सरायकेला | सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ग्राम सिरूम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) निर्माण कार्य का शिलान्यास जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को गांव एवं आसपास के इलाकों में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूरस्थ अस्पतालों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, सामान्य उपचार, टीकाकरण समेत अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि पीएचसी बनने से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा लोगों को समय पर बेहतर इलाज की सुविधा मिल पाएगी।

