चक्रधरपुर | शहर की ऐतिहासिक धरोहर माने जाने वाले रानी तालाब के सौंदर्यीकरण को लेकर नगर परिषद ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने जानकारी देते हुए बताया कि रानी तालाब सौंदर्यीकरण परियोजना का डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तैयार कर लिया गया है। आगामी एक सप्ताह के भीतर निविदा प्रकाशित कर दी जाएगी, जिसके बाद परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि रानी तालाब केवल एक जलस्रोत नहीं, बल्कि चक्रधरपुर शहर की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लंबे समय से इसके विकास और संरक्षण की मांग स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक सुखराम उरांव ने इस परियोजना को लेकर लगातार प्रयास किया। विधायक ने कई बार विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने के साथ ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रानी तालाब के सौंदर्यीकरण को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग भी की थी।

सन्नी उरांव ने कहा कि लगातार प्रयासों का ही परिणाम है कि अब परियोजना का डीपीआर तैयार हो चुका है और जल्द ही कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद रानी तालाब क्षेत्र शहरवासियों के लिए एक आकर्षक, स्वच्छ और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।

परियोजना के तहत तालाब परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। साथ ही साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय पर्यटन और छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
रानी तालाब के सौंदर्यीकरण को लेकर शहरवासियों में भी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

