चाईबासा । पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी जयप्रकाश नारायण, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026, जनगणना-2027, स्वच्छ गांव-सुरक्षित जलवायु अभियान, ‘चुप्पी तोड़-स्वस्थ रहो’ अभियान, मिशन उदय तथा मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा की गई।
सर्वप्रथम मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को नियमित रूप से घर-घर भ्रमण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि वाले तथा मृत मतदाताओं का सत्यापन करते हुए मतदाता मैपिंग कार्य में प्रतिदिन एक प्रतिशत की वृद्धि सुनिश्चित की जाए और इसे 85 प्रतिशत तक पहुंचाया जाए।

उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को 4 या 5 जून तक राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर बीएलए-2 की नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने तथा उन्हें प्रशिक्षण प्रदान करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए। शहरी क्षेत्रों में मतदाता मैपिंग कार्य में आवश्यकता पड़ने पर बिजली मीटर रीडरों का सहयोग लेने की भी बात कही गई। साथ ही लंबित आवेदनों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनगणना-2027 की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने निर्धारित समय सीमा के भीतर मकान सूचीकरण कार्य पूरा करने तथा सभी आंकड़ों को पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। उन्होंने अपर उपायुक्त एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को जिला स्तरीय टीम गठित कर कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा पिछड़े क्षेत्रों में प्रगणकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में प्रोजेक्ट जागृति के अंतर्गत संचालित मिशन उदय अभियान की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि बरसात के मौसम में यह अभियान स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग की टीमों को घर-घर जाकर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों की जानकारी संग्रहित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर जीएनएम एवं एएनएम की उपस्थिति तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के साथ क्षेत्र भ्रमण कर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 1 जून से 30 जून तक चलने वाले इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
स्वच्छ गांव-सुरक्षित जलवायु अभियान के तहत घर-घर कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए सहियाओं के माध्यम से बोरा उपलब्ध कराने, टीबी मुक्त भारत अभियान, आहार दिवस तथा अन्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा आगामी 12 जून को सभी विद्यालयों में अभिभावक बैठक आयोजित कर ‘स्कूल चले हम’ अभियान एवं कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों को आपदा, सड़क दुर्घटना एवं अन्य घटनाओं से संबंधित प्रतिवेदन समय पर जिला स्तर पर उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके आश्रितों को आपदा प्रबंधन योजनाओं का लाभ शीघ्रता से प्रदान किया जा सके।

