जमशेदपुर | बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित खरकई नदी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। बड़ौदा घाट के समीप नदी से एक अज्ञात किशोर को बाहर निकाला गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कुछ स्थानीय लोग बड़ौदा घाट के पास खरकई नदी में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के पानी में छटपटा रहे एक किशोर पर पड़ी। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नदी से बाहर निकाला और उसकी जान बचाने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी से बाहर निकाले जाने के समय किशोर की सांसें चल रही थीं। स्थानीय लोगों ने उसे प्राथमिक सहायता देने की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 16 वर्ष आंकी जा रही है।

प्रारंभिक जांच में किशोर की पहचान नहीं हो सकी है। उसके पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है तथा विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किशोर नदी तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




























