#सरायकेला_खरसावां #ऑनलाइन_नीलामी #सीज_बालू #नितिशकुमारसिंह #जिला_प्रशासन #maskalnews

सरायकेला–खरसावां में सीज बालू की पहली ऑनलाइन नीलामी सफल

सरायकेला–खरसावां में सीज बालू की पहली ऑनलाइन नीलामी सफल

सरायकेला : सरायकेला–खरसावां जिले में प्रशासनिक पारदर्शिता और तकनीक आधारित शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए झारखंड राज्य में पहली बार सीज (जब्त) बालू की ऑनलाइन नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। जिला प्रशासन द्वारा विधिसम्मत और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लगभग 12 लाख घन फीट सीज बालू की ऑनलाइन नीलामी की गई।

नीलामी के लिए आधार मूल्य ₹1.72 करोड़ निर्धारित किया गया था, जबकि प्रतिस्पर्धात्मक बोली प्रक्रिया के बाद अंतिम नीलामी मूल्य ₹2.30 करोड़ प्राप्त हुआ। इससे राज्य को अनुमान से अधिक राजस्व की प्राप्ति हुई, जो जिले और राज्य दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जब्त खनिजों के निपटान के लिए ऑनलाइन नीलामी जैसी पारदर्शी और तकनीक आधारित व्यवस्था सुशासन की दिशा में प्रभावी कदम है। उन्होंने बताया कि इससे अवैध खनन पर नियंत्रण के साथ-साथ राज्य के लिए वैध और अतिरिक्त राजस्व भी सुनिश्चित होता है।

उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में अवैध खनन के मामलों में जब्त खनिजों के निपटान हेतु इसी प्रकार की पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक ऑनलाइन प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाएगी।