कोल्हान

भारत आदिवासी पार्टी की जिला स्तरीय बैठक में पेसा संशोधन व डीएमएफटी भ्रष्टाचार पर चर्चा, 23 फरवरी को धरना-प्रदर्शन का ऐलान

भारत आदिवासी पार्टी की जिला स्तरीय बैठक में पेसा संशोधन व डीएमएफटी भ्रष्टाचार पर चर्चा, 23 फरवरी को धरना-प्रदर्शन का ऐलान

कोल्हान : भारत आदिवासी पार्टी पश्चिमी सिंहभूम की एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक जिलाध्यक्ष सुशील बारला की अध्यक्षता में नंदपुर स्थित बारला निवास पर आयोजित की गई। बैठक में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पेसा नियमावली 2025 में संशोधन कर उसे मूल पेसा कानून के अनुरूप बनाया जाए। साथ ही डीएमएफटी (DMFT) मद में हो रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और सरंडा अभयारण्य की अधिसूचना जारी होने से पहले वर्ष 1980 से 2005 के बीच आजीविका के लिए बसे लोगों को वनाधिकार पट्टा देने की मांग की गई।
इन मांगों को लेकर भारत आदिवासी पार्टी द्वारा 23 फरवरी 2026 को प्रखंड मुख्यालय मनोहरपुर में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। धरना-प्रदर्शन के माध्यम से झारखंड के राज्यपाल एवं भारत के राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में जिला सचिव शांति एल कांडयबुरू, बलदेव जाते, सुनील भेंगरा, दीपक गुड़िया, मोजेस चेरोवा, एडविन बोदरा, मसीह प्रकाश लोमगा सहित मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

स्वामी विवेकानंद जयंती पर सरस्वती शिशु मंदिर सरायकेला में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित

स्वामी विवेकानंद जयंती पर सरस्वती शिशु मंदिर सरायकेला में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित

सरायकेला : सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय, सरायकेला में सोमवार को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर कक्षा अरुण से नवम तक के भैया-बहनों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा अरुण से तृतीय तक के विद्यार्थियों के बीच बिस्किट दौड़, गुब्बारा फोड़, मेमोरी जांच, चम्मच दौड़, सुई-धागा दौड़ एवं उल्टा दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं कक्षा चतुर्थ से नवम तक के भैयाओं के लिए 100 मीटर दौड़, मेंढक दौड़, तीन पैर दौड़, स्लो साइकिल रेस एवं मैथ रेस का आयोजन हुआ। इसी वर्ग की बहनों के बीच 100 मीटर दौड़, चम्मच दौड़, सुई-धागा दौड़, मेंढक दौड़, तीन पैर दौड़, मैथ रेस एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता कराई गई।

सभी विद्यार्थियों ने खेलों में पूरे उत्साह और लगन के साथ भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पार्थ सारथी आचार्य ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग है, जिससे शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और हम स्वस्थ रहते हैं। इसी उद्देश्य से विद्यालय में समय-समय पर खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य तुषार कांत पति सहित सभी आचार्य-दीदी उपस्थित रहीं।

राष्ट्रीय युवा दिवस पर सरायकेला डीएलएसए में नालसा (DAWN) योजना के तहत सप्ताह भर की गतिविधियों का समापन

राष्ट्रीय युवा दिवस पर सरायकेला डीएलएसए में नालसा (DAWN) योजना के तहत सप्ताह भर की गतिविधियों का समापन

सरायकेला : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के दिशा-निर्देश और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली के तत्वावधान में रामाशंकर सिंह, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), सरायकेला के मार्गदर्शन में आयोजित नालसा (DAWN) योजना के तहत सप्ताह भर चली गतिविधियों का समापन एक विशेष कार्यक्रम के साथ किया गया।
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सरायकेला डीएलएसए हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में सचिव (प्रभारी), डीएलएसए, सरायकेला ने स्वामी विवेकानंद के विचारों और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने सप्ताह भर की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए प्रतिभागियों से उनके विचार और सुझाव भी प्राप्त किए।
इस अवसर पर मुख्य एलएडीसीएस दिलीप कुमार शॉ एवं उप मुख्य एलएडीसीएस ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवाओं को विधिक जागरूकता और सामाजिक दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डीसीपीओ संतोष कुमार, बाल कल्याण समिति के सदस्य, वन स्टॉप सेंटर के प्रतिनिधि, पैरा लीगल वॉलंटियर्स तथा पैनल अधिवक्ता सुखमती हेस्सा और शेफाली मंडल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि सप्ताह भर की गतिविधियां भले ही समाप्त हो गई हों, लेकिन नशा मुक्ति का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नशा विरोधी अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम न केवल नालसा (DAWN) योजना के उद्देश्यों को सुदृढ़ करने वाला रहा, बल्कि युवाओं को विधिक जागरूकता और नशा मुक्ति के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित हुआ।

उरांव सरना समिति ने किया एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन

उरांव सरना समिति ने किया एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन

चक्रधरपुर : उरांव सरना समिति के तत्वावधान में रविवार को पेलो टुंगरी स्थित कला-सांस्कृतिक भवन में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन विधायक सुखराम उरांव, पूर्व विधायक बहादुर उरांव, प्रवीर प्रामाणिक, मुखिया सोमनाथ खोया और विजय सामड ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर भगवान बिरसा मुंडा, वीर शहीद सिधु-कान्हु और कार्तिक उरांव के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।

रक्तदान शिविर में ग्रामीण युवाओं, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 82 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिसका उपयोग जरूरतमंद मरीजों के इलाज में किया जाएगा। रक्तदाताओं को हेलमेट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं समिति की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी अब ऐसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और युवा वर्ग सामाजिक जिम्मेदारियों को समझता है।

कार्यक्रम में उरांव सरना समिति के अध्यक्ष विमल खलखो, सचिव अरुण टोप्पो, कोषाध्यक्ष अनिल कच्छप सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।

मागे पर्व पर बांगरासाई सांडीग्राम में मानकी-मुंडा सम्मान समारोह, जरूरतमंदों को कंबल व वस्त्र वितरण

मागे पर्व पर बांगरासाई सांडीग्राम में मानकी-मुंडा सम्मान समारोह, जरूरतमंदों को कंबल व वस्त्र वितरण

चक्रधरपुर : बंदगांव प्रखंड के नकटी पंचायत अंतर्गत बांगरासाई सांडीग्राम में मागे पर्व के अवसर पर मानकी, मुंडा एवं देवरी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी विनोद लोहार द्वारा एक-एक जोड़ी मांदर, धोती, गमछा और गंजी का वितरण किया गया। साथ ही ठंड को देखते हुए 70 जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल भी बांटे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी विनोद लोहार ने कहा कि मागे पर्व आदिवासी समाज का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे आदिवासी बहुल गांवों में धूमधाम से मनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस पर्व पर आदिवासी समाज अपने आराध्य देव सिंहबोंगा की पूजा कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करता है। इसी उद्देश्य से गांवों में मांदर और नए वस्त्र वितरित किए गए हैं, ताकि लोग बेहतर तरीके से मागे पर्व मना सकें।
उन्होंने कहा कि समाजसेवा का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ठंड अधिक होने के कारण जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल दिया गया और बुजुर्गों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर देवरी सुरसिंह कांडेयोंग, जल सिंह कांडेयोंग, रेमो कांडेयोंग, बिसनु कोड़ा, गोंडो कांडेयोंग, रायधन गागराई और कैरा गागराई को धोती, गमछा एवं गंजी देकर मागे पर्व बेहतर रूप से मनाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में ग्राम मुंडा शंभू कांडेयोंग, अरूप चटर्जी, नरसिंह कांडेयोंग सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जयंती पर कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने दी श्रद्धांजलि

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जयंती पर कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने दी श्रद्धांजलि

चाईबासा : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के सपनों को साकार करने वाले, झारखंड की अस्मिता और आदिवासी स्वाभिमान के प्रतीक दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जयंती पर पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने रविवार को उन्हें कोटि-कोटि नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का पूरा जीवन अन्याय, शोषण और उपेक्षा के खिलाफ निरंतर संघर्ष की प्रेरणादायक कहानी है। झारखंड आंदोलन को दिशा देने से लेकर आदिवासियों, मूलवासियों और वंचितों को उनके अधिकार दिलाने में उनका योगदान अमूल्य रहा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिशोम गुरु के आदर्श और विचार झारखंड को न्याय, समानता और समावेशी विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाते रहें।

डांगुवापोसी से आर-पार का ऐलान पिछड़ा वर्ग को तोड़ने की साजिश अब नहीं चलेगी: धी रामहरि पेरियार

डांगुवापोसी से आर-पार का ऐलान पिछड़ा वर्ग को तोड़ने की साजिश अब नहीं चलेगी: धी रामहरि पेरियार

जगन्नाथपुर : डांगुवापोसी (डीपीएस) में रविवार को हुई बैठक साधारण चाय-चर्चा नहीं, बल्कि पिछड़ा वर्ग आरक्षण आंदोलन को निर्णायक मोड़ देने वाली आक्रमणकारी रणनीतिक बैठक थी। गोप, गौड़ आरक्षण आंदोलन समिति के केंद्रीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में यह साफ कर दिया गया कि अब सरकार की उपेक्षा और समाज को आपस में बांटने की साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
           बैठक को संबोधित करते हुए गोप, गौड़ आरक्षण आंदोलन समिति के केंद्रीय अध्यक्ष धी. रामहरि पेरियार ने स्पष्ट शब्दों में कहा पिछड़ा वर्ग को अलग–अलग जातियों और उपजातियों में बांटकर कमजोर किया गया है। अब समय आ गया है कि हम यह भ्रम तोड़ें। अलग-अलग लड़कर कुछ नहीं मिलेगा, एकजुट होकर लड़ेंगे तभी हक मिलेगा। उन्होंने साफ कहा कि आरक्षण कोई दया या कृपा नहीं, बल्कि संविधान से मिला अधिकार है, जिसे साजिशों और बहानों के जरिए छीना जा रहा है। सरकार केवल आश्वासन देकर पिछड़ा वर्ग को शांत रखना चाहती है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि जिला स्तर से लेकर प्रशासनिक नियुक्तियों तक पिछड़ा वर्ग को योजनाबद्ध तरीके से बाहर रखा जा रहा है।
     केंद्रीय अध्यक्ष ने चेतावनी भरे लहजे में कहा अगर आज भी पिछड़ा वर्ग एक नहीं हुआ, तो आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी।
यह लड़ाई अब सम्मान, अस्तित्व और भविष्य की है।
         बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अब केवल ज्ञापन देने की राजनीति खत्म होगी। आने वाले समय में गांव–गांव जनजागरण,
युवाओं की निर्णायक भागीदारी,
और जरूरत पड़ी तो सड़क से सदन तक टकराव तय है।
      बैठक में केंद्रीय संरक्षक विपिन गोप और केंद्रीय उपाध्यक्ष भारत गोप की भी सशक्त उपस्थिति रही। दोनों नेताओं ने आंदोलन को मजबूती देने का आह्वान करते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग को अब अपनी संख्या, शक्ति और संवैधानिक अधिकार का अहसास कराना होगा। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में जिले में निकल रही जिला सदस्य सहित अन्य विभिन्न वैकेंसियों में पिछड़ा वर्ग की भागीदारी शून्य है, जबकि योग्य, शिक्षित और पेशेवर पिछड़ा वर्ग के युवाओं को जानबूझकर हाशिये पर धकेला जा रहा है। यह सीधा-सीधा सामाजिक अन्याय और संवैधानिक उल्लंघन है।
डांगुवापोसी की इस बैठक से यह स्पष्ट संदेश गया कि पिछड़ा वर्ग अब चुप नहीं रहेगा। अब सहन नहीं करेगा। अब हक लेकर ही रुकेगा।
अंत में जिले के समस्त पिछड़ा वर्ग समाज से आह्वान किया गया कि वे इस आंदोलन को अपनी निजी लड़ाई समझें, सभी मतभेद भूलकर एकजुट हों और इस संघर्ष को निर्णायक अंजाम तक पहुंचाएं। मौके पर सोनाराम गोप,  सुखदेव, गोप, भरत गोप, विशाल गोप, दिवाकर गोप, आदि मौके पर उपस्थित रहे।

चक्रधरपुर अनुमंडल क्षेत्र में आग से झुलसने की दो घटनाएं, दो महिलाएं गंभीर

चक्रधरपुर अनुमंडल क्षेत्र में आग से झुलसने की दो घटनाएं, दो महिलाएं गंभीर

पश्चिम सिंहभूम : चक्रधरपुर अनुमंडल क्षेत्र में आग से झुलसने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। दोनों ही घटनाओं में घरेलू लापरवाही के कारण हादसा होने की बात कही जा रही है।

पहली घटना चक्रधरपुर प्रखंड के भरनियां पंचायत की है। यहां घर में खाना बनाते समय एक महिला अचानक आग की चपेट में आ गई। आग से महिला करीब 65 प्रतिशत तक झुलस गई। परिजनों ने उसे तत्काल चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया।

दूसरी घटना चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के सिकिदीकी गांव की है। यहां 22 वर्षीय महिला रात में ढबरी जलाकर सो गई थी। सोने के दौरान ढबरी पलट जाने से आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटनाओं के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि खाना बनाते समय और रात में ढबरी या अन्य ज्वलनशील वस्तुओं का उपयोग करते समय पूरी सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

बाल विवाह मुक्त झारखंड अभियान: चक्रधरपुर में अनुमंडल स्तरीय कार्यशाला आयोजित

बाल विवाह मुक्त झारखंड अभियान: चक्रधरपुर में अनुमंडल स्तरीय कार्यशाला आयोजित

पश्चिम_सिंहभूम : चक्रधरपुर रेलवे क्षेत्र के महात्मा गांधी सभागार में समाज कल्याण निदेशालय-झारखंड के तत्वाधान में “सुरक्षित एवं सशक्त महिला – सशक्त झारखंड” के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त झारखंड अभियान के तहत अनुमंडल स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती श्वेता भारती तथा प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, प्रखंड प्रमुख और अन्य वरीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथियों का स्वागत पौधा, अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर किया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी ने कहा कि जिले के सभी क्षेत्रों में इस तरह की कार्यशालाओं का आयोजन कर बालिकाओं को सामाजिक कुप्रथाओं के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाल विवाह और अन्य कुरीतियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती श्वेता भारती ने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए माताओं को पहले जागरूक होकर पहल करनी होगी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह से बच्चियों को मानसिक और शारीरिक कष्ट झेलना पड़ता है, जो उनके भविष्य को प्रभावित करता है।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, राज्य विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना, सामूहिक विवाह कार्यक्रम, निःशक्त कल्याणार्थ योजना, डायन कुप्रथा उन्मूलन कार्यक्रम सहित अन्य राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण घटक, डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम 2001 के बारे में भी जानकारी साझा की गई।

मझगांव सहित पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों के हमले, दो ग्रामीणों की मौत

मझगांव सहित पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों के हमले, दो ग्रामीणों की मौत

पश्चिमी सिंहभूम : मझगांव प्रखंड सहित अन्य क्षेत्रों में जंगली हाथियों के लगातार हमलों से लोगों में भय का माहौल है। बीते 10 दिनों में जिले में 20 से अधिक लोग इन हमलों में अपनी जान गंवा चुके हैं। कल मझगांव प्रखंड में हाथी हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
नव-नियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने पदभार ग्रहण करते ही पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। हाथी हमले में 19 वर्षीय दामोदर कुलड़ी और जेसीबी ऑपरेटर प्रकाश दास की असामयिक मौत से उनके परिवारों पर गहरा शोक छाया है।
भाजपा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि पार्टी मानव–हाथी संघर्ष के स्थायी समाधान, पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।