सरायकेला खरसावां

डीडीसी रीना हांसदा ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, 15 दिनों में सुधार के निर्देश

डीडीसी रीना हांसदा ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, 15 दिनों में सुधार के निर्देश

सरायकेला-खरसावां : उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हांसदा ने सोमवार को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के क्रम में कार्यालय में संधारित पंजी एवं संचिकाओं की स्थिति, कार्यों के आवंटन की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा दैनिक प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। जांच के दौरान अभिलेख संधारण, कार्य निष्पादन प्रक्रिया एवं आंतरिक व्यवस्था में कई कमियां पाई गईं।
डीडीसी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी पंजी एवं संचिकाओं का अद्यतन एवं सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यालय में कार्यों का स्पष्ट एवं उत्तरदायित्व आधारित आवंटन करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा अनुशासित, जवाबदेह और कार्योन्मुखी कार्यसंस्कृति विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान चिन्हित कमियों को 15 दिनों के भीतर दूर करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यह भी बताया कि निर्धारित अवधि के बाद निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी।

सरायकेला-खरसावां: फ्रांस की 75 वर्षीय नागरिक जिज़ेल बुसों ईचा में स्थानीय संस्कृति और ऐतिहासिक स्थलों से हुई अवगत

सरायकेला-खरसावां: फ्रांस की 75 वर्षीय नागरिक जिज़ेल बुसों ईचा में स्थानीय संस्कृति और ऐतिहासिक स्थलों से हुई अवगत

सरायकेला-खरसावां : राजनगर प्रखंड स्थित ईचा गांव में सोमवार को फ्रांस की 75 वर्षीय नागरिक जिज़ेल बुसों का भव्य स्वागत किया गया। उनका स्वागत ईचा राजपरिवार के सदस्यों राजेश्वर सिंहदेव और छऊ गुरु तपन पटनायक ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित कर किया।
श्रीमती बुसों ने ईचा राजमहल (पैलेस) और लगभग 250 वर्ष पुराने श्री रघुनाथ मंदिर का दौरा किया। उन्होंने मंदिर की प्राचीनता और ईचा की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का निकट से अवलोकन किया। इसके अलावा, उन्हें ईचा छऊ नृत्य का प्रदर्शन देखने का अवसर भी मिला, जिसने उन्हें बेहद प्रभावित किया।
जिज़ेल बुसों ने ईचा की संस्कृति, इतिहास और मंदिर की प्राचीनता की सराहना की और राजपरिवार के आतिथ्य को अविस्मरणीय अनुभव बताया।
ईचा राजपरिवार के सदस्य राजेश्वर सिंहदेव ने कहा कि विदेशी अतिथि की यह यात्रा ईचा की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उजागर करने में मदद करेगी। इस दौरान राजेश्वर सिंहदेव, छऊ गुरु तपन पटनायक, बैधनाथ सिंहदेव, जितेश सिंहदेव और मलवीर सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

सरायकेला में जय मां पाउड़ी नाट्यअनुष्ठान का नववर्ष मिलन समारोह आयोजित

सरायकेला में जय मां पाउड़ी नाट्यअनुष्ठान का नववर्ष मिलन समारोह आयोजित

सरायकेला : सरायकेला स्थित जय मां पाउड़ी नाट्यअनुष्ठान के कलाकारों द्वारा नववर्ष के अवसर पर नया साल मिलन समारोह एवं रात्रि भोज का आयोजन किया गया। इस मौके पर संस्था से जुड़े कलाकारों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और आने वाले वर्ष में सांस्कृतिक गतिविधियों को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

मिलन समारोह के दौरान आगामी मार्च माह में प्रस्तावित ओड़िया नाटक के मंचन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नाटक के विषय, प्रस्तुति शैली, मंच सज्जा और अभ्यास कार्यक्रम पर कलाकारों ने अपने सुझाव रखे। सभी ने मिलकर उत्कृष्ट और प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति देने का निर्णय लिया।

कार्यक्रम का मार्गदर्शन निर्देशक श्री नीलकंठ सड़ंगी ने किया। इस अवसर पर शशांक कुमार साथुआ, सोनू आचार्य, चंदन साहू, मनबोध दारोघा, टिंकू साहू, बबलू साथुआ, मुकेश साहू, तापस साहू, अशोक साहू, राजेश दारोघा, मनोरंजन दारोघा, किशोर सड़ंगी, तापस मोदक, अगस्ती बारीक, राखोहरी रजक एवं सुमित पति सहित सभी कलाकार उपस्थित रहे।

मुरुप में गौड़ समाज का वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह आयोजित, सामाजिक एकजुटता और शिक्षा पर जोर

मुरुप में गौड़ समाज का वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह आयोजित, सामाजिक एकजुटता और शिक्षा पर जोर

सरायकेला : सरायकेला प्रखंड अंतर्गत मुरुप स्थित प्रसिद्ध देवी स्थल माता ठाकुरानी दरह परिसर में रविवार को क्षेत्रीय गौड़ समाज (महालिमोरुप) की ओर से वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय गौड़ समाज एवं गौड़ सेवा संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने माता ठाकुरानी देवी की पूजा-अर्चना कर समाज और परिवार की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
वनभोज के दौरान सामाजिक गतिविधियों एवं विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में आगामी 23 जनवरी को आदित्यपुर के आसंगी में आयोजित होने वाले गौड़ सेवा संघ के 35वें संकल्प दिवस को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर महिलाओं की पुरुषों के समान भागीदारी सुनिश्चित करने तथा समाज के लोगों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई।
कार्यक्रम में गौड़ सेवा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष पितोवास प्रधान ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए उच्च शिक्षा और आपसी एकजुटता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सामाजिक चेतना से ही समाज मजबूत होगा। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाकर आईएएस, आईपीएस सहित अन्य उच्च पदों तक पहुंचाने का आह्वान किया। क्षेत्रीय गौड़ सेवा संघ के अध्यक्ष नागेश्वर प्रधान ने भी समाज के विकास के लिए सभी को एक मंच पर आने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम को केंद्रीय उपाध्यक्ष हेमसागर प्रधान, अभिमन्यु गोप एवं नागेश्वर प्रधान ने संबोधित किया। समारोह का संचालन जिला सचिव मुरली प्रधान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन केंद्रीय प्रवक्ता उमाकांत प्रधान ने किया। अंत में समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से भोजन कर वनभोज का आनंद लिया।
कार्यक्रम में नागेश्वर प्रधान, परमेश्वर प्रधान, जगन्नाथ प्रधान, प्रह्लाद गोप, हेमसागर प्रधान, उमाकांत प्रधान, यशवंत प्रधान, मुरली प्रधान, पंचु प्रधान, आकाश प्रधान, सूर्य प्रधान, अर्जुन प्रधान, भैरव प्रधान, तीर्थो प्रधान, सीतानाथ प्रधान, दीनबंधु प्रधान, शैलेंद्र प्रधान, जगदीश प्रधान सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

सरायकेला में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान

सरायकेला में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान

सरायकेला : पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावाँ के निर्देश पर रविवार को सरायकेला शहर के गैराज चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक ने किया। इस दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर और सरायकेला थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे।

अभियान के तहत आम नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें यातायात कानूनों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग के खतरों तथा गुड सेमेरिटन नियमों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वालों को कानून का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए लोगों को बिना डर सहायता करनी चाहिए।

पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

पीएनबी आरसेटी में महिलाओं के लिए निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण शुरू, 35 दिन का होगा कोर्स

पीएनबी आरसेटी में महिलाओं के लिए निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण शुरू, 35 दिन का होगा कोर्स

सरायकेला : पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के तत्वावधान में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण सरायकेला-खरसावां जिले की जरूरतमंद महिलाओं एवं युवतियों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिनकी आयु 18 से 45 वर्ष के बीच है।
यह प्रशिक्षण भारत सरकार से मान्यता प्राप्त है तथा पंजाब नेशनल बैंक द्वारा पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भोजन, छात्रावास की सुविधा, कॉपी-किताब, ड्रेस एवं अन्य प्रशिक्षण सामग्री संस्थान की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण की अवधि 35 दिन होगी, जो प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी। प्रशिक्षण के दौरान ब्यूटी पार्लर से संबंधित सभी आवश्यक तकनीकों के साथ-साथ सफल उद्यमी बनने के तरीके भी सिखाए जाएंगे। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण आरसेटी, पंजाब नेशनल बैंक, दवानसाईं, सरायकेला में आयोजित किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी निम्नलिखित मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
7479717293, 9199646025, 8789471135, 7250286385, 7007609159, 6200940892

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026: राजनगर बाईपास पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप जांच व जागरूकता अभियान

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026: राजनगर बाईपास पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप जांच व जागरूकता अभियान

सरायकेला : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तीसरे दिन शनिवार को सरायकेला-खरसावां जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के निर्देशन में राजनगर बाईपास रोड पर “शाइनिंग सेफ्टी रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप इंस्टॉलेशन” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान भारी मोटर वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुसार रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप की जांच की गई। साथ ही वाहनों की हेडलाइट, टेललाइट एवं अन्य प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। वाहन चालकों को रात्रि के समय दृश्यता बढ़ाने, वाहनों की नियमित तकनीकी जांच कराने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, वाहनों की बेहतर दृश्यता सुनिश्चित करना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत करना है। अभियान में मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार, रवि प्रसाद सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागीय टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

राजनगर के टंगरानी गांव में नाले में डूबने से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

राजनगर के टंगरानी गांव में नाले में डूबने से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

सरायकेला-खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत टंगरानी गांव में नाले में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान टंगरानी गांव निवासी 35 वर्षीय लोधा हांसदा के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार लोधा हांसदा प्रतिदिन सुबह गम्हारिया स्थित एक फैक्ट्री में काम करने जाता था। शुक्रवार को जब वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान शनिवार दोपहर करीब दो बजे गांव के नाले में पानी के भीतर उसका शव तैरता हुआ मिला। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सरायकेला में क्षेत्रीय गौड़ समाज का वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह

सरायकेला में क्षेत्रीय गौड़ समाज का वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह

सरायकेला : क्षेत्रीय गौड़ समाज महालिमोरूप का वार्षिक वनभोज सह मिलन समारोह 4 जनवरी, रविवार को सरायकेला प्रखंड के मुरुप स्थित दैवी स्थल माता ठाकुराणी के दरबार में आयोजित होगा।
समाज के अध्यक्ष नागेश्वर प्रधान ने बताया कि समारोह के दौरान माता ठाकुराणी के दरबार में पूजा अर्चना की जाएगी और समाज के सुख, शांति व समृद्धि की कामना की जाएगी। इसके बाद गौड़ समाज के सर्वांगीण विकास पर चर्चा की जाएगी और गौड़ सेवा संघ के कार्यक्रम का वार्षिक कैलेंडर भी विमोचित किया जाएगा।
समारोह में गौड़ सेवा संघ के केंद्रीय, जिला और प्रखंड कमेटी के पदाधिकारी अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अध्यक्ष नागेश्वर प्रधान ने समाज के बुद्धिजीवी और क्षेत्रीय लोगों से परिवार सहित समारोह में उपस्थित होने की अपील की है।

राजनगर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक समेत तीन गंभीर घायल

राजनगर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक समेत तीन गंभीर घायल

राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में टांगरानी और खेरकोचा गांव के बीच गाड़ासाई पुलिया के पास शुक्रवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक समेत दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक और एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

घायलों की पहचान जोटा गांव निवासी प्रह्लाद सरदार, सोनामनी सरदार और बैसाखी सरदार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।