maskal.news

1033 Posts
कांग्रेस का मीडिया टैलेंट हंट कार्यक्रम जारी, कोल्हान में साक्षात्कार आयोजित

कांग्रेस का मीडिया टैलेंट हंट कार्यक्रम जारी, कोल्हान में साक्षात्कार आयोजित

चाईबासा : कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम मीडिया टैलेंट हंट के तहत सामान्य कार्यकर्ताओं को भी राष्ट्रीय स्तर का प्रवक्ता बनने का अवसर दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में इंटरव्यू के आधार पर विभिन्न स्तरों पर प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए कांग्रेस ने क्यूआर कोड के माध्यम से गूगल फॉर्म और ऑफलाइन फॉर्म भरने की व्यवस्था की थी, जिसकी अंतिम तिथि 10 दिसंबर थी।

इसी क्रम में गुरुवार को कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र से प्रवक्ता पद के लिए आवेदन करने वाले प्रतिभागियों का साक्षात्कार तिलक पुस्तकालय में आयोजित किया गया। साक्षात्कार मीडिया टैलेंट हंट कोल्हान प्रमंडल के समन्वयक अख्तर अली, ज्यूरी सदस्य उज्ज्वल प्रकाश तिवारी, जेबा खान और शरीफ इब्राहिम द्वारा लिया गया। साक्षात्कार देने वालों में पश्चिमी सिंहभूम के पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु, जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय, सक्रिय सदस्य सेमसोन सुंडी और फिरोज अशरफ शामिल थे।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि इसी प्रक्रिया के माध्यम से सभी स्तर के प्रवक्ताओं का चयन किया जाएगा। जिन प्रतिभागियों में पार्टी के इतिहास, विचारधारा की समझ और तर्क के साथ डिबेट करने की क्षमता होगी, उन्हें ही प्रवक्ता बनाया जाएगा। कार्यक्रम को पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से संचालित किया जा रहा है।

कांग्रेस का उद्देश्य नए और प्रतिभाशाली लोगों को आगे लाकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। पार्टी ने पश्चिमी सिंहभूम सहित अन्य जिलों के योग्य और समर्पित युवाओं से इस प्रक्रिया में जुड़ने की अपील की है।

इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के चेयरमैन अशोक चौधरी, प्रदेश सचिव अशरफुल होदा, संजय सिंह आजाद, ब्रजेन्द्र तिवारी, फिरोज खान, राकेश साहू सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

खरसावां शहीद दिवस को लेकर रेलवे को सौंपा गया मांग पत्र

खरसावां शहीद दिवस को लेकर रेलवे को सौंपा गया मांग पत्र

खरसावां : खरसावां के वीर शहीदों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रम को लेकर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दक्षिण-पूर्व रेलवे चक्रधरपुर को एक मांग पत्र सौंपा गया। ज्ञात हो कि 1 जनवरी 1948 को खरसावां में हुए ऐतिहासिक गोलीकांड में बड़ी संख्या में हो समाज के लोग शहीद हुए थे, जिनकी याद में हर वर्ष आदिवासी समाज द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाता है।

इस वर्ष भी 1 जनवरी 2026 (गुरुवार) को चाकुलिया होते हुए खरसावां, मनोहरपुर भाया चक्रधरपुर तथा बड़ाजामदा–चाईबासा मार्ग से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक परिधान में रेल यात्रा कर शहीद स्थल खरसावां पहुंचेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल यात्रा को निःशुल्क करने, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दक्षिण-पूर्व रेलवे चक्रधरपुर एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) से उचित कदम उठाने का अनुरोध किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मांग पत्र सौंपने के दौरान विजय कुमार मेलगंडी, अध्यक्ष विनानंद सिरका, दिशुम दिऊरी हरिचरण बोदरा, राजू बारला, रमेश जामुदा और विरन बाहन्दा उपस्थित थे। सभी ने शहीदों की स्मृति को सम्मान देने के लिए प्रशासन से सहयोग की अपील की।

पश्चिमी सिंहभूम भाजपा में जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर रायशुमारी आयोजित

पश्चिमी सिंहभूम भाजपा में जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर रायशुमारी आयोजित

चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर रायशुमारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वर्तमान जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने किया। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

रायशुमारी कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुवर गागराई, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, पूर्व विधायक शशि भूषण सामड, गीता बालमुचू सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। साथ ही पूर्व जिला अध्यक्ष, सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी और पूर्व मंडल पदाधिकारियों ने भी अपनी सहभागिता निभाई। प्रदेश संगठन की ओर से अशोक शर्मा चुनाव प्रभारी के रूप में, जबकि मनोज सिंह और जयलंदर कुमार पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।

संगठनात्मक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए जिले को दो खंडों में बांटकर रायशुमारी कराई गई। एक खंड में चक्रधरपुर और मनोहरपुर क्षेत्र शामिल रहे, जबकि दूसरे खंड में जगन्नाथपुर, मझगांव और चाईबासा सदर क्षेत्र के लिए रायशुमारी की गई।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक अपने विचार रखे। रायशुमारी शांतिपूर्ण और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। पार्टी सूत्रों के अनुसार, रायशुमारी के आधार पर जल्द ही प्रदेश भाजपा द्वारा पश्चिमी सिंहभूम जिला के नए जिला अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

आगामी चुनावों को लेकर पश्चिमी सिंहभूम में झामुमो करेगी बीएलए-2 सदस्यों को सशक्त और प्रशिक्षित

आगामी चुनावों को लेकर पश्चिमी सिंहभूम में झामुमो करेगी बीएलए-2 सदस्यों को सशक्त और प्रशिक्षित

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा नियुक्त बीएलए-2 सदस्यों को सशक्त और प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि आगामी चुनावों में वोटिंग से जुड़ी गड़बड़ियों को रोका जा सके। यह बात झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कही। वे बीएलए-2 की नियुक्ति को लेकर आयोजित सदर प्रखंड और चाईबासा नगर समिति की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे।

श्री देवगम ने कहा कि झामुमो बीएलए-2 की नियुक्ति को लेकर गंभीर है। पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए बीएलओ को सहयोग करेंगे। इसके लिए सभी बीएलए-2 सदस्यों को झामुमो द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बैठक में बीएलए-2 की नियुक्ति, संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान और सदस्यता रसीद जमा करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक को जिला सचिव राहुल आदित्य, जिला कोषाध्यक्ष सह केंद्रीय सदस्य सुभाष बनर्जी, जिला उपाध्यक्ष इकबाल अहमद, सदर प्रखंड अध्यक्ष सतीश सुंडी और चाईबासा नगर समिति अध्यक्ष राहुल तिवारी ने भी संबोधित किया।

यह संयुक्त बैठक सदर चाईबासा प्रखंड और चाईबासा नगर समिति की ओर से सतीश सुंडी और राहुल तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कैसर परवेज, विश्वनाथ बाड़ा, मन्नाराम कुदादा, राजू ठाकुर, कुंवर प्रताप सिंह, रवि रजक, राजू गोप, निकेश नायक, शिकुद्दीन, बागुन मछुआ, जयदर बोईपाई, छोटे लाल महतो, इम्तियाज अहमद, गोपाल कुजूर सहित जिला समिति के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

चाईबासा सदर अस्पताल परिसर में अवैध दुकानों के निर्माण पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर धी. रामहरि पेरियार ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

चाईबासा सदर अस्पताल परिसर में अवैध दुकानों के निर्माण पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर धी. रामहरि पेरियार ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

चाईबासा : भ्रष्टाचार मुक्त भारत के बैनर तले भ्रष्टाचार एवं अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार संघर्षरत संगठन एंटी करप्शन ऑफ इंडिया ने सदर अस्पताल चाईबासा परिसर में हो रहे अवैध निर्माण, अतिक्रमण एवं नियमविरुद्ध दुकानों के विस्तार को लेकर प्रशासन का ध्यान गंभीरता से आकृष्ट किया है।
       संगठन के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष धी. रामहरि पेरियार ने अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), चाईबासा को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि सदर अस्पताल के पूर्वी एवं पश्चिमी छोर पर स्ववित्त योजनान्तर्गत आवंटित दुकानों में की गई व्यापक अनियमितताओं की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
    धी. पेरियार ने बताया कि असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा द्वारा निर्गत विज्ञापन संख्या–1519, दिनांक 20.07.2023 के तहत स्ववित्त योजना में दुकानों का आवंटन निर्धारित मानक आकार (8×10 फीट) के अनुरूप किया गया था।
किन्तु जमीनी सच्चाई इससे बिल्कुल विपरीत है। कुल 94 आवंटित दुकानों में से अधिकांश दुकानों ने निर्धारित सीमा का खुलेआम उल्लंघन करते हुए अवैध विस्तार कर लिया है। इतना ही नहीं, कई दुकानों का निर्माण बिना किसी वैधानिक स्वीकृति, नक्शा पास या प्रशासनिक अनुमति के किया गया है, जो स्पष्ट रूप से अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में आता है।
    उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल जैसा संवेदनशील एवं जनहित से जुड़ा सार्वजनिक संस्थान, जहां प्रतिदिन सैकड़ों मरीज, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग इलाज के लिए आते हैं, वहां इस प्रकार का अतिक्रमण न केवल प्रशासनिक नियमों की खुली अवहेलना है, बल्कि यह मरीजों की सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं और अस्पताल की मूल कार्यप्रणाली के साथ सीधा खिलवाड़ है।
    धी. पेरियार ने सवाल उठाया कि क्या बिना प्रशासनिक संरक्षण के इतना बड़ा अवैध निर्माण संभव है?
     जिन अधिकारियों की जिम्मेदारी निगरानी और नियंत्रण की थी, वे अब तक मौन क्यों हैं?
  क्या यह पूरा मामला संगठित भ्रष्टाचार और मिलीभगत का परिणाम नहीं है?
  उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो यह मामला उच्च स्तरीय जांच एजेंसियों, मानवाधिकार आयोग एवं न्यायालय तक ले जाया जाएगा। एंटी करप्शन ऑफ इंडिया अवैध अतिक्रमण, भ्रष्टाचार और सरकारी संपत्ति की लूट को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।

संगठन ने मांग की है कि

1. सभी अवैध रूप से विस्तारित व निर्मित दुकानों को तत्काल चिन्हित कर ध्वस्त किया जाए।

2. संबंधित अधिकारियों एवं लाभार्थियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।

3. अस्पताल परिसर को अतिक्रमण मुक्त कर मरीजों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
यह लड़ाई केवल दुकानों की नहीं, बल्कि जनता के स्वास्थ्य, अधिकार और कानून के राज की है।

सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने एनएच-320 डी के चौड़ीकरण की मांग उठाई

सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने एनएच-320 डी के चौड़ीकरण की मांग उठाई

चक्रधरपुर : सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एनएच-320 डी के चक्रधरपुर से राउरकेला तक चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग को लेकर मंत्री को पत्र सौंपा।

सांसद ने बताया कि करीब 106 किलोमीटर लंबी यह सड़क झारखंड के चक्रधरपुर को ओडिशा के राउरकेला से जोड़ती है और एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मार्ग है। वर्तमान में सड़क कई स्थानों पर संकीर्ण है और तीखे मोड़ों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

उन्होंने कहा कि सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर जैसे घनी आबादी वाले बाजार क्षेत्रों में अक्सर घंटों जाम लगता है, जिससे आम लोगों और भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। सांसद ने जनहित और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए एनएच-320 डी का प्राथमिकता के आधार पर चौड़ीकरण कराने की मांग की।

इसके साथ ही उन्होंने सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर में यातायात सुगम बनाने के लिए फ्लाईओवर या बाईपास निर्माण को मंजूरी देने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि परियोजना पूरी होने से टाटानगर और राउरकेला जैसे प्रमुख औद्योगिक शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और बीजू एक्सप्रेस-वे से जुड़ाव के बाद पूरे जनजातीय क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

पोटका महिला चौकीदार हत्या मामला: थाना प्रभारी हटाए गए, विभागीय जांच के आदेश

पोटका महिला चौकीदार हत्या मामला: थाना प्रभारी हटाए गए, विभागीय जांच के आदेश

जमशेदपुर : पोटका थाना में तैनात महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। मामले में थाना प्रभारी का नाम सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने तत्काल प्रभाव से पोटका थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू को पद से हटा दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। उनकी जगह एसआई सन्नी टोप्पो को पोटका थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद

यह कार्रवाई ज्योतिका के प्रेमी गणेश मांझी के वायरल वीडियो के बाद की गई है। वीडियो में गणेश ने पोटका थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

प्रेमिका की हत्या कर प्रेमी ने की आत्महत्या

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गणेश मांझी ने चाकू से ज्योतिका हेंब्रम का गला काटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने स्वयं आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना से पहले गणेश ने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसे बाद में वायरल कर दिया गया।

अवैध संबंध का लगाया आरोप

वायरल वीडियो में गणेश मांझी ने दावा किया था कि उसे 14 दिसंबर को यह जानकारी मिली थी कि उसकी प्रेमिका ज्योतिका हेंब्रम का पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू के साथ अवैध संबंध है। इसी संदेह, जलन और मानसिक तनाव में आकर उसने यह कदम उठाने की बात कही थी।

आरोपों से थाना प्रभारी का इनकार

वहीं, पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू ने गणेश द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है। हालांकि, मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसएसपी ने उन्हें पद से हटा दिया है।

परिजनों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग

दोनों मृतकों के परिजनों ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। एसएसपी की त्वरित कार्रवाई से यह उम्मीद जताई जा रही है कि मामले की जांच पारदर्शी तरीके से की जाएगी।

खरसावां शहीद दिवस की तैयारी का निरीक्षण

खरसावां शहीद दिवस की तैयारी का निरीक्षण

खरसावां : झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा और खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने 1 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम को लेकर खरसावां शहीद स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने शहीद पार्क में चल रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री दीपक बिरुवा ने साफ-सफाई, मंच निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शहीद दिवस का आयोजन गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से होना चाहिए, ताकि शहीदों के सम्मान में कोई कमी न रहे। उन्होंने खरसावां को शहीदों की धरती बताते हुए कहा कि यह स्थल हमारे गौरवशाली इतिहास और बलिदान की याद दिलाता है।

शहीद दिवस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेया विधायक कल्पना सोरेन के संभावित आगमन को देखते हुए सभा स्थल का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। मंत्री ने यह भी कहा कि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

अधिकारियों ने मंत्री को तैयारियों की जानकारी दी और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान खरसावां बीडीओ प्रधान माझी, झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, सुधीर महतो, भवेश मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

मझगांव विधानसभा क्षेत्र में भाजपा मंडल अध्यक्षों का अभिनंदन समारोह आयोजित

मझगांव विधानसभा क्षेत्र में भाजपा मंडल अध्यक्षों का अभिनंदन समारोह आयोजित

मझगांव : मझगांव विधानसभा क्षेत्र के कुमारडूंगी डाक बंगला में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त मंडल अध्यक्षों एवं उनके प्रतिनिधियों के सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने की।

समारोह में गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों, नृत्य एवं आतिशबाजी के साथ नव नियुक्त मंडल अध्यक्षों का स्वागत किया गया। उन्हें माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रखंड अध्यक्षों द्वारा भी नव नियुक्त मंडल अध्यक्षों को बुके देकर सम्मान प्रकट किया गया।

इस अवसर पर बड़कुंवर गागराई ने कहा कि नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के माध्यम से पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अध्यक्ष अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे।

कार्यक्रम में मझगांव विधानसभा क्षेत्र के चार मंडलों के नव नियुक्त अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें कुमारडूंगी मंडल अध्यक्ष रामेश्वर सिंकु (प्रतिनिधि विनय दास), मझगांव मंडल अध्यक्ष पीताम्बर राउत (प्रतिनिधि मंगल सिंह हेमब्रम एवं महेंद्र प्रसाद गोप), मंझारी मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ गोप (प्रतिनिधि जमदार बिरुआ) तथा तांतनगर मंडल अध्यक्ष जोगेश साँवया (प्रतिनिधि दुर्गा चरण नाग) शामिल थे।

इसके अलावा भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को सशक्त बनाने और पार्टी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।

चक्रधरपुर में नया धान अधिप्राप्ति केंद्र खोलने की मांग

चक्रधरपुर में नया धान अधिप्राप्ति केंद्र खोलने की मांग

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों के किसानों की समस्याओं को देखते हुए टोकलो लैम्पस में नया धान अधिप्राप्ति केंद्र खोलने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सह प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह सामाड के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के माध्यम से उपायुक्त (DC) को लिखित आवेदन सौंपा।

आवेदन में बताया गया कि चक्रधरपुर प्रखंड में कुल 23 पंचायतें हैं, जबकि वर्तमान में केवल चक्रधरपुर गोदाम में ही धान अधिप्राप्ति केंद्र संचालित है। कई गांवों से इस केंद्र की दूरी 28 से 30 किलोमीटर तक है, जिससे किसानों को धान बेचने में भारी परेशानी होती है। लंबी दूरी के कारण समय और परिवहन खर्च दोनों बढ़ जाते हैं, जिससे किसानों की आय पर सीधा असर पड़ता है।

विजय सिंह सामाड ने किसानों के हित में टोकलो लैम्पस गोदाम में अविलंब धान अधिप्राप्ति केंद्र खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे हजारों किसानों को आर्थिक बोझ और मानसिक परेशानी से राहत मिलेगी। नया केंद्र खुलने से किसानों को घर के पास ही उचित मूल्य पर धान बेचने की सुविधा मिलेगी और लंबी कतारों की समस्या भी कम होगी।

इस अवसर पर प्रखंड महासचिव भोलेनाथ बोदरा, पूर्ण चंद्र मुखी, बासुदेव मुखी, मो. सदाम हुसैन, सुखलाल जारिका, सरोज कुमार महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।