चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिला के कांग्रेस प्रवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने शनिवार को चाईबासा परिसदन में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने रक्त अधिकोष, चाईबासा का लाइसेंस जल्द जारी करने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि सदर अस्पताल, चाईबासा दूर-दराज से आने वाले मरीजों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। यहां फिलहाल रक्त का केवल भंडारण हो रहा है, लेकिन लाइसेंस नहीं होने के कारण जरूरत के अनुसार रक्त उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

त्रिशानु राय ने कहा कि आपातकालीन ऑपरेशन के समय रक्त की कमी के कारण मरीजों को जमशेदपुर और रांची रेफर करना पड़ता है, जिससे उनकी स्थिति गंभीर हो जाती है। साथ ही, मरीजों के परिजनों को एमजीएम, जमशेदपुर जैसे स्थानों से रक्त लाना पड़ रहा है, जो एक बड़ी समस्या है।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आश्वासन दिया कि मामले में जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

