खरसावां | राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) 2026 में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बुरुडीह के दो विद्यार्थियों — प्रीति हेम्ब्रम एवं राज बानरा — ने सफलता प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार एवं स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र महतो ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
शिक्षक प्रदीप कुमार महतो ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। वहीं, शिक्षक प्रशांत कुमार प्रधान ने कहा कि दोनों विद्यार्थियों ने नियमित अध्ययन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता अर्जित की है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) में सफल विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस छात्रवृत्ति से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहायता मिलती है।

इस अवसर पर शिक्षक तुषार कांति महतो, लवली कुमारी, स्वागता सिंह, लक्ष्मण साहू, श्यामलाल अंगारिया, ब्रजकिशोर कुमार बेदिया, नीलमोहन महतो, मनोज पांडे, संध्या प्रधान, मौसमी दास एवं युधिष्ठिर पान सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

