सरायकेला | अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग के तत्वावधान में जिला मुख्यालय स्थित इंडोर स्टेडियम, सरायकेला में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकास आयुक्त मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने भी सहभागिता की और सभी नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।

योगाभ्यास के उपरांत उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित दिनचर्या, तनावपूर्ण जीवनशैली तथा ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों के बीच स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक हो गया है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए अवश्य निकालना चाहिए। नियमित योग एवं व्यायाम से न केवल शारीरिक क्षमता में वृद्धि होती है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

श्री चौधरी ने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला होते हैं।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी। आयोजन में लोगों की सक्रिय भागीदारी ने योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और उत्साह को दर्शाया।


