चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी एवं छिनतई में संलिप्त एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों की सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) किरीबुरू के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र सहित नोवामुंडी इलाके में छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान चोरी की गई सात मोटरसाइकिलें बरामद की गईं और गिरोह से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल छिनतई, चोरी, मारपीट तथा अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए करते थे।

पुलिस के अनुसार, गिरोह का मास्टरमाइंड दयाल कुमार नाग और संदीप पिंगुवा हैं। दोनों आरोपी पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।

इस संबंध में गुवा-बड़ाजामदा थाना कांड संख्या 20/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।


