अष्टम बोर्ड परीक्षा आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग

अष्टम बोर्ड परीक्षा आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने अष्टम बोर्ड परीक्षा–2026 के लिए परीक्षा आवेदन प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने बुधवार को झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के अध्यक्ष को पत्र लिखा।

पत्र में उन्होंने बताया कि जैक द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार अष्टम बोर्ड परीक्षा–2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अवधि 23 दिसंबर 2025 से 16 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई थी। हालांकि, विभागीय अवकाश, शीतलहरी और ठंड के कारण कई विद्यालयों में कक्षाएं बंद रहीं, जिससे पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ी संख्या में छात्र निर्धारित तिथि तक अपना आवेदन जमा नहीं कर सके।

छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए त्रिशानु राय ने आवेदन प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है, ताकि सभी छात्रों के फॉर्म समय पर ऑनलाइन जमा हो सकें। उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव को भी भेजी है।

सरायकेला-खरसावां में एसपी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित

सरायकेला-खरसावां में एसपी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आज कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सभी थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

अपराध गोष्ठी में आगामी सरस्वती पूजा एवं गणतंत्र दिवस को लेकर जिले में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण पर विशेष चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही दिसंबर माह में घटित अपराधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र उद्भेदन एवं निष्पादन के निर्देश दिए गए। दिसंबर माह में निष्पादित कांडों एवं यूडी मामलों की थानावार समीक्षा कर जनवरी माह में अधिकाधिक निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में अफीम की अवैध खेती की रोकथाम, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, मादक एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई, अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी, तथा NDPS एक्ट के मामलों में कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा बलात्कार एवं पोक्सो एक्ट से संबंधित मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन, पासपोर्ट सत्यापन पांच दिनों में पूर्ण करने, डायल-112 के तहत प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, अपराधियों की निगरानी, लंबित वारंट-कुर्की के निष्पादन, साइबर अपराधों की रोकथाम, पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन एवं CCTNS में रियल टाइम एवं गुणवत्तापूर्ण डेटा प्रविष्टि के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर रोक, महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी लगाने हेतु जागरूकता, अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों के निष्पादन तथा ई-साक्ष्य ऐप के प्रभावी उपयोग पर भी विशेष जोर दिया।

सारंडा में अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

सारंडा में अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

चाईबासा : सारंडा वन प्रमंडल के उड़ीसा सीमावर्ती क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 63 शिलपट लकड़ियों को जब्त किया।
वन विभाग की संयुक्त टीम, जिसका नेतृत्व सारंडा डीएफओ और संबंधित रेंजर कर रहे थे, में समता, किरीबुरू, गुवा और मनोहरपुर वन प्रक्षेत्र के कर्मी शामिल थे। टीम ने लगातार दो दिनों तक संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी और मंगलवार देर रात कार्रवाई कर लकड़ियां बरामद की।
यह मामला नयागांव वन ग्राम-2 का है, जो समता रेंज से लगभग 60 किमी दूर उड़ीसा सीमा के पास स्थित है। तस्कर मौके से भागने में सफल रहे।
वन विभाग ने बताया कि अवैध लकड़ी तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जल्द ही संलिप्त लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सारंडा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध लकड़ी तस्करी की शिकायतें मिलती रही हैं। इस बड़ी कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है और वन विभाग ने आगे भी सघन जांच और छापेमारी अभियान जारी रखने की चेतावनी दी है।

चांडिल में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चार भट्टियां नष्ट

चांडिल में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चार भट्टियां नष्ट

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के स्पष्ट निर्देशों के आलोक में मंगलवार, 21 जनवरी 2026 को अधीक्षक उत्पाद क्षितिज मिंज के नेतृत्व में चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान चांडिल थाना क्षेत्र के नीलकंठ के समीप सोनरोडीह, हमसदा, रोला और जड़िगाड़ीह गांवों में संचालित चार अवैध महुआ शराब भट्टियों पर छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 1100 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही विधिसम्मत तरीके से नष्ट कर दिया गया। वहीं, 50 लीटर तैयार चुलाई शराब भी जब्त की गई।

इस संबंध में अवैध शराब अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन अवैध शराब के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रहा है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखते हुए नियमित और औचक छापेमारी अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

डीएलएसए सभागार में एलएडीसी और पीएलवी का प्रशिक्षण सत्र आयोजित

डीएलएसए सभागार में एलएडीसी और पीएलवी का प्रशिक्षण सत्र आयोजित

जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के सभागार में लिगल एड डिफेंस काउंसिल (एलएडीसी) और अधिकार मित्र (पीएलवी) के लिए प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान एलएडीसी विदेश सिन्हा ने बताया कि पीड़ितों और बंदियों के कानूनी सहायता से जुड़े आवेदन पत्रों पर त्वरित संज्ञान लेकर समय पर न्याय दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने पीएलवी को निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति के कानूनी अधिकारों का हनन न हो और वे कानूनी जागरूकता फैलाने के साथ-साथ गरीब एवं वंचित वर्ग को कानूनी सहायता दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

प्रशिक्षण सत्र में एलएडीसी पवन तिवारी, अभिनव कुमार, मनोज कुमार, अंकित प्रताप, योगिता कुमारी तथा पीएलवी संजीत दास, प्रभात सरदार, रमैया एस सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

जल की विकट समस्या सामने खड़ी है: वीर सिंह बालमुचू

जल की विकट समस्या सामने खड़ी है: वीर सिंह बालमुचू

गुड़ा : पश्चिम सिंहभूम जिले के ग्राम गुड़ा में पेयजल की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। सरकारी दावों के विपरीत, गांव की जमीनी स्थिति बेहद चिंताजनक है। पिछले कई वर्षों से गांव के अधिकांश सोलर आधारित जलापूर्ति संयंत्र और चापाकल पूरी तरह खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी उन्होंने कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, “जल जीवन मिशन” जैसी सरकारी योजनाएं उनके गांव में कागजों तक ही सीमित नजर आ रही हैं।

चाईबासा बस स्टैंड को आधुनिक बनाने की मांग, डीसी को सौंपा गया पत्र

चाईबासा बस स्टैंड को आधुनिक बनाने की मांग, डीसी को सौंपा गया पत्र

चाईबासा : चाईबासा बस स्टैंड को आधुनिक बस स्टैंड के रूप में विकसित करने की मांग को लेकर आरटीआई एक्टिविस्ट सिरमा देवगम ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त (डीसी) को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने बताया है कि चाईबासा बस स्टैंड से चाईबासा नगर परिषद को हर वर्ष लगभग 40 करोड़ रुपये की आय होती है, इसके बावजूद यात्रियों और आम लोगों की सुविधाओं के लिए नगर परिषद द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

श्री देवगम ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि उन्होंने इससे पूर्व 22 नवंबर 2022 को उपायुक्त चाईबासा तथा 24 मार्च 2023 को प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली को भी बस स्टैंड के आधुनिकीकरण की मांग को लेकर पत्र भेजा था। उनके पत्र के आलोक में प्रधानमंत्री कार्यालय ने पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में चाईबासा बस स्टैंड की स्थिति अत्यंत दयनीय है। आधुनिक बस पड़ाव के अभाव में यातायात बाधित रहता है और आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। कई बसों को स्टैंड के बाहर खड़ा करना पड़ता है, जिससे यात्रियों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही, उचित बस पड़ाव नहीं होने के कारण राजस्व की भी क्षति हो रही है।

प्रखंड संसाधन केंद्र में शिक्षकों की मासिक गुरु गोष्ठी आयोजित

प्रखंड संसाधन केंद्र में शिक्षकों की मासिक गुरु गोष्ठी आयोजित

मनोहरपुर : प्रखंड संसाधन केंद्र में मंगलवार को सभी विद्यालयों के शिक्षकों की मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में बीपीओ संतोष गुप्ता एवं बीआरपी यशवंत नारायण कटियार ने शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना के तहत कक्षा 8 से 12 तक की छात्राओं की संख्या एवं पोर्टल पर अपलोड से संबंधित प्रतिवेदन देने, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति अंतर्गत ई-कल्याण पोर्टल पर पंजीकरण व सत्यापन कर हार्ड कॉपी जमा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्कूल किट का उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा करने, एसएमसी के पुनर्गठन, ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर सूची संधारण तथा आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित लोकेशन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

गोष्ठी में प्रयास कार्यक्रम, जे गुरुजी ऐप, पीटीएम लिंक भरने सहित अन्य शैक्षणिक विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में शिल्पा विश्वकर्मा, ऋषि प्रसाद गुप्ता, गौतम महतो, अमरेश विश्वकर्मा सहित कई शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे।

पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों की आवाजाही, वन विभाग सतर्क

पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों की आवाजाही, वन विभाग सतर्क

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग द्वारा राजांका, चालगी, हेसासुरनिया, सुंदीसुरनिया, निमडीह, डालकी, बांदीजारी, डुंडुचू और सांकुचिया क्षेत्रों में हाथी भगाओ दल के साथ लगातार गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में बीती रात डालकी गांव में एक जंगली हाथी ने एक घर को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) तुरंत मौके पर पहुंच गई और समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया। टीम की सतर्कता से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और अन्य घरों को भी नुकसान नहीं पहुंच सका।

बताया गया कि जंगली हाथी रातभर गांव के पास मंडराता रहा, लेकिन वन विभाग की टीम पूरी रात मौके पर डटी रही और हालात पर नजर बनाए रखी। इस अभियान में वनरक्षक शनिचर हांसदा, मनीष सोय, सूरज मुंडा सहित क्यूआरटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

वन विभाग की तत्परता और लगातार निगरानी के कारण किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क और जागरूक भी किया गया, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल नहीं बना।

एसजे डीएवी के विद्यार्थियों ने गणित एवं शतरंज प्रतियोगिताओं में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

एसजे डीएवी के विद्यार्थियों ने गणित एवं शतरंज प्रतियोगिताओं में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

चाईबासा : 33वीं पद्मावती रुंगटा अंतर-विद्यालय गणित प्रतियोगिता तथा स्वर्गीय बैजनाथ मूंदड़ा की स्मृति में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में एसजे डीएवी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।

गणित प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं के हर्ष कुमार यादव ने जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा दसवीं के आयुष मिट ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा नौवीं के रजनीश रंजन एवं कक्षा आठवीं के तेजस राज ने अपनी-अपनी कक्षाओं में विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा सातवीं के तेजस गुप्ता, आरव अग्रवाल एवं जय दत्तानी भी विद्यालय टॉपर रहे।

शतरंज प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं के कुश मूंदड़ा ने ओवरऑल चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दयराज कुमार को तृतीय तथा समृद्धि प्रिया को चौथा स्थान मिला। अंडर-15 वर्ग में आदित्य शाह एवं पेरिस मुंडा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-11 वर्ग में अद्रिजा डे प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि छोटे बच्चों के वर्ग में सनाया सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया।

विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ ओ.पी. मिश्रा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों की प्रतिभा को निखारने में सहायक होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।