चाईबासा कांग्रेस भवन में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत-सम्मान

चाईबासा कांग्रेस भवन में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत-सम्मान

चाईबासा | कांग्रेस भवन, चाईबासा में शुक्रवार को जिला अध्यक्ष रंजन बोयपाई की अध्यक्षता में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी में पश्चिम सिंहभूम जिले के स्थानीय नेताओं को विभिन्न पदों पर मनोनीत किए जाने पर उनका सम्मान किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव राम सिंह सावैयां, मायाधर बेहरा तथा संयुक्त सचिव नितिमा बारी का स्वागत किया गया। साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमिटी में जगन्नाथपुर विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु को राजनीतिक मामलों की समिति का सदस्य, पूर्व विधायक देवेन्द्र नाथ चांपिया को समन्वय समिति का सदस्य, सुनित शर्मा को महासचिव, चंद्रशेखर दास को सचिव, सौरभ अग्रवाल एवं विवेक विशाल प्रधान को संयुक्त सचिव बनाए जाने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।

समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक विस्तार और नई नियुक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्थानीय नेताओं को प्रदेश कमिटी में जिम्मेदारी सौंपा जाना झारखंड में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभारी के. राजू एवं प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में सार्थक पहल की जा रही है। प्रदेश स्तर पर किए गए इन बदलावों से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारी जमीनी स्तर से जुड़े होने के कारण संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाएंगे।

जिला अध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के सतत मार्गदर्शन में पश्चिम सिंहभूम जिले में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि नई कमिटी में सभी वर्गों, जातियों और समुदायों को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है, जो कांग्रेस की समावेशी सोच को दर्शाता है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रदेश नेतृत्व को बधाई देते हुए कहा कि इससे झारखंड में कांग्रेस और अधिक सशक्त होकर उभरेगी।

कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां सहित विजय तिग्गा, जानवी कुदादा, राखी सालुजा, सुनीता लकड़ा, मंजु बिरुवा, लक्ष्मी बेसरा, शिवकर बोयपाई, समीर सुंडी, सुरसेन टोपनो, मेवालाल होनहागा, आशीष बेहरा, जगदीश सुंडी, महाबीर प्रसाद, सूरज सुंडी, शिव शंकर सावैयां, ठाकुर बानरा, मथुरा चांपिया, प्रधान सिंकु, प्रताप पुरती, सनातन बिरुवा, बोंज बानरा, गोपाल बोदरा, सुशील दास समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

NEET (UG) 2026 परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन

NEET (UG) 2026 परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन

सरायकेला | झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शुक्रवार शाम सरायकेला के गराज चौक में NEET (UG) 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और भारी अनियमितताओं के विरोध में केंद्र सरकार एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने किया।

Admissions Open | Contact : +91 9899613747

प्रदर्शन में झामुमो के केंद्रीय, जिला, नगर, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी, छात्र मोर्चा के सदस्य, विभिन्न वर्ग संगठनों के कार्यकर्ता, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा एवं आम नागरिक शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के भविष्य के साथ कथित खिलवाड़ पर आक्रोश जताया।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि देश की महत्वपूर्ण परीक्षा NEET में पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले सामने आना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की लापरवाही और संबंधित विभाग की विफलता के कारण लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है।

Book your slot today : +91 7250214782

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं न केवल परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को प्रभावित करती हैं, बल्कि युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और देश के भविष्य पर भी नकारात्मक असर डालती हैं। डॉ. महतो ने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है और केवल जुमलेबाजी के सहारे देश चलाना चाहती है।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि मामले में संलिप्त सभी लोगों के खिलाफ निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें।
झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई और भविष्य में परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित नहीं की गई, तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक व्यापक आंदोलन करेगी।

Book your slot today : +91 7250214782

विरोध-प्रदर्शन में सरायकेला नगर पंचायत चेयरमैन मनोज चौधरी, वाइस चेयरमैन अविनाश कवि, झामुमो नगर अध्यक्ष शम्भू आचार्य, जिला उपाध्यक्ष भोला मोहन्ति, केंद्रीय सदस्य सुधीर महतो एवं विशु हेमब्रम, जिला संगठन सचिव जगदीश महतो, युवा नेता सन्नी सिंह सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता, कार्यकर्ता, छात्र एवं युवा उपस्थित रहे।

चाईबासा में बाल-संवेदनशील पुलिसिंग पर कार्यशाला आयोजित, CWPO को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

चाईबासा में बाल-संवेदनशील पुलिसिंग पर कार्यशाला आयोजित, CWPO को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

चाईबासा | पश्चिम सिंहभूम पुलिस विभाग द्वारा यूनिसेफ एवं सेंटर फॉर चाइल्ड राइट्स (CCR), NUSRL के तकनीकी सहयोग से पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में “बाल-संवेदनशील पुलिसिंग: मामले का दस्तावेजीकरण और बाल-संवेदनशील प्रक्रियाएं” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष किशोर पुलिस इकाइयों (SJPU) को सशक्त बनाना तथा बाल संरक्षण से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक संवेदनशील और प्रभावी बनाना था।

Admissions Open | Contact : +91 9899613747

कार्यशाला में रांची जिले के विभिन्न थानों से आए 39 बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों (CWPO) ने भाग लिया। इस दौरान पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) एवं पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) के तहत मामलों के उचित दस्तावेजीकरण और बाल-संवेदनशील प्रक्रियाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Book your slot today : +91 7250214782

पुलिस लाइन के मेजर मंसूर गोप ने बताया कि यूनिसेफ और CCR, NUSRL के सहयोग से सभी बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों के लिए सात चरणों में संवेदनशीलता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का पांचवां चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत CCR, NUSRL के अनिरुद्ध सरकार के स्वागत भाषण एवं प्रशिक्षण-पूर्व मूल्यांकन सत्र के साथ हुई। तकनीकी सत्र में यूनिसेफ से जुड़े बाल संरक्षण अधिकारी गौरव कुमार ने किशोर न्याय अधिनियम 2015 और झारखंड किशोर न्याय नियम 2017 के अंतर्गत बाल-संवेदनशील पुलिसिंग के सिद्धांतों पर विस्तार से जानकारी दी।

Book your slot today : +91 7250214782

उन्होंने गरिमा, गोपनीयता, भेदभाव-रहित दृष्टिकोण और बाल हित सर्वोपरि रखने जैसे विषयों के साथ-साथ बाल भिक्षावृत्ति, मादक पदार्थों की तस्करी और बाल अपराध से जुड़े मामलों की पहचान एवं कार्रवाई की प्रक्रिया पर भी चर्चा की।
कार्यशाला के दौरान बाल विवाह, लैंगिक शोषण तथा विधि से संघर्षरत बच्चों (CCL) से संबंधित मामलों पर केस स्टडी आधारित अभ्यास कराया गया। वहीं, बाल कल्याण समिति के सदस्य मोहम्मद समीम ने प्रतिभागियों की क्षमता आकलन और भविष्य की रणनीतियों पर समूह चर्चा का संचालन किया। कार्यक्रम में पालक देखभाल (Foster Care) एवं आफ्टर केयर योजनाओं की भी जानकारी साझा की गई।
इसके अतिरिक्त, पीसीआई इंडिया के सलाहकार हिमांशु जेना ने बाल विवाह उन्मूलन सहित विभिन्न बाल संरक्षण मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

नीट-यूजी परीक्षा 21 जून को दोबारा होगी, शिक्षा मंत्री ने किए बड़े ऐलान

नीट-यूजी परीक्षा 21 जून को दोबारा होगी, शिक्षा मंत्री ने किए बड़े ऐलान

दिल्ली | राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET-UG परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा में पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद सरकार ने परीक्षा रद्द कर दी थी। अब NEET-UG परीक्षा का दोबारा आयोजन 21 जून 2026 को किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परीक्षा से जुड़ी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और पेपर लीक मामले की जांच की जानकारी दी। उन्होंने स्वीकार किया कि परीक्षा प्रणाली में चूक हुई है और इसकी जिम्मेदारी भी ली।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षार्थियों को 14 जून तक एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे। साथ ही छात्रों को अपनी पसंद का परीक्षा शहर चुनने के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

Admissions Open | Contact : +91 9899613747

सरकार की ओर से यह भी घोषणा की गई कि परीक्षार्थियों के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और परीक्षा के दौरान छात्रों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट कहा कि दोबारा परीक्षा के कारण छात्रों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ने दिया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष से NEET परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी, ताकि पारदर्शिता और सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।

Book your slot today : +91 7250214782

वहीं, NTA ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर परीक्षा की नई तारीख की आधिकारिक घोषणा की। एजेंसी ने कहा कि भारत सरकार की स्वीकृति के बाद NEET (UG) परीक्षा का पुनर्नियोजन 21 जून 2026, रविवार को किया गया है।

Book your slot today : +91 7250214782

NTA ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करने की अपील की है। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए NTA ने हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 जारी किए हैं। इसके अलावा अभ्यर्थी neet-ug@nta.ac.in पर ईमेल के माध्यम से भी संपर्क कर सकते हैं।

पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों पर सियासत तेज, विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेरा

पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों पर सियासत तेज, विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेरा


नई दिल्ली | पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर देश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। चुनावी माहौल समाप्त होते ही ईंधन के दामों में हुई वृद्धि पर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है, ऐसे में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।

Admissions Open | Contact : +91 9899613747

विपक्ष का कहना है कि चुनाव के दौरान जनता को राहत मिलने की उम्मीद दिखाई जाती है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही महंगाई का बोझ सीधे आम लोगों पर डाल दिया जाता है। विपक्षी नेताओं ने इसे आम जनता के साथ अन्याय बताते हुए सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की है।

Book your slot today : +91 7250214782

हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से इस मुद्दे पर अब तक कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस बीच, सोशल मीडिया पर भी पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर तीखी बहस देखने को मिल रही है। विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थक एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

Book your slot today : +91 7250214782

आम लोगों के बीच भी बढ़ती ईंधन कीमतों को लेकर चिंता और नाराजगी साफ दिखाई दे रही है, खासकर उन लोगों में जो रोजमर्रा के कामकाज और परिवहन के लिए पेट्रोल और डीजल पर निर्भर हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर परिवहन, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है, जिससे महंगाई और बढ़ने की आशंका है।

चाईबासा सदर अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर भाजपा नेता ने उठाए सवाल

चाईबासा सदर अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर भाजपा नेता ने उठाए सवाल

चाईबासा | भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पवन शंकर पांडे ने चाईबासा सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले का एकमात्र सदर अस्पताल खुद बदहाल स्थिति में है, जिसके कारण मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

Admissions Open | Contact : +91 9899613747

पवन शंकर पांडे ने कहा कि अस्पताल में बड़े-बड़े भवन तो बना दिए गए हैं, लेकिन चिकित्सकों की भारी कमी बनी हुई है। कई विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद अब भी रिक्त हैं, जिससे मरीजों को इलाज में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में जनरेटर की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बिजली कटौती के दौरान मरीजों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ती है। बिजली चले जाने पर वार्डों में पंखे बंद हो जाते हैं और कई बार ऑपरेशन तक टॉर्च की रोशनी में करने की नौबत आ जाती है।

Book your slot today : +91 7250214782

उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में एमआरआई, सीटी स्कैन समेत कई आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है। इसके कारण मरीजों को जांच और इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। पांडे ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम एक आदिवासी बहुल एवं पिछड़ा जिला है, जहां अधिकांश लोगों के पास निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने के संसाधन उपलब्ध नहीं हैं।

Book your slot today : +91 7250214782

भाजपा नेता ने ब्लड बैंक की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से सदर अस्पताल के ब्लड बैंक से मरीजों को रक्त उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उनके अनुसार अब तक ब्लड बैंक को लाइसेंस नहीं मिलने के कारण लोगों को रक्त के लिए जमशेदपुर जाना पड़ता है, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग चाईबासा सदर अस्पताल की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है। विभिन्न प्रखंडों एवं अनुमंडल अस्पतालों से मरीजों को सदर अस्पताल रेफर किया जाता है, लेकिन वहां से भी कई मरीजों को एमजीएम अस्पताल भेज दिया जाता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अंत में पवन शंकर पांडे ने राज्य सरकार से मांग की कि चाईबासा सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द सुदृढ़ किया जाए, ताकि जिले के लोगों को इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।

चक्रधरपुर-सोनुआ मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, तीन युवकों की मौत

चक्रधरपुर-सोनुआ मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, तीन युवकों की मौत

चक्रधरपुर | चक्रधरपुर-सोनुआ मुख्य मार्ग पर कॉन्सेप्ट पब्लिक स्कूल के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक और एक बस के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

Admissions Open | Contact : +91 9899613747

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Book your slot today : +91 7250214782

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।

Book your slot today : +91 7250214782

जिला उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

जिला उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

चक्रधरपुर | जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत लाभुकों को उपलब्ध कराए जा रहे टूलकिट वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत संचालित गतिविधियों एवं लाभुकों की वर्तमान स्थिति की भी विस्तार से जानकारी ली गई।

Admissions Open | Contact : +91 9899613747

बैठक के दौरान उपायुक्त ने DRP पोर्टल पर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। वहीं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत लंबित ऋण मामलों के निष्पादन में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।

Book your slot today : +91 7250214782

समीक्षा बैठक में चिरोंजी उत्पादन इकाई की स्थापना से संबंधित कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने इलेक्ट्रिक चाक एवं पेडल मशीन प्राप्त लाभुकों की स्थिति की जानकारी लेते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लाभुकों तक योजनाओं का समुचित लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

Book your slot today : +91 7250214782

उपायुक्त ने जिले के प्रत्येक प्रखंड में स्थानीय उत्पादों की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य करने को कहा। इसके अलावा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) गतिविधियों के तहत जेल में बंद कैदियों को कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान करने की योजना पर भी चर्चा की गई, ताकि उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जा सके।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी चक्रधरपुर, जिला उद्योग पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

सोनुवा के देवां गांव में बिरसाईत समाज का 38वां धर्म दिवस शुरू, सांसद जोबा माझी ने किया बिरसा आबा की प्रतिमा का अनावरण

सोनुवा के देवां गांव में बिरसाईत समाज का 38वां धर्म दिवस शुरू, सांसद जोबा माझी ने किया बिरसा आबा की प्रतिमा का अनावरण

सोनुवा | गुदड़ी प्रखंड के सुदूरवर्ती देवां गांव में बिरसाईत समाज का तीन दिवसीय 38वां धर्म दिवस शुक्रवार को सामूहिक प्रार्थना के साथ शुरू हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम सांसद जोबा माझी शामिल हुईं। इस अवसर पर सांसद के हाथों भगवान बिरसा मुंडा के तीसरे अवतार माने जाने वाले बिरसा आबा (रान्दो बरजो) की प्रतिमा का अनावरण किया गया।

Admissions Open | Contact : +91 9899613747

कार्यक्रम में बताया गया कि बिरसा आबा ने क्षेत्र में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव को बढ़ावा देने का कार्य किया था। बिरसाईत समाज के लोग भगवान बिरसा मुंडा और बिरसा आबा द्वारा बताए गए सादगीपूर्ण जीवन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेते हैं।
इस मौके पर धर्म संचालक बिरसा मुंडा एवं धर्म दादा रामाय मुंडा ने बिरसा आबा के जीवन और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही बिरसाईत समाज एवं क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की ओर सांसद का ध्यान आकर्षित करते हुए उनके समाधान की मांग की गई।

Book your slot today : +91 7250214782

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि बिरसाईत समाज अहिंसा, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह समाज नशापान और अंधविश्वास से दूर रहकर प्रकृति पूजा एवं नैतिक जीवन जीने की सीख देता है। उन्होंने बिरसाईत समाज की समस्याओं के शीघ्र समाधान तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने का आश्वासन दिया। साथ ही समाज के लोगों से एकजुट होकर समाज की बेहतरी के लिए कार्य करने की अपील की।

Book your slot today : +91 7250214782

तीन दिवसीय धर्म दिवस कार्यक्रम में गुदड़ी प्रखंड के विभिन्न गांवों के अलावा बंदगांव एवं खूंटी जिले से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में धर्म दादा सुखराम मुंडा, राजेंद्र मुंडा, धर्म संचालक बिरसा मुंडा, गुदड़ी थाना प्रभारी सुदर्शन मिंज, धर्म दादा चिलगी मुंडाइन, मंगरा मुंडा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुनील बुढ़, आकाश भेंगरा, विश्वनाथ पान, दिनेश मुंडा, रंदाय लांग, बुधु मुंडा, कैरी मुंडाइन, सोमवारी मुंडाइन, मंगरा आबा समेत बड़ी संख्या में बिरसाईत समाज के लोग उपस्थित थे।

कोल्हान विश्वविद्यालय में NSS की दो दिवसीय बैठक संपन्न, युवा सहभागिता और समाज सेवा को मजबूत बनाने पर जोर

कोल्हान विश्वविद्यालय में NSS की दो दिवसीय बैठक संपन्न, युवा सहभागिता और समाज सेवा को मजबूत बनाने पर जोर

चाईबासा | कोल्हान विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) से संबंधित दो दिवसीय बैठकों का सफलतापूर्वक समापन हुआ। पहले दिन कार्यक्रम पदाधिकारियों की वार्षिक बैठक तथा दूसरे दिन 6वीं NSS सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। दोनों बैठकों में NSS गतिविधियों को सशक्त बनाने, युवाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा समाज सेवा से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
पहले दिन आयोजित वार्षिक बैठक में NSS क्षेत्रीय निदेशक, पटना विनय कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से लगभग 40 कार्यक्रम पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता एवं कुलसचिव डॉ. रंजीत कुमार कर्ण उपस्थित रहे।

Admissions Open | Contact : +91 9899613747

स्वागत भाषण में कुलसचिव डॉ. रंजीत कुमार कर्ण ने सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए NSS गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम पदाधिकारी अपने-अपने महाविद्यालयों में NSS गतिविधियों को और अधिक सक्रियता के साथ संचालित करें।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने कहा कि NSS के माध्यम से शिक्षा, सामाजिक कार्य एवं सामाजिक जिम्मेदारियों को समाज से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने कार्यक्रम पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक NSS इकाई एक गांव को गोद लेकर वहां निरंतर विकास एवं जागरूकता संबंधी कार्य करे। उन्होंने NSS के मूलमंत्र “Not Me But You” को आत्मसात करने का आह्वान भी किया। कुलपति ने आयोजन के सफल संचालन के लिए कार्यक्रम संयोजक सह NSS समन्वयक डॉ. मीनाक्षी मुंडा की सराहना की।

Book your slot today : +91 7250214782

वहीं, NSS क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार ने अपने प्रस्तुतीकरण में झारखंड के NSS विंग को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय को वार्षिक बैठक आयोजित करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि राज्य में विभिन्न चुनौतियों के बावजूद NSS युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
बैठक में Treasury Single Account (TSA) मोड के कार्यान्वयन, स्वयंसेवकों के आंकड़ों, वार्षिक कार्ययोजना, विशेष शिविरों तथा कार्यक्रम पदाधिकारियों के प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
दूसरे दिन आयोजित 6वीं NSS सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता डॉ. संजय कुमार सिंह ने की। बैठक में कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम के सचिव अजय कुमार, NSS क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार, विश्वविद्यालय एवं विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Book your slot today : +91 7250214782

बैठक में NSS की गतिविधियों, युवा सहभागिता, सामाजिक जागरूकता अभियान, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास एवं विशेष शिविरों से संबंधित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी सत्र की कार्ययोजना एवं NSS को अधिक समाजोन्मुख बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं गैर-सरकारी संस्थाओं जैसे आदिवासी मित्र मंडल, PRADAN, ग्रामीण बाल विकास एवं महिला सशक्तिकरण तथा प्लान इंटरनेशनल से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक सह NSS समन्वयक डॉ. मीनाक्षी मुंडा ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने में NSS की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे पीजी भूविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. जया जैक्लिन तिर्की ने प्रस्तुत किया।