कोल्हान

चाईबासा नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की अहम बैठक

चाईबासा नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की अहम बैठक

चाईबासा : नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष श्रीमती गीता बालमुचू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य चाईबासा नगर परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक चर्चा करना था।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार कोल्हान प्रमंडल के नगर निकाय चुनाव के लिए गठित संयोजक मंडली में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेन्द्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने यह निर्देश दिया है कि चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड सदस्य पदों के लिए पार्टी के समर्पित और योग्य कार्यकर्ताओं में से आपसी सहमति से उम्मीदवार का चयन किया जाए।
उन्होंने संगठन की मजबूती, अनुशासन और एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सभी पदों पर सर्वसम्मति से उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिससे चुनाव में पार्टी को मजबूती मिले।
बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगर परिषद चुनाव से जुड़े प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।

ईचागढ़ क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 11 वाहन जांच में पकड़े गए

ईचागढ़ क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 11 वाहन जांच में पकड़े गए

सरायकेला-खरसावां : उपायुक्त के निर्देशानुसार शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे ईचागढ़ थाना क्षेत्र के वीरडीह एवं जारगोडीह इलाके में बालू के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ औचक जांच अभियान चलाया गया।
इस अभियान का नेतृत्व जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने किया। उनके साथ पुलिस निरीक्षक चांडिल, खान निरीक्षक समीर ओझा, ईचागढ़ एवं चौका थाना प्रभारी तथा स्थानीय पुलिस बल मौजूद थे।
जांच के दौरान बालू लदे वाहनों को रोककर उनके परिवहन से संबंधित कागजात, मात्रा एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों की जांच की गई। इस क्रम में 11 वाहनों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। संबंधित वाहनों के पंजीकरण नंबर हैं—
JH05AN4391, JH05CM0964, JH05CL6211, JH05BR8908, JH05CG8611, JH01BM7176, JH02AT7414, JH01DB5233, JH02AW1529, JH10AV7901 एवं JH16A9226।
मिली जानकारी के अनुसार, इन अनियमितताओं के चलते सभी वाहनों को खनन विभाग के आधिकारिक JIMMS पोर्टल पर लॉक किया जा रहा है। अब संबंधित वाहन स्वामियों द्वारा नियमानुसार जुर्माना राशि जमा किए बिना किसी भी प्रकार का परिवहन चालान जारी नहीं किया जाएगा।
जांच में मुख्य रूप से बिना तिरपाल ढके बालू का परिवहन, वाहन की रजिस्ट्रेशन संख्या मिटाना या छुपाना जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी को भी पत्राचार किया जा रहा है, ताकि मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध खनन, भंडारण अथवा परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त व निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।



सरायकेला के राणीसती मंदिर में वार्षिक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न

सरायकेला के राणीसती मंदिर में वार्षिक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न

सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र स्थित राणीसती मंदिर में वार्षिक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महोत्सव के पहले दिन मेहंदी उत्सव, राणी सती दादी का मंगल पाठ, श्रृंगार तथा प्रसाद की व्यवस्था की गई।
महोत्सव के दूसरे दिन दादी का भव्य श्रृंगार किया गया, छप्पन भोग अर्पित किया गया और अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। इस दौरान महिलाओं ने रंग-बिरंगी चुनरी ओढ़कर मधुर भजनों पर नृत्य किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
यह महोत्सव राणीसती दादी की पूजा और भक्ति के साथ-साथ समाज के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर रहा, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मनोज चौधरी, पवन अग्रवाल, विकास चौधरी, विपिन चौधरी, संजय सेकसरिया, राजकुमार अग्रवाल, अरुण सेक्सरिया, ललित चौधरी, रतन चौधरी, आशीष अग्रवाल, वितेश चौधरी, रवि अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, संजय चौधरी, सत्यनारायण अग्रवाल सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

सरायकेला गेस्ट हाउस परिसर में दुर्गा मंदिर निर्माण का भूमि पूजन

सरायकेला गेस्ट हाउस परिसर में दुर्गा मंदिर निर्माण का भूमि पूजन

सरायकेला : सरायकेला नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत गेस्ट हाउस परिसर में सनातनी दुर्गा पूजा समिति द्वारा देवी दुर्गा मंदिर निर्माण की आधारशिला बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर रखी गई। इस अवसर पर मनोज चौधरी और अशोक मिश्रा यजमान के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूजा विधि आचार्य अंबुज पाठक ने संपन्न कराई।
उल्लेखनीय है कि सनातनी दुर्गा पूजा समिति बीते दो वर्षों से गेस्ट हाउस क्षेत्र में गेस्ट हाउसवासियों, प्रबुद्धजनों, श्रद्धालुओं एवं जिला प्रशासन के सहयोग से भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन करती आ रही है, जिससे क्षेत्र को अलग पहचान मिली है। हाल ही में आम जनों की बैठक में उक्त स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण का निर्णय लिया गया था।
भूमि पूजन के साथ ही गेस्ट हाउस क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। समिति के सदस्यों ने बताया कि देवी दुर्गा मंदिर निर्माण का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा।

आदित्यपुर में गौड़ सेवा संघ का 35वां संकल्प दिवस धूमधाम से मनाया गया

आदित्यपुर में गौड़ सेवा संघ का 35वां संकल्प दिवस धूमधाम से मनाया गया

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत आदित्यपुर के आसंगी बस्ती में शुक्रवार को गौड़ सेवा संघ का 35वां संकल्प दिवस समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गौड़ सेवा संघ के पदाधिकारियों द्वारा समाज के झंडोत्तोलन के साथ की गई। इसके बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस तथा संस्थापक स्व. देवीलाल प्रधान और स्व. चतुर्भुज बारिक के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए गए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि मानव एक सामाजिक प्राणी है और समाज में रहकर सामाजिक कार्यों में भागीदारी निभाना जरूरी है। उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। चंपाई सोरेन ने कहा कि भाषा, संस्कृति और परंपरा ही हमारी पहचान है, इसलिए इसके संरक्षण को लेकर समाज को सजग रहना चाहिए। उन्होंने नशा और जुए को समाज के विकास में बाधक बताते हुए इससे दूर रहने की सलाह दी तथा महिलाओं को समाज के विकास में अहम भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही उन्होंने गौड़ समाज के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि गौड़ सेवा संघ स्टेयरिंग कमेटी के चेयरमैन मारकंडो महाकुड़ ने संगठन की स्थापना से लेकर वर्तमान तक के सफर की जानकारी दी। गौड़ सेवा संघ के अध्यक्ष पितोवास प्रधान ने कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य समाज का सर्वांगीण विकास करना है। इसके लिए गौड़ सेवा संघ द्वारा ‘गौड़ विकास रथ’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जो गौड़ बहुल गांवों में जाकर शिक्षा एवं अन्य विषयों पर लोगों को जागरूक कर रहा है।
गौड़ सेवा संघ के महासचिव भास्कर महाकुड़ ने युवाओं से लक्ष्य पर केंद्रित रहते हुए समाज से जुड़कर समाजहित में कार्य करने की अपील की।
संकल्प दिवस समारोह में कोल्हान समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए और समाज के कल्याण एवं विकास को लेकर आयोजित सामाजिक परिचर्चा में भाग लिया। इस अवसर पर समाज में उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि द्वारा समाज की एक स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में गौड़ सेवा संघ के कोषाध्यक्ष चीनीवास प्रधान सहित भास्कर महाकुड़, मायाधर बेहरा, अशोक प्रधान, हरेकृष्ण प्रधान, मुरलीधर प्रधान, नागेश्वर प्रधान, काशीनाथ प्रधान, कृष्णा प्रधान, रंजीत प्रधान, दीपक गिरी, अश्वनी प्रधान, कलाकार गौड़, प्रमेश्वर प्रधान, हेमसागर प्रधान, अभिमन्यु गोप, प्रहलाद गोप, यशवंत प्रधान, जगन्नाथ प्रधान, मनोहर गोप, कमल महाकुड़, राजू प्रधान समेत हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।

हाथी प्रभावित गांवों में राहत सामग्री का वितरण, सुरक्षा के निर्देश जारी

हाथी प्रभावित गांवों में राहत सामग्री का वितरण, सुरक्षा के निर्देश जारी

पश्चिम सिंहभूम : मझगांव प्रखंड के बेनीसागर, घोड़ाबंदा, नयागांव, मझगांव पंचायत सहित अन्य हाथी प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ित परिवारों के बीच पटाखा, टॉर्च, चावल, तिरपाल सहित आवश्यक राहत सामग्री का वितरण किया गया।

बताया गया कि बीते 15–20 दिनों से क्षेत्र में हाथियों का आतंक बढ़ा है, जिससे जन-धन की हानि हुई है। हाथी हमले में जान गंवाने वाले परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

वन विभाग के अधिकारियों को प्रभावित गांवों के आसपास टीम तैनात कर हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें और हाथी दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

प्रशासन ने कहा है कि जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समस्या के समाधान के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

चाईबासा : वार्ड संख्या 12 से फिरोज अशरफ ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में की दावेदारी

चाईबासा : वार्ड संख्या 12 से फिरोज अशरफ ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में की दावेदारी

चाईबासा : नगर परिषद चाईबासा के वार्ड संख्या 12 से कांग्रेस समर्थित वार्ड पार्षद उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस के पूर्व थाना अध्यक्ष फिरोज अशरफ ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नाम संबोधित आवेदन पत्र नगर निकाय चाईबासा के पर्यवेक्षक त्रिशानु राय को सौंपा।
फिरोज अशरफ ने आवेदन में उल्लेख किया कि वे कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर रहकर लंबे समय से पार्टी के हित में कार्य करते आ रहे हैं। सामाजिक संगठनों से जुड़े रहने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय सहभागिता के चलते उनका वार्ड के लोगों से निरंतर संपर्क बना हुआ है। उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 12 का सर्वांगीण विकास ही उनका प्रमुख उद्देश्य है।
इस मौके पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष मो. सलीम, उपाध्यक्ष मो. एहसान सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

आदिवासी मूलनिवासी युवाओं के अपराध की ओर बढ़ने के कारणों पर गंभीर शोध की आवश्यकता:- धी. रामहरि पेरियार

आदिवासी मूलनिवासी युवाओं के अपराध की ओर बढ़ने के कारणों पर गंभीर शोध की आवश्यकता:- धी. रामहरि पेरियार

चाईबासा : मानव अधिकार परिषद, झारखंड प्रदेश महासचिव सह पूर्व लोकसभा, विधानसभा प्रत्याशी रहे धी. रामहरि पेरियार ने गुरुवार को पश्चिम सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत किरीबुरू मुठभेड़ से संबंधित प्रकाशित समाचारों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर कार्रवाई हुई, उनमें अधिकांश हमारे अपने आदिवासी मूलनिवासी समाज से थे। यह स्थिति न केवल अत्यंत दुखद है, बल्कि यह पूरे समाज और शासन व्यवस्था के लिए गंभीर आत्ममंथन की मांग भी करती है।
       उन्होंने कहा कि यह सवाल बेहद महत्वपूर्ण है कि आखिर इतने वर्षों तक आदिवासी युवाओं को यह रास्ता क्यों चुनना पड़ा? क्या इसके पीछे बेरोजगारी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कमी, जल-जंगल-जमीन से बेदखली, सामाजिक उपेक्षा, राजनीतिक उपेक्षा या प्रशासनिक विफलता जैसे कारण जिम्मेदार हैं? जब विकास के अवसर सीमित होते हैं और संवैधानिक अधिकारों का संरक्षण नहीं होता, तब हाशिए पर खड़ा समाज गलत रास्तों की ओर धकेला जाता है।
धी. पेरियार ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है, लेकिन उससे कहीं अधिक जरूरी है उन सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच करना, जिन्होंने इन युवाओं को अपराध की ओर धकेला। केवल मुठभेड़ों और दमनात्मक कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। स्थायी समाधान के लिए मूल कारणों पर आधारित गंभीर शोध, संवेदनशील नीति निर्माण और जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्यान्वयन अनिवार्य है।
*उन्होंने सरकार और प्रशासन से निम्नलिखित ठोस मांगें रखीं*:-
1. इस पूरे मामले की सामाजिक, आर्थिक और मानवाधिकार दृष्टिकोण से स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए।
2. आदिवासी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्थायी रोजगार और सम्मानजनक आजीविका के ठोस अवसर सुनिश्चित किए जाएं।
3. जल, जंगल और जमीन से जुड़े संवैधानिक अधिकारों का ईमानदारी और प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए।
4. आदिवासी युवाओं के लिए विशेष पुनर्वास, कौशल विकास और स्वरोजगार योजनाएं लागू की जाएं।
5. स्थानीय समुदायों को निर्णय प्रक्रिया में सहभागी बनाया जाए, ताकि नीतियां ज़मीनी सच्चाइयों के अनुरूप बन सकें।
धी. पेरियार ने कहा कि यह केवल कुछ व्यक्तियों की मौत का मामला नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज और व्यवस्था की असफलताओं का आईना है। यदि समय रहते ठोस और संवेदनशील कदम नहीं उठाए गए, तो यह संकट और गहराएगा। अब समय आ गया है कि गोली नहीं, समाधान की राजनीति हो, दमन नहीं, बल्कि विकास, न्याय और अधिकार की राजनीति हो।

हाट गम्हरिया वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात, चार घर क्षतिग्रस्त, वन विभाग ने दिया तात्कालिक राहत

हाट गम्हरिया वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात, चार घर क्षतिग्रस्त, वन विभाग ने दिया तात्कालिक राहत

चाईबासा : हाट गम्हरिया वन क्षेत्र अंतर्गत सुंडी सुरनिया एवं हेसा सुरनिया गांव में जंगली हाथियों ने चार घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा।

वन विभाग की टीम द्वारा प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल राहत के रूप में चावल एवं नकद राशि प्रदान की गई। साथ ही हाथियों से बचाव के लिए सुंडी सुरनिया गांव में पटाखे और मुआवजा फॉर्म वितरित किए गए। हेसा सुरनिया के रेगो साईं, लोदोबासा एवं मुंडा साईं को एक-एक पैकेट पटाखा दिया गया, जबकि सुंडी सुरनिया के बागनबासा में पटाखे के साथ मुआवजा फॉर्म उपलब्ध कराया गया।

पीड़ित धूम हेस्सा एवं उनके परिवार को भी तात्कालिक आर्थिक सहायता दी गई। इस अवसर पर वन अधिकारी शनिचर हांसदा ने सुंडी सुरनिया संयुक्त वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष वीर सिंह हेस्सा एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में 12 किलो चावल एवं ₹500 नगद प्रदान किए।

इसके अलावा हेसा सुरनिया गांव में वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को ‘हमार हाथी ऐप 2.0’ के उपयोग एवं लाभ की जानकारी दी गई। ग्रामीणों से अपील की गई कि हाथी दिखाई देने पर तुरंत ऐप के माध्यम से सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

कोल्हान विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए बस सेवा की मांग

कोल्हान विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए बस सेवा की मांग

चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय, टाटा कॉलेज, जीसी जैन कमर्स कॉलेज, महिला कॉलेज और आईटीआई कॉलेज सहित अन्य कॉलेजों के छात्रों के लिए सस्ती और नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अनीष गोप और कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने गुरुवार को कुलपति की अनुपस्थिति में सहायक वीसी सेल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि प०सिंहभूम जिले के दूरदराज क्षेत्रों से प्रतिदिन लंबे सफर करके छात्र शिक्षा के लिए आते हैं। वर्तमान में सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बस समय पर नहीं मिलने से छात्र महत्वपूर्ण कक्षाओं को मिस कर रहे हैं। निजी वाहनों और टैक्सी का खर्च भी अधिक है और देर शाम कक्षाएं खत्म होने के बाद घर लौटने में सुरक्षा का भी खतरा रहता है।
इसलिए छात्रों ने मुख्य रूटों पर विश्वविद्यालय की नियमित बस सेवा चलाने, स्टूडेंट पास के माध्यम से रियायती किराए की व्यवस्था करने और बसों का समय कक्षाओं के अनुसार निर्धारित करने की मांग की। मौके पर एनएसयूआई के जिला महासचिव आर्य प्रकाश सोय, सदस्य साहिल बिरुली, रूप सिंह बिरुली, हरिहर सावैयां और राजवीर प्रधान भी मौजूद थे।