सरायकेला | सरायकेला-खरसावां जिले में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति द्वारा सरायकेला परिसदन में शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने की, जिसमें संगठन के विभिन्न पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. महतो ने हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज के लिए अत्यंत पीड़ादायक और निंदनीय हैं। साथ ही उन्होंने झारखंड पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर मामले का खुलासा किया है।

डॉ. महतो ने आरोप लगाया कि इस घटना में भाजपा नेता भीम राम का मुख्य अभियुक्त के रूप में सामने आना भाजपा के महिला सशक्तिकरण के दावों पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा महिलाओं के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं की संलिप्तता गंभीर अपराधों में सामने आ रही है, जो उसके दोहरे चरित्र को दर्शाता है।

उन्होंने आगे कहा कि झामुमो हमेशा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के पक्ष में खड़ा रहा है और आगे भी रहेगा। इस तरह की घटनाओं पर राजनीति करने के बजाय दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में कड़ा संदेश जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रेस वार्ता के दौरान अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि झामुमो राज्यभर में जनता के बीच जाकर भाजपा के चाल-चरित्र और वास्तविक चेहरे को उजागर करेगा। पार्टी के निर्देशानुसार राज्य के सभी जिलों में प्रेस वार्ता आयोजित कर लोगों को सच्चाई से अवगत कराया जा रहा है।
अंत में जिला अध्यक्ष ने कहा कि झामुमो कार्यकर्ता जनहित और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर सदैव सक्रिय रहेंगे तथा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए हर संभव संघर्ष करेंगे।
इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, गणेश महली, सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कवि, जिला सचिव वैद्यनाथ टुडू, जिला उपाध्यक्ष भोला मोहंती, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य, झामुमो नेता उमेश भोल, सुधीर महतो, सौरभ साहू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

