सरायकेला | जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने जिला उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हसदा से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।

भेंट के दौरान पिंकी मंडल ने डीडीसी से आग्रह किया कि धरातल पर संचालित विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि कई स्थानों से विकास कार्यों में अनियमितता एवं गुणवत्ता संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिन पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

जिला परिषद सदस्य ने संबंधित संवेदकों को सख्त निर्देश जारी करने की मांग करते हुए कहा कि सभी कार्य पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप किए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी संवेदक द्वारा कार्य में लापरवाही या अनियमितता बरती जाती है, तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनके लाइसेंस रद्द करने पर भी विचार किया जाना चाहिए।

पिंकी मंडल ने विकास योजनाओं की नियमित निगरानी और गुणवत्ता जांच पर जोर देते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्यों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस पर उप विकास आयुक्त रीना हसदा ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

