सुफलसाई चौक में भगवन बिरसा मुंडा की नई आदमकद प्रतिमा स्थापित

चाईबासा के सुफलसाई चौक स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुरानी प्रतिमा, जो वर्षों पूर्व स्थापित की गई थी, अब जीर्णोद्धार के बाद नई और भव्य रूप में स्थापित की गई है। पुरानी प्रतिमा जर्जर और आंशिक रूप से खंडित हो चुकी थी।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए पश्चिम सिंहभूम जिला उपायुक्त चंदन कुमार को पत्र लिखकर प्रतिमा के जीर्णोद्धार और स्थल के सौंदर्यीकरण की मांग की थी। उपायुक्त ने इस पर कार्रवाई करते हुए एसआर रुंगटा माइन लिमिटेड को सीएसआर मद के तहत कार्य का जिम्मा सौंपा।

अब एसआर रुंगटा ग्रुप, चालियामा स्टील प्लांट के सहयोग से नई प्रतिमा का निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रतिमा का निर्माण चक्रधरपुर के प्रसिद्ध शिल्पकार सुधीर पाल द्वारा किया गया है।

हर वर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर वीर बिरसा मुंडा स्मारक समिति, चाईबासा के तत्वावधान में सुफलसाई चौक पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।

समिति के संरक्षक मोनिका बोयपाई, अध्यक्ष अर्जुन बानरा और अन्य सदस्यों ने उपायुक्त, एसआर रुंगटा ग्रुप और पहलकर्ता त्रिशानु राय को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है। वहीं, त्रिशानु राय ने भी जिला प्रशासन और रुंगटा ग्रुप को इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया है, ताकि भगवान बिरसा मुंडा के वीरता, संघर्ष और बलिदान को सदैव याद रखा जा सके।

By maskal.news

You May Also Like