सरायकेला | सरायकेला-खरसावां जिले के स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर टाउन हॉल, सरायकेला में जिला स्तरीय विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला अभिनव प्रकाश ने स्वागत संबोधन देते हुए जिले की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए आगामी लक्ष्यों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उपस्थित लोगों को जागरूकता एवं प्रेरणादायक संदेश दिए गए। मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में जिले के समग्र विकास के लिए सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने अपने संबोधन में नागरिकों से क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास तभी संभव है जब क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। उन्होंने यह भी बताया कि विगत वर्ष की राष्ट्रीय पुलिस रैंकिंग में जिले के चौका थाना को झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जो जिले के लिए गर्व की बात है।
उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि 25 वर्षों की उपलब्धियों का मूल्यांकन कर भविष्य की दिशा तय करना आवश्यक है। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों, विशेषकर डायन प्रथा के उन्मूलन के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयासों को और मजबूत करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, लोक कला एवं संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला एवं पुरुषों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित रंगोली, चित्रकला आदि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने पर मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोना राम बोदरा, उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कवि, विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्या, पद्मश्री सम्मानित छूटनी महतो एवं चामी मुर्मू, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित कई विभागीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

