चाईबासा | भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रविवार को बूथ संख्या-98, श्री मारवाड़ी हिंदी मध्य विद्यालय, चाईबासा में विशेष कैंप आयोजित किया गया। इस दौरान बीएलए-दो त्रिशानु राय ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर मतदाता सत्यापन एवं बूथ मैपिंग कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान त्रिशानु राय ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता विवरणों के सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। साथ ही घर-घर चलाए जा रहे सत्यापन अभियान से संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर त्रिशानु राय ने कहा कि निर्वाचन आयोग का यह अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने नाम व अन्य विवरणों का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि आगामी चुनावों में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

त्रिशानु राय ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक पात्र मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी प्रभावी भागीदारी निभा सके।

मौके पर बूथ सुपरवाइजर एवं शिक्षक राकेश कुमार सिंह, बीएलओ मनीषा दास सहित स्थानीय लोग उपस्थित थे।


