Blog

मनरेगा बचाओ अभियान: चाईबासा में कांग्रेस की प्रेसवार्ता, केंद्र सरकार पर गरीब विरोधी नीतियों का आरोप

मनरेगा बचाओ अभियान: चाईबासा में कांग्रेस की प्रेसवार्ता, केंद्र सरकार पर गरीब विरोधी नीतियों का आरोप

चाईबासा : कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ अभियान के तहत शनिवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि मनरेगा कोई साधारण योजना नहीं, बल्कि संविधान से मिला काम का अधिकार है, जिसकी रक्षा के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण मजदूरों के सम्मान, रोजगार, मजदूरी और समय पर भुगतान के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।

डॉ. बलमुचू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर मजदूरों के अधिकार को खैरात में बदलना चाहती है, जिसका कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि नए प्रावधानों के तहत केंद्र सरकार का खर्च 90 प्रतिशत से घटाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है, जबकि राज्य सरकारों पर 40 प्रतिशत का बोझ डाला जा रहा है, जिससे राज्यों की आर्थिक स्थिति कमजोर होगी और विकास कार्य प्रभावित होंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार एक ओर देश के अरबपतियों का कर्ज माफ कर रही है, वहीं दूसरी ओर गरीबों की रोजगार गारंटी वाली योजना को खत्म करने की कोशिश कर रही है। डॉ. बलमुचू ने इसे संघीय ढांचे पर हमला बताते हुए कहा कि राज्यों से अधिकार और धन छीना जा रहा है तथा यह फैसला बिना कैबिनेट चर्चा के प्रधानमंत्री कार्यालय से लिया गया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा को खत्म करने का उद्देश्य गरीबों से रोजगार छीनना है।

मनरेगा के विरोध में कांग्रेस ने आर-पार की लड़ाई का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि 5 जनवरी 2026 को महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल, मोरहाबादी (रांची) से पदयात्रा कर कांग्रेसजन लोकभवन पहुंचेंगे। प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई और जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय भी उपस्थित थे।

चक्रधरपुर धान अधिप्राप्ति केंद्र में अवैध वसूली का आरोप, किसानों के शोषण पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

चक्रधरपुर धान अधिप्राप्ति केंद्र में अवैध वसूली का आरोप, किसानों के शोषण पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

चक्रधरपुर : कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी एवं प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह सामाड ने चक्रधरपुर के धान अधिप्राप्ति केंद्रों में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने का दावा कर रही है, लेकिन चक्रधरपुर में बिचौलियों और कुली प्रथा के कारण किसानों का शोषण हो रहा है।
गोपीनाथपुर लैम्पस द्वारा संचालित चक्रधरपुर गोदाम में धान अधिप्राप्ति के दौरान किसानों से अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। किसानों का आरोप है कि गोदाम में तैनात कुली ऑनलोडिंग के नाम पर प्रति बोरा 10 रुपये की मांग कर रहे हैं, जिससे किसानों पर प्रति क्विंटल 20 रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। नियमों के अनुसार सरकारी खरीद केंद्रों पर इस प्रकार की वसूली पूरी तरह गलत है।
विजय सिंह सामाड ने उपायुक्त के नाम पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सौंपते हुए बताया कि धान खरीद की प्रक्रिया 15 दिसंबर से शुरू होनी थी, लेकिन यह दो दिन की देरी से 17 दिसंबर को शुरू हुई। बीते 17 दिनों में मात्र पांच-छह दिन ही खरीद हो सकी है। आरोप है कि लगभग 1000 टन धान की खरीद के बाद मशीन बंद कर दी जाती है, जिससे दूर-दराज से आए किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति पर्व नजदीक है और किसानों को नकदी की जरूरत है, लेकिन सरकारी केंद्रों पर खरीद की धीमी और अनिश्चित प्रक्रिया के कारण किसान मजबूरी में अपनी उपज हाट-बाजार में कम दामों पर बेच रहे हैं।
विजय सिंह सामाड ने मांग की है कि धान की खरीद प्रक्रिया नियमित रूप से संचालित की जाए और ऑनलोडिंग के नाम पर हो रही अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। पत्र की प्रतिलिपि डीएसओ चाईबासा, एसडीओ चक्रधरपुर, एमओ चक्रधरपुर एवं बीडीओ चक्रधरपुर को भी दी गई है।
इस अवसर पर प्रखंड महासचिव भोलेनाथ बोदरा, मुंगा लाल सरदार, महेंद्र सामाड, गिरधारी महतो, राजेश प्रधान, अनिल उरांव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

शिक्षा को हथियार बनाया रामहरि पेरियार ने, गुवा के ग्रामीण बच्चों को मिला नया हौसला

शिक्षा को हथियार बनाया रामहरि पेरियार ने, गुवा के ग्रामीण बच्चों को मिला नया हौसला

जगन्नाथपुर : ग्रामीण अंचलों में शिक्षा की जड़ों को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत मानवाधिकार परिषद झारखंड प्रदेश महासचिव सह राँची लोस एवं ईचागढ़ विस क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके पूर्व प्रत्याशी धी. रामहरि पेरियार ने गुवासाई स्थित अबुआ क्रीड़ा विद्यालय प्ले स्कूल में लगभग 30 जरूरतमंद बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल एवं रबर का वितरण किया। इस सामाजिक प्रयास का उद्देश्य केवल शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बच्चों के मन में यह विश्वास जगाना था कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो किसी भी परिस्थिति को बदल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए रामहरि पेरियार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो केवल सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की। उन्होंने बच्चों से नियमित विद्यालय जाने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का पढ़ा-लिखा बच्चा ही कल के मजबूत समाज की नींव रखेगा।
शिक्षा सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर जो मुस्कान और आंखों में जो चमक दिखाई दी, उसने इस पहल की सार्थकता को स्वयं बयां कर दिया। बच्चों ने भी बेहतर प्रदर्शन करने और पढ़ाई में आगे बढ़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद माहौल उत्साह, आशा और सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहा।
इस मौके पर उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई बार बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो जाती है। ऐसे में इस तरह की पहल न केवल बच्चों को पढ़ाई से जोड़ती है, बल्कि अभिभावकों को भी यह भरोसा देती है कि समाज उनके बच्चों के भविष्य के साथ खड़ा है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि रामहरि पेरियार का यह प्रयास सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण है। यह पहल यह संदेश देती है कि जब जनप्रतिनिधि और समाज के जागरूक लोग शिक्षा को प्राथमिकता देते हैं, तभी ग्रामीण क्षेत्रों में वास्तविक बदलाव संभव हो पाता है। लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
    इस कार्यक्रम में प्रधान सिंकु कुमारडुंगी, लक्ष्मण चातर (मझगांव), रमेश जेराई (चाईबासा), बीरबल होनहागा (टोंटो), महताम बिरुआ (हाटगमरिया), चांदमनी लागुरी, मुखिया राजू पान, शिक्षक कंचन कुमारी (पिंगुवा) सहित लक्ष्मी बारी, लक्ष्मी बोबोंगा, फूलमति दास, चंपा नाग, अनीता पूरती, कविता पूरती, जोनी पूरती, शिला मिछरी एवं पिंकी पूरती समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इस पहल की सराहना करते हुए इसे निरंतर जारी रखने की मांग की।

राजनगर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक समेत तीन गंभीर घायल

राजनगर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक समेत तीन गंभीर घायल

राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में टांगरानी और खेरकोचा गांव के बीच गाड़ासाई पुलिया के पास शुक्रवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक समेत दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक और एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

घायलों की पहचान जोटा गांव निवासी प्रह्लाद सरदार, सोनामनी सरदार और बैसाखी सरदार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

मनरेगा बचाओ अभियान के तहत चाईबासा में कांग्रेस की प्रेस वार्ता

मनरेगा बचाओ अभियान के तहत चाईबासा में कांग्रेस की प्रेस वार्ता

चाईबासा : कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ अभियान के तहत शनिवार, 03 जनवरी 2026 को दोपहर 12:30 बजे कांग्रेस भवन, चाईबासा में एक प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। प्रेस वार्ता को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू संबोधित करेंगे। इस अवसर पर मनरेगा से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस का पक्ष रखा जाएगा। प्रेस वार्ता में समाचार संकलन हेतु प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

सरायकेला में शिबू सोरेन गोलंबर निर्माण की मांग

सरायकेला में शिबू सोरेन गोलंबर निर्माण की मांग

सरायकेला-खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिला झामुमो उपाध्यक्ष भोला महंती के लिखित आवेदन पर सिंहभूम सांसद जोबा माझी एवं खरसावां विधायक दशरथ गागराई की अनुशंसा के साथ झामुमो के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई है कि झारखंड राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले और झारखंड के सर्वमान्य राजनीतिक नेता स्वर्गीय शिबू सोरेन की स्मृति में सरायकेला न्यायालय के निकट (पेट्रोल पंप के पास) राजनगर जाने वाली बाइपास सड़क के मोड़ पर एक गोलंबर का निर्माण कर वहां उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए तथा उसे “शिबू सोरेन गोलंबर” नाम दिया जाए। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इससे जिलेवासियों को गौरव की अनुभूति होगी और यह गुरूजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। साथ ही उक्त स्थल पर गोलंबर बनने से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से लेते हुए स्थल जांच कराने के बाद गोलंबर निर्माण एवं शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला महंती, साहित्य एवं संस्कृति मोर्चा जिला अध्यक्ष अविनाश कबी, नगर सचिव तपन कामिला, कृष्णा राणा एवं गौतम नायक शामिल थे।

समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित

समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित

सरायकेला : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनकी उपायुक्त ने क्रमवार सुनवाई की।

जनता दरबार में प्रमुख रूप से मुड़कुम ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन जलमीनार योजना में अनियमितता, कार्य की धीमी प्रगति एवं छूटे हुए गांवों को योजना से जोड़ने, जलसहिया का पिछले दो वर्षों से लंबित मानदेय भुगतान, गम्हरिया अंचल के इटागढ़ मौजा में सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के अनुपालन, सरकारी भूमि के उपयोग एवं ग्रामीणों की भूमि के अधिग्रहण से परहेज से जुड़े मामले सामने आए।

इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र के सरायकेला वार्ड संख्या–06 में जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र के स्थान पर नए भवन निर्माण तथा नया भवन बनने तक आंगनबाड़ी केंद्र को किसी अन्य उपयुक्त भवन में संचालित करने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुआ।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों, अंचल एवं नगर निकाय के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की नियमों के अनुरूप त्वरित जांच कर समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां शीघ्र निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि बाल विकास, पेयजल, सड़क सुरक्षा एवं जनसुविधा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित पदाधिकारी प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करें।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: खरसावाँ के श्री सीमेंट परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: खरसावाँ के श्री सीमेंट परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सरायकेला : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत द्वितीय दिवस पर शुक्रवार को श्री सीमेंट, खरसावाँ परिसर में जिला परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “सतर्क चालक, सुरक्षित जीवन” रहा।
इस अवसर पर लगभग 100 वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। परामर्श सत्र में चलती वाहन से चढ़ने-उतरने, ओवरलोडिंग, रात्रि के समय कम दृश्यता तथा गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के खतरों पर विशेष रूप से जानकारी दी गई। साथ ही सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार, मोटरयान निरीक्षक रवि प्रसाद एवं सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान सभी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई, ताकि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सहित अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।

जर्जर चाईबासा–सरायकेला–कांड्रा मार्ग पर टोल वसूली को लेकर पवन शंकर पांडेय ने जताई नाराजगी

जर्जर चाईबासा–सरायकेला–कांड्रा मार्ग पर टोल वसूली को लेकर पवन शंकर पांडेय ने जताई नाराजगी

चक्रधरपुर : जर्जर चाईबासा–सरायकेला–कांड्रा मार्ग पर टोल टैक्स वसूली को लेकर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष पवन शंकर पांडेय ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत बेहद खराब है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही है और टोल टैक्स वसूला जा रहा है, जो चिंताजनक है। पांडेय ने राज्य के मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से इस मामले में संज्ञान लेने की मांग की है। साथ ही सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और टोल टैक्स वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।

बंदगांव में दो दिवसीय नववर्ष खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

बंदगांव में दो दिवसीय नववर्ष खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

बंदगांव : बंदगांव प्रखंड के मतकमबेड़ा मैदान में नववर्ष 2026 के अवसर पर दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन पहले दिन मुख्य अतिथि मुखिया कुश पूर्ति एवं सुमिता होता फाउंडेशन के अध्यक्ष सदानंद होता ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के पहले दिन बच्चों की दौड़, छोटी बच्चियों की दौड़, बोरा दौड़, बड़ी लड़कियों की दौड़, तीन पैर दौड़, लड़कियों व लड़कों की रिले रेस, बुजुर्गों की दौड़, जीके रेस, युवाओं की दौड़ तथा साइकिल रेस का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं का फाइनल शुक्रवार को होगा।

इस अवसर पर मुखिया कुश पूर्ति और सदानंद होता ने कहा कि खेलों से लोगों का मानसिक विकास होता है। गांव में इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।

कार्यक्रम में अगस्त बोदरा, राजेश प्रधान, चंद मोहन बांकिरा, सादो बोदरा, ग्राम मुंडा कजुरा बोदरा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।