चक्रधरपुर | प्रखंड के नलिता पंचायत अंतर्गत नलिता गांव में रोजो पर्व के अवसर पर पारंपरिक छऊ नृत्य एवं मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने रामायण, महाभारत एवं अन्य पौराणिक कथाओं पर आधारित मनमोहक छऊ नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानों एवं मनोरंजन के साधनों ने भी लोगों को आकर्षित किया, जिसका ग्रामीणों ने जमकर आनंद उठाया।

अपने संबोधन में डॉ. विजय सिंह गागराई ने कहा कि छऊ नृत्य हमारी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं से जुड़ने तथा लोककलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आदे मुंडा ने की। आयोजन को सफल बनाने में सचिव गुलाब सिंह कुम्हार सहित कई ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और देर रात तक चले छऊ नृत्य एवं मेले का आनंद उठाया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


