चाईबासा | उप विकास आयुक्त ने टोंटो प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माणाधीन कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान एनआरईपी, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल चाईबासा, लघु सिंचाई प्रमंडल चाईबासा के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता, भवन निर्माण विभाग चाईबासा के कनीय अभियंता, सरेंगसिया पंचायत के मुखिया, संबंधित विभागों तथा क्रियान्वयन एजेंसियों के कर्मी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में 15वें वित्त आयोग मद से निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टोंटो का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्राक्कलन एवं स्वीकृत प्रारूप के अनुरूप कराए जा रहे कार्यों की विस्तृत जांच की गई तथा संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।

इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, टोंटो में डीएमएफटी मद से निर्माणाधीन चारदीवारी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं ने परिसर में पेयजल की बेहतर व्यवस्था, छत एवं सीढ़ी की मरम्मत तथा अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों की आवश्यकता से अवगत कराया। इस पर उप विकास आयुक्त ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों का प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत विद्यालय परिसर में खेल मैदान विकसित करने का निर्देश सहायक अभियंता को दिया गया।

विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना तथा ग्रामीण विकास विभाग की अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान लाभुकों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

मानव दिवस सृजन से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान कंप्यूटर सहायक संतोष मालुवा, रोजगार सेवक जितेंद्र आलड़ा, हरिनंदन पंडित एवं अनवरूल हक बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित पाए गए। उप विकास आयुक्त ने इनके विरुद्ध जारी स्पष्टीकरण पत्र को संलग्न करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रखंड स्तर पर सभी लंबित योजनाओं में मस्टर रोल जारी करने का निर्देश दिया गया।

श्रमिकों की उपस्थिति एनएमएमएस के माध्यम से दर्ज करने को लेकर रोजगार सेवकों एवं महिला मेट के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित करने तथा इसकी दैनिक रूप से निगरानी करने का निर्देश भी दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने पंचायत भवनों में 15वें वित्त आयोग मद से कराए जा रहे सुदृढ़ीकरण कार्यों, स्वीकृत योजनाओं की प्रगति एवं व्यय की स्थिति की भी समीक्षा की। सरेंगसिया पंचायत के ग्राम पदमपुर स्थित विद्यालय परिसर में 15वें वित्त आयोग मद से निर्मित पेवर ब्लॉक कार्य का भौतिक निरीक्षण किया गया।

इसके अलावा सरेंगसिया शहीद स्मारक स्थल के सामने जिला अनाबद्ध निधि से एनआरईपी, चाईबासा द्वारा निर्माणाधीन संग्रहालय का भी निरीक्षण किया गया। उप विकास आयुक्त ने संबंधित सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता को निर्माण कार्य में आवश्यक तेजी लाते हुए इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

