चक्रधरपुर | नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को लांड़ुपदा पंचायत क्षेत्र के बाईसाईं टोला में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, महिलाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान नशे के विरुद्ध जनजागरूकता रैली निकाली गई और लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशे के खिलाफ शपथ भी ली। मौके पर पंचायत के मुखिया कुश पूर्ति ने कहा कि नशा गांव, समाज और बच्चों के भविष्य को बर्बाद कर रहा है।

उन्होंने बताया कि 15 जून से 26 जून तक चल रहे इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना है।

मुखिया ने ग्रामीणों से नशे की लत छोड़कर स्वस्थ, जागरूक और समृद्ध लांड़ुपदा के निर्माण में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान कार्यशाला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई।

आयोजकों ने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन 26 जून तक जारी रहेगा, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके।


