सरायकेला | राज्य सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिले में पड़ रही भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। इसके अलावा खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत तथा त्वरित जलापूर्ति व्यवस्था बहाल करने को कहा गया है, ताकि लोगों को भीषण गर्मी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अत्यधिक गर्मी एवं लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में कार्य करने और आमजन को राहत पहुंचाने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भीषण गर्मी के दौरान लोगों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

