने उपस्थित नागरिकों से आग्रह किया कि वे योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार आवेदन जमा करें और अपने आसपास के वंचित परिवारों को भी शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के वितरण एवं योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन देने के निर्देश भी जारी किए।

रीडिंग पंचायत में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न — विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल

रीडिंग पंचायत में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न — विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल

खरसावां : खरसावां प्रखंड के रीडिंग पंचायत अंतर्गत सरना क्लब प्रधानगोडा एवं डीपासाई की पहल पर दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में खरसावां विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक माननीय श्री दशरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

विधायक गागराई ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल को सदैव शांतिपूर्ण और खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। साथ ही उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर खेल के क्षेत्र में अपने लक्ष्य तक पहुंचने का संकल्प लें।

समारोह में समाजसेवी बासंती गागराई, जिला परिषद सदस्य भाग-2 कालीचरण मुंडा, कांग्रेस प्रदेश सचिव सह सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, महिला मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मी तांती, लालन तिवारी, राजेश दालबेहरा और रघुनाथ गोप समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

झारखंड में एसआईआर को लेकर सियासी गर्मी तेज — चंपाई सोरेन ने घुसपैठ पर उठाए गंभीर सवाल

झारखंड में एसआईआर को लेकर सियासी गर्मी तेज — चंपाई सोरेन ने घुसपैठ पर उठाए गंभीर सवाल

सरायकेला : झारखंड में एसआईआर (Systematic Investigation of Registration) को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता चंपाई सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ा बयान देते हुए दावा किया कि कोलकाता से सटे हावड़ा जिले के कई इलाकों में 80% से अधिक बांग्लादेशी घुसपैठिए पाए जा रहे हैं। ऐसे में सीमावर्ती जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

चंपाई सोरेन ने लिखा कि भारत का संविधान केवल भारतीय नागरिकों को मतदान का अधिकार देता है। चुनाव आयोग की इस पहल के बाद घुसपैठियों के सहारे सत्ता हासिल करना अब बेहद मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया शुरू होने पर पश्चिम बंगाल से करोड़ों और झारखंड से लाखों घुसपैठियों के नाम voter list से हटाए जा सकते हैं।

राज्य में बढ़ी राजनीतिक हलचल

झारखंड में एसआईआर को लेकर राजनीतिक तापमान तेजी से बढ़ रहा है। कांग्रेस और झामुमो इस प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। वहीं राजद के नेता भी प्रतिदिन एसआईआर के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं। इसके बावजूद निर्वाचन आयोग ने झारखंड में प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जैसे ही झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया औपचारिक तौर पर शुरू होगी, यह राज्य की राजनीति में बड़ा विवाद और चुनावी बहस का विषय बन सकता है। फिलहाल, इस मुद्दे की जमीन तैयार होती हुई दिखाई दे रही है।

सरायकेला के कमलपुर गांव के बारीडीह टोला में ‘प्रभात खबर आपके द्वार’ कार्यक्रम — ग्रामीणों ने सुनाई समस्याओं की कहानी, कहा: आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित

सरायकेला के कमलपुर गांव के बारीडीह टोला में ‘प्रभात खबर आपके द्वार’ कार्यक्रम — ग्रामीणों ने सुनाई समस्याओं की कहानी, कहा: आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित

सरायकेला : सरायकेला प्रखंड के कमलपुर गांव स्थित बारीडीह टोला में रविवार को ‘प्रभात खबर आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, वृद्धा पेंशन सहित कई मूलभूत सुविधाओं की कमी को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि आज भी टोला के लोग सरकारी योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं से कोसों दूर हैं।



जर्जर सड़क बनी बड़ी चुनौती

ग्रामीणों ने बताया कि बारीडीह टोला को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाला एकमात्र मार्ग घोड़ालांग गांव होकर जाता है, लेकिन घोड़ालांग तक लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और बड़े पत्थर उभर आए हैं, जिससे आवागमन अत्यंत कठिन हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों को होती है।



आंगनबाड़ी और स्कूल जाने से कतराने लगे बच्चे

सड़क खराब होने का सीधा असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र एक किलोमीटर दूर घोड़ालांग में है, जबकि प्राथमिक विद्यालय दो किलोमीटर दूर डांगरडीहा गांव में स्थित है। बच्चों को रोजाना खराब रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। यही कारण है कि छोटे बच्चे आंगनबाड़ी जाने से कतराने लगे हैं और स्कूली छात्रों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।




गर्मी में पेयजल संकट, पेंशन भी नहीं मिलती समय पर

ग्रामीणों ने बताया कि टोला में पेयजल की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। गर्मी के दिनों में पानी का संकट और बढ़ जाता है। वहीं बुजुर्गों ने शिकायत की कि वृद्धा पेंशन की राशि समय पर नहीं मिलती। ब्लॉक कार्यालय और बैंक के बीच चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे परेशानियों में इजाफा होता है।

कुचाई में रक्तदान शिविर से बना नया रिकॉर्ड — 51 यूनिट रक्त संग्रह कर KNT ने रचा इतिहास, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कुचाई में रक्तदान शिविर से बना नया रिकॉर्ड — 51 यूनिट रक्त संग्रह कर KNT ने रचा इतिहास, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कुचाई : खरसवां गोलीकांड के शहीदों की स्मृति में कोल्हान नितिर तुरतुंग (KNT) के सौजन्य से स्थानीय कल्याण अस्पताल, कुचाई में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला, जिसमें एम.जी.एम. जमशेदपुर स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम ने रक्त संग्रह किया।

इस शिविर ने कुचाई क्षेत्र में इतिहास रच दिया। कुल 51 यूनिट रक्तदान कर क्षेत्र ने पहली बार अर्धशतक पार किया — इससे पहले यहां अधिकतम 20–22 यूनिट ही संग्रहित हुए थे। इस उपलब्धि को KNT और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।

विशिष्ट रक्तदाता एवं पहली बार रक्तदान करने वाले छात्र

KNT के बैनर तले कई अनुभवी रक्तदाताओं के साथ पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साह देखने लायक रहा।
विशेष रक्तदाताओं में शामिल रहे —


श्री रामचंद्र सोय

श्री लखिन्दर भूमिज

रक्त वीर श्री रविन्द्र गिलुवा (30वीं बार रक्तदान)



KNT के विद्यार्थियों में 2 लड़कियों और 8 लड़कों ने पहली बार रक्तदान किया। वहीं, 12 विद्यार्थियों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया था, लेकिन वजन और हिमोग्लोबिन की कमी के चलते वे रक्तदान नहीं कर सके। उन्हें अगले शिविर में मौका सुनिश्चित करने का आश्वासन देकर उत्साहित किया गया।

सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। भोजन, पेय, चाय व नाश्ते की संपूर्ण व्यवस्था KNT की ओर से की गई। KNT कुचाई के विद्यार्थियों ने सेवा और प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई।

पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग

शिविर में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे —


BDO श्री साधुचरन देवगम

केंद्रीय अध्यक्ष श्री माझीराम जामुदा

महासचिव श्री प्रेमसिंह डांगील

श्री गुरुचरन छोड़ा

श्री रामेश्वर हेम्ब्रम

श्री रविन्द्र गिलुवा

श्री मुन्ना सोय


इसके अलावा कल्याण अस्पताल के स्टाफ, कई मुंडा और मुखिया भी पूरे समय सहयोग में उपस्थित रहे।

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से बढ़ा उत्साह

रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए खरसवां विधायक श्री दशरथ गागराई, विधायक प्रतिनिधि, संसद प्रतिनिधि और समाजसेवी भी शिविर में पहुंचे और इस पहल की सराहना की।

स्वास्थ्य जागरूकता को शिक्षा का हिस्सा बताकर दिया संदेश

KNT की केंद्रीय टीम ने सभी रक्तदाताओं और उपस्थित जनसमूह को धन्यवाद देते हुए कहा —
“स्वास्थ्य जागरूकता भी शिक्षा का एक महत्वपूर्ण अंग है। हमारा उद्देश्य केवल रक्तदान शिविर आयोजित करना नहीं, बल्कि आदिवासी क्षेत्र में स्वेच्छिक रक्तदान की संस्कृति विकसित करना, डर को दूर करना और लोगों को रक्तदान के लाभ बताना है, ताकि जरूरत पड़ने पर हर कोई आगे आकर रक्तदान कर सके।”

इस रिकॉर्ड रक्तदान शिविर ने कुचाई क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता की नई मिसाल पेश की है।



                        

सरायकेला में भीषण सड़क हादसा: आयरन ओर से लदा डंपर ई-रिक्शा पर पलटा, दो की मौत, पांच घायल

सरायकेला में भीषण सड़क हादसा: आयरन ओर से लदा डंपर ई-रिक्शा पर पलटा, दो की मौत, पांच घायल

राजनगर : सरायकेला जिले में शनिवार सुबह चाईबासा–हाता मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। राजनगर थाना क्षेत्र के चालियामा स्थित रुंगटा प्लांट के 5 नंबर गेट के पास लौह अयस्क (आयरन ओर) से भरा एक डंपर अचानक ई-रिक्शा पर पलट गया। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, मृतकों में ई-रिक्शा चालक भी शामिल हो सकता है। स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य जारी है। घायलों को चाईबासा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि डंपर के नीचे और भी लोग दबे हो सकते हैं, जिसके चलते तलाश जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रुंगटा माइंस से लौह अयस्क लेकर डंपर प्लांट की ओर जा रहा था। प्लांट के प्रवेश मार्ग पर सड़क उबड़-खाबड़ होने के कारण डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद चाईबासा–हाता रोड पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति और ट्रैफिक व्यवस्था की अनदेखी लगातार दुर्घटनाओं को निमंत्रण दे रही है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात नियंत्रित किया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि फिलहाल घटना स्थल के पास भीड़ इकट्ठी न करें और राहत कार्य में सहयोग करें।

जिला माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन पर लगाम लगाने के निर्देश

जिला माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन पर लगाम लगाने के निर्देश

सरायकेला : समाहरणालय सभागार में आज जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लूणायत, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर सतपथी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सितंबर एवं अक्टूबर माह में जिले में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध चलाए गए अभियानों की समीक्षा की गई।


जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि इन अभियानों के दौरान कार्रवाई करते हुए

07 ट्रैक्टर,

03 जेसीबी,

01 ट्रक,

09 हाईवा,

02 हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर एवं

02 डंपिंग मशीनें जब्त की गईं।


साथ ही लगभग 7.5 लाख घनफुट अवैध बालू ज़ब्त किया गया तथा ₹2.45 लाख की दंड राशि छह वाहनों से वसूल की गई। इस अवधि में अवैध उत्खनन एवं परिवहन से संबंधित 07 प्राथमिकी दर्ज की गईं।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सतत एवं प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने संवेदनशील खनन क्षेत्रों में नियमित औचक निरीक्षण अभियान चलाने तथा सूचना मिलते ही संयुक्त टीम द्वारा त्वरित छापेमारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने मिलन चौक और तिरुलडीह चेकपोस्ट सहित सभी प्रमुख चेक नाकों पर अगले दो दिनों के भीतर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की तैनाती करने के साथ-साथ CCTV आधारित 24×7 निगरानी प्रणाली लागू करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध आवाजाही को तुरंत रोका जा सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि खनिज परिवहन में संलग्न सभी वाहनों में ढुलाई सामग्री को ढककर ले जाना अनिवार्य होगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित हो सके। साथ ही जब्त बालू की नीलामी प्रक्रिया शीघ्र शुरू कर राजस्व प्राप्ति से संबंधित कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लूणायत ने कहा कि अवैध खनन से संबंधित किसी भी सूचना पर एसडीओ, सीओ और थाना प्रभारी संयुक्त रूप से कार्रवाई दल गठित करें और पर्याप्त पुलिस बल के साथ गोपनीय छापेमारी कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जब्त वाहनों, मशीनरी और संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामलों को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए, ताकि किसी भी प्रक्रियागत देरी को रोका जा सके।

गम्हरिया में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, चुलाई भट्टी ध्वस्त — 35 लीटर महुआ शराब जब्त

गम्हरिया में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, चुलाई भट्टी ध्वस्त — 35 लीटर महुआ शराब जब्त

गांडेडूंगरी : सरायकेला-खरसावाँ जिले में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर 20 नवंबर 2025 को गम्हरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गांडे डूंगरी में उत्पाद विभाग की टीम ने छापामारी अभियान चलाया।

छापामारी के दौरान अवैध रूप से संचालित एक चुलाई भट्टी को ध्वस्त किया गया। मौके पर लगभग 1000 किलोग्राम जावा को नष्ट किया गया तथा करीब 35 लीटर तैयार महुआ चुलाई शराब को जब्त किया गया। प्रशासन ने बताया कि इस अवैध गतिविधि में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए नियमित छापामारी अभियान जारी रहेंगे। संबंधित अधिकारियों को विधि-सम्मत और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

छापामारी दल में शामिल अधिकारी और कर्मचारी :


▪ अखिलेश कुमार – अवर निरीक्षक, उत्पाद, आदित्यपुर अंचल
▪ सौदागर पंडित – सहायक अवर निरीक्षक, उत्पाद
▪ बरियार हेंब्रम – गृह रक्षक बल
▪ रंजीत कुमार – गृह रक्षक बल
▪ अन्य गृह रक्षक बल

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें।

जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

सरायकेला : समाहरणालय सभागार में आज जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और उनके प्रभावी व पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित समन्वय बैठकें आयोजित करें और सभी योजनाओं, लाभुकों व राजस्व कार्यों की समय-सीमा के भीतर समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि लाभुकों को सभी सेवाएँ सीधे विभाग से प्राप्त हों और उन्हें अनावश्यक रूप से चक्कर न लगाने पड़ें।

बैठक में शिक्षा विभाग को छात्रों के जन्म प्रमाणपत्र जारी करने और बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी करने का निर्देश दिया गया। कृषि विभाग को मिट्टी परीक्षण, समयबद्ध बीज वितरण और किसान समृद्धि योजना के लाभ प्रदान करने के निर्देश मिले। भूमि संरक्षण विभाग को तालाब निर्माण/जीर्णोद्धार और लंबित डीप बोरिंग व कृषि यंत्र आवेदन शीघ्र निस्तारित करने का निर्देश दिया गया।

श्रम विभाग को निर्माण स्थलों पर सूचना-बैनर लगाना और योजनाओं का ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिन प्रखंडों में सिलाई प्रशिक्षण कार्य प्रगति पर नहीं है, वहाँ तुरंत प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने पर जोर दिया गया।

समाज कल्याण और सामाजिक सुरक्षा विभाग को लाभवंचित पात्रों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने तथा तकनीकी खामियाँ दूर करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर, जिला परिवहन, कल्याण, खनन और समाज कल्याण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला–चांडिल तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी–अंचलाधिकारी उपस्थित थे।