चक्रधरपुर | चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार देर रात असलम चौक के समीप छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 जून 2026 की रात लगभग 10:55 बजे सूचना प्राप्त हुई थी कि मोटरसाइकिल संख्या JH05CP-6025 पर सवार एक व्यक्ति असलम चौक के आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम जब असलम चौक पहुंची, तो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर बैठा हुआ मिला। पुलिस वाहन को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से उसे वाहन सहित पकड़ लिया गया।

इसके बाद उसे थाना लाया गया, जहां सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति में पूछताछ की गई।

पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान एहतेशाम वकार (पिता–अफताब आलम), निवासी पापड़हाता, थाना चक्रधरपुर, जिला पश्चिम सिंहभूम के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। साथ ही उसने इस अवैध कारोबार से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

इस संबंध में चक्रधरपुर थाना कांड संख्या 69/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(ए) एवं 21(ए) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच में जुटी हुई है।


