सरायकेला | सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत रामजीवनपुर (बड़काटांड़) स्थित श्री-श्री सार्वजनिक शिव पूजा कमिटी द्वारा आयोजित चड़क पूजा महोत्सव के शुभ अवसर पर भव्य छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी भी उपस्थित रहे और आयोजन की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेम मार्डी ने कहा कि छऊ नृत्य केवल एक लोक कला नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान, परंपरा और गौरव का प्रतीक है। यह कला पीढ़ी-दर-पीढ़ी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, ये आयोजन लोगों में अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी कार्य करते हैं।

प्रेम मार्डी ने रामजीवनपुर (बड़काटांड़) के ग्रामीणों, आयोजन समिति के सदस्यों एवं छऊ कलाकारों को सफल एवं भव्य आयोजन के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के निरंतर प्रयासों से स्थानीय सांस्कृतिक विरासत और अधिक सशक्त एवं समृद्ध हो रही है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने बुढ़ाबाबा से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

