चाईबासा / डुमरा | श्री श्री सार्वजनिक संकीर्तन समिति, डुमरा गांव द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 24 प्रहर अखंड हरिकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कलश यात्रा में जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, डुमरा के ग्राम प्रधान दिलीप मंडल सहित सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष एवं कुंवारी कन्याएं शामिल हुईं। पूर्वाह्न 11:00 बजे प्रारंभ हुई यह यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए संकीर्तन स्थल तक पहुंची।

यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया गया। परिक्रमा मार्ग पर कई स्थानों पर आकर्षक रंगोलियां सजाई गई थीं, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। लगभग तीन किलोमीटर लंबी इस यात्रा को चिलचिलाती धूप के बावजूद महिलाओं और कन्याओं ने उत्साहपूर्वक पूर्ण किया।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजनों से वातावरण में भक्ति का संचार होता है। हरि संकीर्तन में शामिल होने से मन को शांति मिलती है, सकारात्मक सोच विकसित होती है और आसपास का माहौल भी शुद्ध होता है।
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरि संकीर्तन कार्यक्रम 1 से 3 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। वहीं, 4 अप्रैल को घुलट एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

