सरायकेला | सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार उत्पाद अधीक्षक क्षितिज मिंज के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में सोमवार को चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मिरूडीह में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान एक टीन शेड में अवैध रूप से भंडारित पंजाब निर्मित विदेशी शराब बरामद की गई। छापेमारी में विभिन्न ब्रांड की कुल 1790.64 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ 30 खाली ड्रम और प्लास्टिक जार भी जब्त किए गए।

इस अभियान में पूर्वी सिंहभूम के उत्पाद पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां उत्पाद विभाग के अधिकारी तथा चौका थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे। प्रशासन द्वारा अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

उत्पाद अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि अवैध शराब का निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री दंडनीय अपराध है, जिसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध शराब से जुड़ी जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या उत्पाद विभाग को देने का आग्रह किया।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अवैध शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक और जानलेवा हो सकता है। नागरिकों से केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही वैध शराब खरीदने और समाज में कानून-व्यवस्था व जनस्वास्थ्य बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है। साथ ही अभिभावकों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को अवैध शराब के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने को कहा गया है।

