सरायकेला । आस्था के महापर्व चैती छठ के अवसर पर शहर के जगन्नाथ मंदिर घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। खरना के बाद से निर्जला व्रत रख रहे श्रद्धालु संध्या आरती से पूर्व लंबे समय तक जल में खड़े होकर सूर्य देव से सुख-समृद्धि की कामना करते रहे।

इस अवसर पर सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने भी घाट पहुंचकर सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित किया और क्षेत्रवासियों के मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि छठ पर्व प्रकृति के प्रति आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है, जो हमें पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के सम्मान का संदेश देता है।

घाट पर छठ व्रतियों और उनके परिजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। पूरे आयोजन को लेकर साफ-सफाई और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम का आयोजन सरायकेला नगर पंचायत और छठ व्रती परिवारों के सहयोग से किया गया।

