घाटशिला : झारखंड में आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा और अस्तित्व की रक्षा के लिए हमारा संघर्ष जारी है। हमारी लड़ाई घुसपैठियों, धर्मांतरण और बदलती डेमोग्राफी के खिलाफ है।
घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के समर्थकों को धन्यवाद देते हुए कहा गया कि चुनाव आते-जाते रहेंगे, हार-जीत होती रहेगी, लेकिन आदिवासी समाज और उसका अस्तित्व सुरक्षित रहना चाहिए।
पाकुड़, साहिबगंज समेत कई जिलों में आदिवासी समाज और भूमिपुत्रों की जमीन, उनकी बहू-बेटियों की अस्मत की रक्षा करना हमारी प्राथमिकता है। राज्य में आदिवासियों पर अत्याचार या उनके अधिकारों का हनन होने पर हमारा विरोध लगातार जारी रहेगा।
चक्रधरपुर : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत के बाद चक्रधरपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पवन चौक में जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी, आतिशबाज़ी की और लड्डू बांटे।
जश्न में संजय मिश्रा, संजय पासवान, दीपक पासवान, अभिजीत चटर्जी, देवेंद्र मंडल, अशोक दास, गौतम रवानी, अश्वनी प्रामाणिक, अजय दास, आनंद सिंह और कोंदा कर्मकार सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह जीत एनडीए सरकार की नीतियों और जनता के समर्थन का परिणाम है।
पश्चिमी सिंहभूम : कोटगढ़ चौक पर मरंङ गोमके जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर शिरजोन टीम के सदस्यों की बैठक चंद्रो डाबा, कोटगढ़ में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस संबंध में 16 नवंबर (रविवार) को सुबह 10 बजे हाई स्कूल, कोटगढ़ में विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में समिति का विस्तार किया जाएगा और आगे की रूपरेखा तय की जाएगी। कार्यक्रम में आसपास के गांवों के ग्रामीणों, ग्रामीण मुखियाओं, समाजसेवियों और बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक में सुकरा तिरिया, मिलु तिरिया, कुशनु दोरायबुरू, महाती बालमुचू, जुरिया सिंकु, सोनाराम चाम्पिया, रोया चाम्पिया सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
बिहार : महागठबंधन ने बिहार की जनता को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया है। बयान में कहा गया कि भले ही परिणाम चौंकाने वाले हों, लेकिन उनकी लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए है। गठबंधन ने बताया कि वे जनादेश की गहराई से समीक्षा करेंगे और INDIA गठबंधन लोकतंत्र बचाने की अपनी लड़ाई को और मजबूत तरीके से आगे बढ़ाएगा। बयान में यह भी कहा गया कि सच्चाई की जीत होगी और संघर्ष जारी रहेगा।
खुंटपानी : माटकोबेड़ा ग्राम संगठन, खुंटपानी में झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर महिलाओं ने राज्य के 25 वर्ष पूरे होने का उत्सव धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों के स्वागत और सामूहिक प्रार्थना से की गई। महिला समूह की दीदियों ने जेंडर शपथ, स्वास्थ्य शपथ तथा दस सूत्री शपथ ली।
कार्यक्रम में उपस्थित महिला समूहों ने विगत 25 वर्षों में महिलाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए आने वाले पाँच वर्षों में संगठनात्मक मजबूती, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक बदलाव से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। महिलाओं ने पौष्टिक आहार, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का संकल्प लिया।
संगठन द्वारा सामुदायिक निवेश राशि और बैंक से प्राप्त ऋण की शत-प्रतिशत वापसी पर भी जोर दिया गया। बैठक में 4 अति पिछड़ा परिवार तथा 2 एकल/विधवा परिवारों की पहचान कर VRF मद से सहयोग प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
अतिथियों का संबोधन
पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक मनोज रजक ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में महिलाओं की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है और बैंक महिला समूहों को हर संभव सहयोग देगा।
खुंटपानी प्रखंड के अंचल पदाधिकारी श्री फूलेश्वर साव ने भूमि से संबंधित समस्याओं में सहयोग का आश्वासन देते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
राज्य टीम से आए विशिष्ट अतिथि कुणाल कुमार सिन्हा ने कहा कि महिलाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं, लेकिन संगठन को कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर और कार्य करने की आवश्यकता है, जिससे महिलाओं का सर्वांगीण विकास संभव हो सके।
मुख्य अतिथि सिद्धार्थ होनहागा ने अपने संबोधन में नशा मुक्ति, युवाओं को मुख्यधारा और शिक्षा से जोड़ने, बाल विवाह उन्मूलन तथा अंधविश्वास से मुक्ति जैसे मुद्दों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज की उन्नति का आधार है और बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक अशियानी मार्की ने किया तथा सभी अतिथियों और दीदियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर खुंटपानी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्री ग्रेगोरी तिग्गा, सामुदायिक समन्वयक लक्ष्मी सवैंया, प्रतिमा गोप तथा सेतु दीदी सुनिता तियु उपस्थित रहीं।
खरसावां–सरायकेला : झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार शुक्रवार को विभिन्न गांवों में जागरूकता आधारित नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए।
छऊ नृत्य कला केंद्र के कलाकारों ने खरसावां प्रखंड के हरिभंजा पंचायत अंतर्गत खिलाडीसाई और चिलकू गांव में प्रस्तुति दी। वहीं लोक कला मंच खरसावां के कलाकारों ने सरायकेला प्रखंड के पांड्रा और पठानमारा में कार्यक्रम किया।
महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस
नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कलाकारों ने महिला सुरक्षा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नाटकों में महिलाओं और बालिकाओं को— छेड़खानी, उत्पीड़न, साइबर अपराध जैसी समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया।
कलाकारों ने संदेश दिया कि महिलाओं को अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए, चुप्पी तोड़कर हर गलत का डटकर विरोध करना चाहिए। समाज को भी महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
नशा मुक्ति व स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम में नशा मुक्ति, स्वच्छता जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेश भी दिए गए, ताकि समुदाय में सकारात्मक सोच और जागरूकता बढ़े।
सड़क दुर्घटना में तुरंत मदद का संदेश
नुक्कड़ नाटक में सड़क सुरक्षा को भी प्रमुखता दी गई। कलाकारों ने बताया कि यदि किसी की सड़क दुर्घटना होती है, तो उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है।
रक्तदान की अपील और शपथ
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के फायदे बताए गए और ग्रामीणों से नियमित रक्तदान करने की अपील की गई। लोगों को — नशा मुक्ति , सामाजिक जिम्मेदारी , महिला सुरक्षा , दुर्घटना में तुरंत अस्पताल पहुंचाने , रक्तदान की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
चाईबासा : सुप्रीम कोर्ट द्वारा सारंडा मामले पर आए फैसले के बाद 16 नवंबर को प्रस्तावित आर्थिक नाकेबंदी को स्थगित कर दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट और राज्य सरकार ने सारंडा के आदिवासी मूलवासियों को विस्थापित नहीं करने की मांग स्वीकार की है। यह जानकारी कोल्हान-पोड़ाहाट सारंडा बचाओ समिति के महासचिव बुधराम लागुरी ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अदालत में रखे गए पक्ष को सुप्रीम कोर्ट ने गंभीरता से सुना और सारंडा वासियों के हित में निर्णय दिया। इस फैसले के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और उच्चतम न्यायालय का आभार व्यक्त किया।
कुमारडुंगी : मझगांव विधानसभा क्षेत्र के कुमारडुंगी प्रखंड के बूड़ासाई गांव में दो महीने से जला 63 केवी ट्रांसफार्मर नहीं बदलने के कारण गांव अंधेरे में डूबा हुआ था। बिजली की लगातार समस्या से परेशान ग्रामीण लगातार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से समाधान की मांग कर रहे थे, लेकिन ट्रांसफार्मर उपलब्ध न होने से समस्या बनी रही।
बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई, पेयजल आपूर्ति और दैनिक कामकाज पर गंभीर असर पड़ा। रात में अंधेरे के कारण सुरक्षा संबंधी चिंताएँ भी बढ़ गई थीं। ग्रामीणों ने कई बार सांसद, विधायक और स्थानीय प्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थिति की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई चाईबासा विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात कर तत्काल ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उनकी पहल पर विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नया 63 केवी ट्रांसफार्मर भेज दिया।
गागराई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली जैसी मूलभूत सुविधा का बाधित होना चिंताजनक है और जनता की समस्याओं का समाधान समय पर होना चाहिए। उन्होंने विभाग और कार्यकर्ताओं को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री और विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे इंतजार के बाद अब गांव में फिर से रोशनी लौट रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी समस्याओं का समाधान समय पर किया जाएगा।
मंझारी : उत्क्रमित उच्च विद्यालय उकुमादकम में मंगलवार को बाल दिवस और विद्यालय की रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में पूर्व-संध्या समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर बच्चों के उत्साह, शिक्षकों की भागीदारी और ग्रामीणों के सहयोग से जीवंत दिखा।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए विविध प्रतियोगिताएँ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, नृत्य, क्विज़ और प्रेरक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रधानाध्यापक सिकन्दर बिरुवा ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बच्चे समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की पहचान हैं। उन्होंने विद्यालय की 25 वर्षों की शिक्षा यात्रा, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर भी बात की।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता और झारखंड विषयक क्विज़ में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। झारखंड क्विज़ में जस्मति हेस्सा प्रथम, बुधन सिंह बारी द्वितीय और जयन्ती तामसोय व निरानी तामसोय संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
बाल दिवस पर बच्चों ने जनजातीय नृत्य, देशभक्ति गीत और समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान शारीरिक शिक्षक मंजीत सिंह बोयपाई ने बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य, व्यायाम, खेल भावना और स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। स्थानीय ग्रामीण बनमाली तामसोय ने लोकगीत और प्रेरक कहानियों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा और जीवन मूल्यों का संदेश दिया।
कार्यक्रम में साधो तियु, कृष्णा चन्द्र सोरेन, पींकी कालुन्डिया, सावित्री बोबोंगा सहित कई शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी, अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाध्यापक और ग्रामीणों ने बच्चों को शुभकामनाएँ देते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न घोषित किया।
चाईबासा : झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के JSLPS द्वारा गठित सभी 1308 ग्राम संगठनों में 14 नवंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। रजत जयंती वर्ष के इस अवसर पर ग्रामीण सशक्तिकरण को लेकर नए संकल्प लिए गए।
कार्यक्रम में 15 हज़ार से अधिक महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ग्राम संगठनों में स्वास्थ्य, शिक्षा और लैंगिक समानता के मुद्दों पर सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके अलावा, झारखंड की पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों और विकास यात्रा पर चर्चा की गई और भविष्य के 25 वर्षों के लिए कार्ययोजना तय की गई।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कैडर और सखी मंडलों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।