#नगरपालिका_चुनाव_2026 #अवैध_शराब_पर_कार्रवाई #उत्पाद_विभाग_छापेमारी #सरायकेला_खरसावां #maskalnews

नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिले में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 100 लीटर से अधिक शराब जब्त, 7 गिरफ्तार

नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिले में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 100 लीटर से अधिक शराब जब्त, 7 गिरफ्तार

सरायकेला : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सरायकेला–खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध सघन छापामारी एवं रात्रि गश्ती अभियान चलाया गया। यह अभियान अधीक्षक उत्पाद सरायकेला–खरसावाँ श्री क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में संचालित किया गया।
इसी क्रम में सरायकेला–कांड्रा मार्ग पर रात्रि गश्ती के दौरान मुड़िया ग्राम के समीप एक नीले रंग के Ape डाला टेम्पो (निबंधन संख्या JH05DD 5720) को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से दो बड़े झोलों में कुल 54.705 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में वाहन चालक कृति कुमार साहु एवं उसके सहयोगी संजय कुमार बेहरा को मौके से गिरफ्तार कर वाहन को जब्त किया गया।
इसके अलावा गम्हरिया एवं आदित्यपुर थाना क्षेत्र के नीमडीह, उदयपुर, बास्कोनगर एवं भाटिया बस्ती में भी छापामारी की गई, जहां से 04 अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 20 लीटर अवैध चुलाई शराब एवं 45 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। इनमें एक अभियुक्त के पास झारखंड राज्य में अपंजीकृत Kings Gold ब्रांड की 60 बोतल (45 लीटर) विदेशी शराब पाई गई।
भाटिया बस्ती, आदित्यपुर से गिरफ्तार अभियुक्त राजरतन मिश्रा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं वाहन चालक कृति कुमार साहु एवं संजय कुमार बेहरा को भी न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।