खरसावां | खरसावां थाना क्षेत्र के बुरुडीह स्थित एक बंद कंपनी परिसर में लोहे की चोरी के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त गैस कटर उपकरण, सिलेंडर तथा बड़ी मात्रा में लोहे का सामान बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जून की शाम करीब 7:30 बजे खरसावां पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बुरुडीह गांव के समीप स्थित बंद कंपनी परिसर में कुछ लोग गैस कटर की सहायता से लोहे की कटाई कर चोरी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने देखा कि कुछ लोग गैस कटर से लोहे के हिस्सों को काटकर एक पिकअप वाहन में लोड कर रहे थे। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर छह आरोपियों को धर-दबोचा।

पुलिस ने मौके से चोरी किया गया लोहे का सामान, दो ऑक्सीजन सिलेंडर, एक एचपी गैस सिलेंडर, गैस कटर पाइप, रेगुलेटर, नोजल तथा लगभग 20 फीट लंबा लोहे का हिस्सा बरामद किया। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त अन्य उपकरणों को भी जब्त कर लिया गया।
L

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बुरुडीह, कोलछोंगडीह, नया मुंडाडीह, सेरेंगसिया तथा देववीरसाई क्षेत्र के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक के विरुद्ध पूर्व में भी खरसावां थाना में आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है।
इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ सरायकेला के नेतृत्व में खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, अवदेश राय, बाबूलाल बारिक, स्वरूप प्रसाद सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


