खुंटपानी : माटकोबेड़ा ग्राम संगठन, खुंटपानी में झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर महिलाओं ने राज्य के 25 वर्ष पूरे होने का उत्सव धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों के स्वागत और सामूहिक प्रार्थना से की गई। महिला समूह की दीदियों ने जेंडर शपथ, स्वास्थ्य शपथ तथा दस सूत्री शपथ ली।
कार्यक्रम में उपस्थित महिला समूहों ने विगत 25 वर्षों में महिलाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए आने वाले पाँच वर्षों में संगठनात्मक मजबूती, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक बदलाव से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। महिलाओं ने पौष्टिक आहार, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का संकल्प लिया।
संगठन द्वारा सामुदायिक निवेश राशि और बैंक से प्राप्त ऋण की शत-प्रतिशत वापसी पर भी जोर दिया गया। बैठक में 4 अति पिछड़ा परिवार तथा 2 एकल/विधवा परिवारों की पहचान कर VRF मद से सहयोग प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
अतिथियों का संबोधन
पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक मनोज रजक ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में महिलाओं की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है और बैंक महिला समूहों को हर संभव सहयोग देगा।
खुंटपानी प्रखंड के अंचल पदाधिकारी श्री फूलेश्वर साव ने भूमि से संबंधित समस्याओं में सहयोग का आश्वासन देते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
राज्य टीम से आए विशिष्ट अतिथि कुणाल कुमार सिन्हा ने कहा कि महिलाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं, लेकिन संगठन को कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर और कार्य करने की आवश्यकता है, जिससे महिलाओं का सर्वांगीण विकास संभव हो सके।
मुख्य अतिथि सिद्धार्थ होनहागा ने अपने संबोधन में नशा मुक्ति, युवाओं को मुख्यधारा और शिक्षा से जोड़ने, बाल विवाह उन्मूलन तथा अंधविश्वास से मुक्ति जैसे मुद्दों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज की उन्नति का आधार है और बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक अशियानी मार्की ने किया तथा सभी अतिथियों और दीदियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर खुंटपानी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्री ग्रेगोरी तिग्गा, सामुदायिक समन्वयक लक्ष्मी सवैंया, प्रतिमा गोप तथा सेतु दीदी सुनिता तियु उपस्थित रहीं।


