सरायकेला : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत बुधवार को सरायकेला–खरसावां जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति सचेत करना था।
चांडिल अनुमंडल के विक्रमादित्य +2 उच्च विद्यालय, लेपटान्द में विद्यालय स्तरीय सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र–छात्राओं ने सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं गौरांगकोचा क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को समझाइश दी गई और उन्हें हेलमेट वितरित कर सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
चौका क्षेत्र में जागरूकता रथ के माध्यम से सड़क सुरक्षा संदेशों का प्रचार किया गया। इसके अलावा गौरांगकोचा के ग्रामीण इलाकों में पंपलेट वितरित कर हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा के पालन तथा सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में जानकारी दी गई।
इन कार्यक्रमों में जिला परिवहन पदाधिकारी, ईचागढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
21
Jan

