maskal.news

1033 Posts
कांग्रेस भवन में संगठनात्मक तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक

कांग्रेस भवन में संगठनात्मक तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक

चाईबासा : कांग्रेस भवन में मंगलवार को ग्राम पंचायत कांग्रेस कमिटी और वार्ड कांग्रेस कमिटी के गठन, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) चयन तथा फॉर्म-2 भरने की प्रगति की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, जिला पर्यवेक्षक एवं पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू, अनुभाग प्रमुख सूर्यकांत शुक्ला और अमुल्य नीरज खलखो मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन निर्माण अभियान की प्रगति की समीक्षा की और आगे की कार्ययोजना साझा की। उन्होंने बताया कि मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी हो चुकी है और पंचायत व वार्ड स्तर पर 12 सदस्यीय कमिटियों का गठन शीघ्र पूरा किया जाएगा। इन कमिटियों में सभी जातियों, वर्गों और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। हर बूथ पर एक बीएलओ कार्य करेगा, जो बीएलए के साथ मिलकर मतदाता सूची पुनरीक्षण में सहयोग देगा।

उन्होंने कहा कि पंचायत कमिटी के अध्यक्ष ही मंडल कमिटी के सदस्य होंगे तथा पंचायत कमिटी की मासिक बैठक में मंडल अध्यक्ष की उपस्थिति अनिवार्य होगी। संगठन द्वारा तैयार विशेष ऐप के माध्यम से निगरानी और निर्देश साझा किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी संगठन को मजबूत करने के लिए जिला और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को अधिक अधिकार दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगे के चार वर्ष संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने 14 दिसंबर 2025 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित “वोट चोर गद्दी छोड़” महारैली में जिले से अधिक से अधिक कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक कार्यक्रमों को समय पर पूरा करना आवश्यक है ताकि पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत ढांचा तैयार किया जा सके।

अनुभाग प्रमुख सूर्यकांत शुक्ला और अमुल्य नीरज खलखो ने बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और समय पर कमिटी गठन पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक के दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी का जन्मदिन भी मनाया गया। कांग्रेसजनों ने केक काटकर उनके दीर्घायु की कामना की। कार्यक्रम संचालन जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने किया और धन्यवाद ज्ञापन नगर अध्यक्ष मो. सलीम ने दिया। बैठक में कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

चक्रधरपुर : हथियारबंद अपराधियों ने युवक से लूटपाट, कटारी से हमला कर मोबाइल–नकद लेकर फरार

चक्रधरपुर : हथियारबंद अपराधियों ने युवक से लूटपाट, कटारी से हमला कर मोबाइल–नकद लेकर फरार

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर–खरसावां मुख्य मार्ग पर पुरनियां स्कूल के पास सोमवार शाम करीब 6 बजे हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक पर हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुई।

जानकारी के अनुसार, चक्रधरपुर के बिरसा स्टैचू के पास रहने वाले भागीरथ राव टाटा से घर लौट रहे थे। रास्ते में पहले एक ऑटो, फिर बाइक सवार चार युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक किया। कुछ दूरी आगे जाने पर बाइक सवार अपराधियों ने उनकी गाड़ी रोक ली और कटारी से हमला करते हुए पिस्टल दिखाकर लूटपाट की।

मंकी कैप और मफलर से चेहरा ढके अपराधियों ने भागीरथ राव से 3,000 रुपये नकद, पेटीएम में मौजूद 8,000 रुपये, मोबाइल फोन और हेलमेट छीन लिया और फरार हो गए।

बताया जाता है कि भागीरथ राव टाटा टेल्को के पेप्सिको में सेल्समैन के रूप में काम करते थे और एक दोस्त की शादी के लिए पटाखे लेकर चक्रधरपुर आ रहे थे। घटना के बाद वे किसी तरह चक्रधरपुर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। फिलहाल मुफस्सिल थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सारजोम युवा फाउंडेशन की बैठक में सामाजिक मुद्दों पर चर्चा

सारजोम युवा फाउंडेशन की बैठक में सामाजिक मुद्दों पर चर्चा

जमशेदपुर : सारजोम युवा फाउंडेशन के अध्यक्ष सागर हेंब्रम की अगुवाई में सोमवार, 8 दिसंबर 2025 को दुःखू टोला करनडीह में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई, जहां सभी सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव और विचार साझा किए।

सदस्यों ने बेहतर समाज निर्माण के लिए गंभीर चिंतन किया और वर्तमान समय में हो रहे बदलावों पर भी अपनी राय व्यक्त की। बैठक में सभी ने यह संकल्प लिया कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है।

अंत में अध्यक्ष सागर हेंब्रम ने कहा कि समाज को बेहतर बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर जमीनी स्तर पर काम करना होगा।
सफल बनाने में मकी हेंब्रम, रजनी दोराई, फूलो सवैया, संगीता बोदरा एवं अन्य मौजूद थे।

जगन्नाथपुर: पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा ने बालू के अवैध कारोबार के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

जगन्नाथपुर: पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा ने बालू के अवैध कारोबार के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

जगन्नाथपुर : पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी की अनुपस्थिति में एलआरडीसी और अंचल अधिकारी मनोज मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि झारखंड उच्च न्यायालय ने पेशा नियमावली लागू होने तक पूरे राज्य में बालू उठाव पर रोक का स्पष्ट आदेश दिया है, लेकिन इसके बावजूद पश्चिमी सिंहभूम जिले में सत्तापक्ष और विपक्ष से जुड़े कई नेताओं के संरक्षण में बड़े पैमाने पर अवैध बालू कारोबार जारी है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इस अवैध कारोबार के कारण आम लोगों को घर बनाने के लिए बालू काफी महंगे दामों पर खरीदना पड़ रहा है। अवैध कारोबार से अबुवा आवास समेत कई सरकारी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। जगन्नाथपुर और जैंतगढ़ क्षेत्र बालू की अवैध ढुलाई के केंद्र बन चुके हैं, जहां सैकड़ों हाईवा और ट्रैक्टर खुलेआम बालू ढोते हैं। ट्रैक्टर मालिकों को भी माफियाओं को मनमाना शुल्क देकर गाड़ियां चलानी पड़ रही हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 06 नवंबर 2025 को मुंडूई गांव के निवासी दीपक प्रधान की बालू माफियाओं ने कथित रूप से वाहन से कुचलकर हत्या कर दी थी। वह इस अवैध कारोबार का विरोध करते थे, लेकिन घटना को दुर्घटना बताकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जो जांच का विषय है।

पूर्व विधायक बोबोंगा ने आरोप लगाया कि खनन विभाग और पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार निर्बाध रूप से चल रहा है। थाना प्रभारी से लेकर सर्किल इंस्पेक्टर और छोटे कर्मचारियों तक अवैध वसूली की दरें तय हैं। अवैध कारोबार का विरोध करने वालों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि माफिया इस धंधे से मालामाल हो रहे हैं और उनकी बेनामी संपत्ति तेजी से बढ़ी है, जिसकी जांच होनी चाहिए। बोबोंगा ने दीपक प्रधान की हत्या की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलनकारी मिलकर बालू लदे ट्रैक्टर और हाईवा पकड़कर पुलिस के हवाले करेंगे।

मौके पर झारखंड आंदोलनकारी जगमोहन सिंकु उर्फ जग्गू, अशोक पान, फिरोज अहमद, सीताराम लागुरी, कृष्णा सिंकु, मंजीत कोड़ा, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के अनुमंडल अध्यक्ष बलराम लागुरी सहित कई लोग उपस्थित थे।

मझगांव–जगन्नाथपुर में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी आमसभा की तैयारी—पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई सक्रिय, संगठन को मजबूत करने पर फोकस

मझगांव–जगन्नाथपुर में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी आमसभा की तैयारी—पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई सक्रिय, संगठन को मजबूत करने पर फोकस

चाईबासा : पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई देवघर से लौटते ही सक्रिय हो गए। लौटने के बाद उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र मझगांव का दौरा किया और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन विस्तार व आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा की। संगठन को मजबूत करने की दिशा में यह उनकी पहली बड़ी पहल मानी जा रही है।

पत्रकारों से बात करते हुए गागराई ने बताया कि उनका अगला कार्यक्रम जगन्नाथपुर विधानसभा में होगा। यहां बड़ा जामदा में एक विशाल आमसभा आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना और अवैध खनन व अवैध बालू ढुलाई के खिलाफ लोगों में जागरूकता फैलाना है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में रोजगार की स्थिति बेहद खराब है और बड़ी संख्या में लोग पलायन को मजबूर हैं। केवल पश्चिम सिंहभूम जिले में ही 40 खदानें बंद पड़ी हैं, इसके बावजूद अवैध खनन लगातार जारी है। गागराई ने आरोप लगाया कि इस अवैध खनन में जिला प्रशासन, वन विभाग और खनन विभाग की मिलीभगत है, जिसके कारण सरकार को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार अवैध खनन से पूरी तरह अवगत होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे स्पष्ट होता है कि ऐसी गतिविधियों को परोक्ष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है।

गागराई ने बताया कि आगामी आमसभा में वे जनता को अवैध खनन की वास्तविक स्थिति, उसके दुष्परिणाम और सरकार की कथित निष्क्रियता के बारे में जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष कर रही है और अवैध खनन, पर्यावरणीय नुकसान, राजस्व हानि तथा पलायन जैसे मुद्दों पर व्यापक जनसंवाद की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर वे लगातार जनसंपर्क अभियान चलाएंगे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का निर्देश दिया गया है। बड़ी सभा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और जल्द ही तिथि व विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।

चाईबासा : KNT चाईबासा/CKP सेंटर के तीन स्टूडेंट्स को उद्योग विभाग में कीटपालक पद पर मिली नियुक्ति

चाईबासा : KNT चाईबासा/CKP सेंटर के तीन स्टूडेंट्स को उद्योग विभाग में कीटपालक पद पर मिली नियुक्ति

चाईबासा : KNT चाईबासा/CKP सेंटर के तीन प्रशिक्षुओं को 28 नवंबर 2025 को झारखंड सरकार द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। नियुक्ति प्राप्त करने के बाद इन स्टूडेंट्स ने उद्योग विभाग में कीटपालक (Insect Keeper) के पद पर योगदान दे दिया है।

योगदान के उपरांत स्टूडेंट्स ने विभागीय कार्यालय के सामने समूह फोटो साझा किया, जिसमें उनके चेहरों पर आत्मविश्वास और खुशी साफ झलक रही है।

योगदान के बाद तीनों स्टूडेंट्स द्वारा विभागीय कार्यालय परिसर में ली गई तस्वीरें साझा की गईं, जिसमें उनके चेहरों पर दिख रहा आत्मविश्वास और संतोष उनके नए दायित्वों के प्रति उत्साह को दर्शाता है।

फोटो में :-

1. सुश्री लक्ष्मी बानरा


2. सुश्री सुशीला बिरुवा


3. सुश्री जयंती समद, जो अपने बच्चे को गोद में लिए हुए दिखाई दे रही हैं। सुश्री समद कुचाई प्रखंड की निवासी हैं।


KNT परिवार ने तीनों स्टूडेंट्स को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

केंद्रपोसी में चेंजिंग इंडिया फाउंडेशन द्वारा कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित

केंद्रपोसी में चेंजिंग इंडिया फाउंडेशन द्वारा कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित

चाईबासा : चेंजिंग इंडिया फाउंडेशन, चाईबासा की ओर से एस.आर. रुंगटा ग्रुप के सहयोग से हाटगमहरिया प्रखंड के केंद्रपोसी गांव में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बढ़ती ठंड को देखते हुए संस्था प्रतिवर्ष जरूरतमंद परिवारों के बीच कंबल वितरण कर राहत पहुंचाने का कार्य करती है।

कार्यक्रम के दौरान प्रमुख शत्रुघ्न हेंब्रम ने ग्रामीणों को एकत्रित कर संस्था द्वारा संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरण जरूरतमंद परिवारों को बड़ी सहायता प्रदान करेगा।

वितरण समारोह में प्रताप कटियार, महतो चूमरू चातोम्बा, ब्रजमोहन चातोम्बा, देवेंद्र कुमार, चंद्र मोहन तियू, मणिकांत पोद्दार, अधिकांश कुमार और श्याम चातोम्बा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

चाईबासा: पांपड़ा चौक में 5,000₹ इंट्री वसूली का वीडियो, यह कानून नहीं, खुलेआम लूट है:- धी. रामहरि पेरियार

चाईबासा: पांपड़ा चौक में 5,000₹ इंट्री वसूली का वीडियो, यह कानून नहीं, खुलेआम लूट है:- धी. रामहरि पेरियार

चाईबासा : एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष धी. रामहरि पेरियार ने आज सोमवार सुबह पांपड़ा चौक का ताजा वीडियो जारी करते हुए कहा कि सुबह लगभग 7:30 बजे का यह वीडियो साफ दिखाता है कि तांतनागर–बरकुंडीहा मार्ग पर मुुफ्फस्सिल थाना प्रभारी 5,000₹ इंट्री वसूली का खुला दबाव बना रहे हैं। जिसने पैसा दिया उसका ट्रैक्टर बेधड़क चल रहा, जिसने नहीं दिया उसे रोककर कहा जा रहा है कि शाम तक हर ट्रैक्टर का इंट्री हो जाना चाहिए, नहीं तो कल से धर–पकड़ कर थाना ले जाया जाएगा। यह पुलिसिंग नहीं—वर्दी में छिपी संगठित वसूली है।

पहले भी दो पुलिसकर्मी वसूली में पकड़े गए थे,फिर भी गिरोह सक्रिय

पेरियार ने याद दिलाया कि विगत कुछ दिनों पहले भी मुफस्सिल थाना के दो पुलिसकर्मियों का अवैध वसूली करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। दोनों सस्पेंड हुए, लेकिन अब तक उन पर विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। विभाग अपनी नाकामी छुपाने के लिए सिर्फ सस्पेंड और लाइन हाजिरी को कार्रवाई बताकर खानापूर्ति कर रहा है। लाइन हाजिरी कोई सजा नहीं, यह भ्रष्टाचार को बचाने का तरीका है।

उन्होंने कहा कि लगातार दो-दो वीडियो सामने आने के बावजूद कार्रवाई का स्तर यह दिखाता है कि पूरे सिस्टम में गहरी सांठगांठ है। यह किसी एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि एक स्थापित नेटवर्क की कार्यशैली है।

तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग

धी. रामहरि पेरियार ने उपायुक्त चाईबासा, मुख्यमंत्री झारखंड, झारखंड पुलिस, और चाईबासा पुलिस से मांग की कि:

1. आरोपी थाना प्रभारी को तुरंत निलंबित कर FIR दर्ज की जाए।

2. पहले वायरल हुए दोनों पुलिसकर्मियों पर लंबित कानूनी कार्रवाई तत्काल शुरू हो।

3. वसूली गिरोह की पूरी चेन की पहचान कर सभी पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

4. ट्रैक्टर मालिकों, ग्रामीणों और परिवहन कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

अतिरिक्त मांग: FIR दर्ज हो

धी. पेरियार ने स्पष्ट कहा: सभी जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिक सूचना (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जब तक FIR नहीं, तब तक कार्रवाई सिर्फ दिखावा है।

पेरियार का कड़ा बयान

राज्य की साख दांव पर है। वर्दी की आड़ में होने वाली यह वसूली झारखंड की कानून व्यवस्था पर सीधा प्रहार है। एंटी करप्शन ऑफ इंडिया इस मामले को अंतिम परिणाम तक लड़कर ही मानेगा।

चाईबासा में कार्तिक उरांव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

चाईबासा में कार्तिक उरांव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

चाईबासा : स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कार्तिक उरांव की पुण्यतिथि पर सोमवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेसजनों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण और दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद उनके जीवन और कृतित्व पर परिचर्चा आयोजित हुई।

परिचर्चा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि महान व्यक्ति अपने विचार और कार्यों से समाज में अमिट छाप छोड़ जाते हैं। कार्तिक उरांव भी ऐसे ही महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने जनजातीय समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कांग्रेसजनों ने कहा कि कार्तिक उरांव के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके संकल्प, इच्छाशक्ति, देशभक्ति, शिक्षा-प्रेम और सेवा-भाव को अपने जीवन में अपनाया जाए। सभी ने उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला महासचिव लियोनार्ड बोदरा, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, उपाध्यक्ष सुभाष राम तुरी, मो. ऐसान, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, मंडल अध्यक्ष अशोक मुंडरी, प्रखंड उपाध्यक्ष महीप कुदादा, वरीय कांग्रेसी राजेंद्र कच्छप, राम सिंह सावैयां, पोन्डेराम सामड, जय किशन सालबुनिया, मनोज मुंडरी, कार्यालय सचिव सुशील दास, जामबिरा बानरा सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सिलायडीह में 13 वर्ष बाद आदिवासी परिवार की सरना धर्म में घर वापसी

सिलायडीह में 13 वर्ष बाद आदिवासी परिवार की सरना धर्म में घर वापसी

कुचाई : सिलायडीह गांव में रविवार को एक आदिवासी परिवार ने 13 साल बाद ईसाई धर्म छोड़कर पुनः सरना धर्म स्वीकार किया। राम मुंडा, उनकी पत्नी मंजू मुंडा और उनके तीन बच्चे—जरासन, सुनील और मेनका मुंडा—ने बोंगा–बुरू पूजा पद्धति के अनुसार शुद्धिकरण कर अपने मूल धर्म में वापसी की। शुद्धिकरण समारोह सरना धर्म गुरू शिवचरण मुंडा, वनमाली मुंडा और डोमन मुंडा द्वारा संपन्न की गई।।

मंजू मुंडा ने बताया कि 13 वर्ष पहले बच्चों की लगातार खराब तबीयत और जानकारी के अभाव में उन्होंने ईसाई धर्म अपनाया था। वहीं जरासन मुंडा ने कहा कि उस समय मार्गदर्शन की कमी के कारण वे गलत दिशा में चले गए थे, लेकिन अब शिक्षा और समझ बढ़ने के साथ वे अपने मूल धर्म में लौट आए हैं। परिवार की बेटी मेनका ने समाज से अपील की कि धर्म परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण निर्णय सही जानकारी और समझ के आधार पर ही लें।

कार्यक्रम में समाजसेवी और जनप्रतिनिधि संदीप मुंडा, चमर सिंह मुंडा, मुखिया मंगल सिंह मुंडा, रविन्द्र मुंडा, रामचन्द्र सिंह मुंडा, जगन्नाथ सिंह मुंडा, केपी सेट सोय, मेघनाथ सिंह मुंडा, गुरूवा मुंडा, श्रवण सरदार, ग्राम मुंडा गणेश राम मुंडा, भूषण मुंडा, दीना मुंडा, कुशल मुंडा, जिला परिषद सदस्य जिंगी हेम्ब्रम, शम्भू सिंह मुंडा, तुलसी मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

ग्रामीणों का मानना है कि परिवार की यह घर वापसी समुदाय में सांस्कृतिक जागरूकता और अपनी परंपराओं की ओर लौटने का महत्वपूर्ण संदेश देती है।