सरायकेला – खरसावां | सरायकेला के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद्यान्न आपूर्ति, दाल-भात योजना, डाकिया योजना, चावल दिवस, सोना–सोबरन धोती–साड़ी योजना, आयुष्मान भारत योजना, ई-केवाईसी, डीलर टैगिंग/री-टैगिंग, नमक वितरण, धान अधिप्राप्ति एवं भुगतान सहित कई योजनाओं की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को समय पर और निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने और शत-प्रतिशत कार्डधारियों का ई-केवाईसी पूरा करने पर जोर दिया। नेटवर्क समस्या वाले क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, लंबे समय से राशन नहीं लेने या ई-केवाईसी में सहयोग नहीं करने वाले लाभुकों के नाम की जांच कर नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।

उन्होंने सभी कार्डधारियों का आधार और मोबाइल नंबर सीडिंग भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र के राशन डीलरों के स्टॉक की जांच के लिए जिला स्तरीय टीम गठित कर सघन निरीक्षण करने को कहा गया।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने क्षेत्र की राशन दुकानों का नियमित निरीक्षण करें और स्टॉक का भौतिक सत्यापन करें। किसी भी अनियमितता मिलने पर संबंधित डीलर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, नमक, चीनी सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं के लंबित वितरण कार्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

