चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंझारी थाना क्षेत्र के कई गांवों में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम ने ग्राम तिलैपी, कुम्मराम, लमजोरी एवं भागाविला में एक साथ दबिश देकर अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया।

छापेमारी अभियान के दौरान टीम ने कुल 11.05 लीटर बीयर, 9.375 लीटर विदेशी शराब तथा 5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद कर जब्त किया। कार्रवाई के क्रम में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जिला उपायुक्त के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की बिक्री और निर्माण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों की सेहत और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए जिले में इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रखने की मांग की है।

