Blog

कुचाई में कुपोषित बच्चों के लिए ‘शिशु शक्ति’ पोषण योजना का शुभारंभ

कुचाई में कुपोषित बच्चों के लिए ‘शिशु शक्ति’ पोषण योजना का शुभारंभ

सरायकेला_खरसावां : कुचाई प्रखंड विकास सह अंचल कार्यालय सभागार में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर ‘शिशु शक्ति’ संवर्धित टेक होम राशन (ए.टी.एच.आर.) वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की। इसका उद्देश्य सैम (गंभीर तीव्र कुपोषण) एवं मैम (मध्यम तीव्र कुपोषण) श्रेणी के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार करना है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बच्चों, विशेषकर बालिकाओं का स्वास्थ्य सामाजिक विकास की नींव है। उन्होंने बताया कि जिले में नियमित टेक होम राशन (टी.एच.आर.) के साथ अब ऑगमेंटेड टेक होम राशन (ए.टी.एच.आर.) योजना शुरू की गई है, जिससे कुपोषित बच्चों को अतिरिक्त एवं संतुलित पोषण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
उपायुक्त ने विभागीय पदाधिकारियों, सीडीपीओ एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों की सही पहचान कर समय पर राशन वितरण और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के पोषण, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी सेविकाएँ, सहायिकाएँ, माताएँ एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

राउरकेला विमान हादसा: क्षतिग्रस्त विमान के अवशेष जांच के लिए भुवनेश्वर भेजे गए

राउरकेला विमान हादसा: क्षतिग्रस्त विमान के अवशेष जांच के लिए भुवनेश्वर भेजे गए

उड़ीसा : राउरकेला के जोल्डा अंचल में 10 जनवरी को दुर्घटनाग्रस्त हुए इंडिया वन एयर के विमान के क्षतिग्रस्त अवशेषों को आज एक बड़े ट्रेलर के माध्यम से राज्य की राजधानी भुवनेश्वर भेज दिया गया। हादसे के करीब दो सप्ताह बाद यह कार्रवाई की गई। विमान को आगे की तकनीकी जांच के लिए भुवनेश्वर ले जाया गया है, जहां से उसके इंजन को विस्तृत परीक्षण के लिए कनाडा भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि 10 जनवरी को हुए इस विमान हादसे के समय विमान में दो पायलटों सहित कुल छह लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को उपचार के लिए राउरकेला स्थित जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
राहत की बात यह है कि दुर्घटना में घायल दोनों पायलट अब पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं अन्य घायलों की हालत में भी लगातार सुधार बताया जा रहा है।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच में जुटी हैं। विमान के मलबे और इंजन की तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

एसपी मुकेश लुणायत ने आदित्यपुर, आरआईटी व गम्हरिया थाना का किया औचक निरीक्षण

एसपी मुकेश लुणायत ने आदित्यपुर, आरआईटी व गम्हरिया थाना का किया औचक निरीक्षण

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने शनिवार को आदित्यपुर, आरआईटी और गम्हरिया थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित थाना के पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों, वारंट, इश्तेहार और कुर्की के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

सरायकेला में गणतंत्र दिवस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास सम्पन्न

सरायकेला में गणतंत्र दिवस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास सम्पन्न

सरायकेला : बिरसा मुंडा स्टेडियम में शनिवार, 24 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मुख्य परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत उपस्थित रहे।
पूर्वाभ्यास में नौ टुकड़ियों ने भाग लिया, जिनमें केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल 134वीं बटालियन, सशस्त्र सीमा बल रांची, जिला पुलिस बल (पुरुष और महिला), गृह रक्षक, सेंट जेवियर्स स्कूल गम्हरिया, जवाहर नवोदय विद्यालय सिजुलता, सेंट फ्रांसिस स्कूल सरायकेला और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर शामिल थे। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और राजनगर की छात्राओं ने बैंड पार्टी के रूप में परेड में भाग लिया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी टुकड़ियों का उत्साहवर्धन किया और जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है जब हमारा संविधान अंगीकृत हुआ। उन्होंने जनता से अपील की कि परेड और अन्य कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में देखें और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने सभी प्रतिभागियों से अनुशासन और राष्ट्रभक्ति भावना के साथ परेड में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य विभागीय और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


सारंडा में घायल हाथी का रेस्क्यू अभियान जारी

सारंडा में घायल हाथी का रेस्क्यू अभियान जारी

कोल्हान : पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र में पिछले दो दिनों से एक जंगली दांतैल हाथी घायल अवस्था में विचरण कर रहा था। हाथी के बाएं पैर में गंभीर जख्म था, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी।
वन विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विशेष रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस अभियान में वनतारा की विशेषज्ञ टीम और मनोहरपुर तथा चाईबासा से आए पशु चिकित्सक शामिल हैं। डॉक्टरों द्वारा लगातार दवाइयां दी जा रही हैं, ताकि हाथी को सुरक्षित तरीके से काबू में लाकर उसका इलाज किया जा सके।
कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को ट्रेंकुलाइज कर नियंत्रण में लिया गया। सुरक्षा के लिए उसके चारों ओर तारों से घेरा बनाकर उसे बेहोश किया गया और घायल पैर के जख्म का इलाज शुरू किया गया। हाथी की उम्र लगभग 20 वर्ष बताई जा रही है।
मौके पर सारंडा डीएफओ, रेंजर, कोएना रेंजर और समता वन क्षेत्र के अधिकारी मौजूद हैं। इसके अलावा किरीबुरू, मनोहरपुर और गुवा से आई वन विभाग की टीमें भी रेस्क्यू और इलाज कार्य में जुटी हैं। वन विभाग का कहना है कि हाथी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इलाज के बाद उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ा जाएगा।

दुःखू टोला में निःशुल्क लाइब्रेरी की पहल, सागर हेंब्रम ने ग्रामीणों से की बैठक

दुःखू टोला में निःशुल्क लाइब्रेरी की पहल, सागर हेंब्रम ने ग्रामीणों से की बैठक

जमशेदपुर : आज करनडीह के दुःखू टोला में सारजोम युवा फाउंडेशन के अध्यक्ष सागर हेंब्रम ने ग्रामीणों से मुलाकात कर निःशुल्क लाइब्रेरी स्थापना को लेकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि जल्द ही दुःखू टोला, करनडीह में सारजोम युवा फाउंडेशन के माध्यम से निःशुल्क लाइब्रेरी का शुभारंभ किया जाएगा। इस पहल को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों से सहयोग जुटाने हेतु अभियान चलाया जा रहा है।
निःशुल्क लाइब्रेरी का उद्देश्य सभी वर्गों के लोगों को एक ही स्थान पर सामाजिक एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे शांत वातावरण में अध्ययन कर सकें। समाजहित में की जा रही इस पहल के तहत अध्यक्ष सागर हेंब्रम स्वयं जमीनी स्तर पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। सभी के सहयोग से लाइब्रेरी का शुभारंभ शीघ्र किए जाने की उम्मीद है।

नगर परिषद चक्रधरपुर अध्यक्ष पद के लिए विजय सिंह सुम्बरुई ने पेश की दावेदारी

नगर परिषद चक्रधरपुर अध्यक्ष पद के लिए विजय सिंह सुम्बरुई ने पेश की दावेदारी

चक्रधरपुर : नगर परिषद चक्रधरपुर के अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस जिला महासचिव एवं सेवानिवृत्त रेलकर्मी विजय सिंह सुम्बरुई ने अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नाम अपना आवेदन प्रपत्र कांग्रेस भवन, चाईबासा में कार्यालय सचिव सुशील दास को सौंपा।
अपने आवेदन में विजय सिंह सुम्बरुई ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर रहकर पार्टी के हित में कार्य किया है। वर्तमान में वे कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े हुए हैं, जिससे नगर परिषद चक्रधरपुर क्षेत्र के लोगों से उनका निरंतर संपर्क बना हुआ है। उन्होंने कहा कि चक्रधरपुर शहर के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से वे इस चुनावी मैदान में उतर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जल, सड़क, नाली, बिजली, सफाई, रोजगार तथा जरूरतमंदों के अधिकारों से जुड़े स्थानीय मुद्दे उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे।
इस मौके पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजेश शुक्ला, प्रवक्ता त्रिशानु राय, अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन तौहिद आलम, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, उपाध्यक्ष मो. एहसान, वरीय कांग्रेसी हरि राव, सुरसेन टोपनो, जुम्बल सुंडी, फिरोज अशरफ, प्रताप पुरती, प्रेम अगन सुंडी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

चक्रधरपुर वार्ड 18 से पार्षद पद के लिए तौहिद आलम ने पेश की दावेदारी

चक्रधरपुर वार्ड 18 से पार्षद पद के लिए तौहिद आलम ने पेश की दावेदारी

चक्रधरपुर : नगर परिषद चक्रधरपुर के वार्ड संख्या 18 से पार्षद पद के लिए कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन तौहिद आलम ने शनिवार को अपनी दावेदारी पेश की। उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नाम आवेदन पत्र कांग्रेस भवन, चाईबासा में कार्यालय सचिव सुशील दास को सौंपा।
अपने आवेदन में तौहिद आलम ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई है। वर्तमान में वे कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े हुए हैं, जिसके कारण उनका स्थानीय लोगों से लगातार संपर्क बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि वार्ड के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से वे यह चुनाव लड़ना चाहते हैं। जल आपूर्ति, सड़क, नाली, बिजली, सफाई, रोजगार तथा जरूरतमंदों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उनकी प्राथमिकता रहेंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजेश शुक्ला, प्रवक्ता त्रिशानु राय, महासचिव विजय सिंह सुम्बरुई, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, उपाध्यक्ष मो. एहसान, वरीय कांग्रेसी हरि राव सहित जुम्बल सुंडी, सुरसेन टोपनो, प्रताप पुरती, फिरोज अशरफ, प्रेम अगन सुंडी समेत अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के रूप में राजेश शुक्ला ने पार्षद पद के लिए किया आवेदन

कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के रूप में राजेश शुक्ला ने पार्षद पद के लिए किया आवेदन

चक्रधरपुर : नगर परिषद चक्रधरपुर के वार्ड संख्या पाँच से पार्षद पद के लिए कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने शनिवार को अपनी दावेदारी पेश की। उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नाम आवेदन पत्र कांग्रेस भवन, चाईबासा में कार्यालय सचिव सुशील दास को सौंपा।
अपने आवेदन में राजेश शुक्ला ने कहा कि वे कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर रहकर लंबे समय से सामाजिक और संगठनात्मक कार्य करते आ रहे हैं। वर्तमान में वे कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े हुए हैं। साथ ही पूर्व में पार्षद रहने के कारण उनका स्थानीय लोगों से लगातार संपर्क बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि वार्ड के सर्वांगीण विकास के लक्ष्य के साथ वे चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। जल, सड़क, नाली, बिजली, सफाई, रोजगार तथा जरूरतमंदों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होंगे।
इस मौके पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, जिला महासचिव विजय सिंह सुम्बरुई, अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन तौहिद आलम, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, उपाध्यक्ष मो. एहसान, वरीय कांग्रेसी हरि राव सहित जुम्बल सुंडी, सुरसेन टोपनो, प्रताप पुरती, फिरोज अशरफ, प्रेम अगन सुंडी समेत कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

चाकुलिया में जंगली हाथी का आतंक, देर रात वाजपेयी नगर में मचाया उत्पात

चाकुलिया में जंगली हाथी का आतंक, देर रात वाजपेयी नगर में मचाया उत्पात

घाटशिला : चाकुलिया नगर पंचायत और प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित वाजपेयी नगर में गुरुवार देर रात एक जंगली हाथी के घुस आने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हाथी वाजपेयी नगर से सटे दूधनाथ सिंह के बागान में घुस गया और जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान बागान परिसर में किराए पर रह रही अनीता पातर और कपरे मुर्मू बाल-बाल बच गईं। हाथी ने उनके घरों पर हमला कर दिया था, जिससे बचने के लिए कपरे मुर्मू ने खटिया के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना अनिल सिंह द्वारा वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मशालों की मदद से हाथी को हवाई पट्टी क्षेत्र की ओर खदेड़ दिया।
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से जंगली हाथी शाम होते ही बागान क्षेत्र में पहुंचकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। हाथियों की लगातार बाजार क्षेत्र के करीब आवाजाही से स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों में दहशत का माहौल बना हुआ है।