#किसानमेला #कृषिप्रदर्शनी #चाईबासा #पश्चिमीसिंहभूम #दीपकबिरुवा #maskalnews

चाईबासा में जिला स्तरीय एकदिवसीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का आयोजन

चाईबासा में जिला स्तरीय एकदिवसीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का आयोजन

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत मुख्यमंत्री उत्कृष्ट +2 जिला उच्च विद्यालय, चाईबासा के मैदान में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड के तत्वावधान में जिला स्तरीय एकदिवसीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सिंहभूम सांसद जोबा माझी, मंझगांव विधायक निरल पूर्ति, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, जिला उपायुक्त चंदन कुमार एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत जिला कृषि कार्यालय द्वारा पौधा, अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंट कर किया गया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला कृषि और वनोपज पर आधारित है। किसानों को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से कृषि मेला आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि कृषि यांत्रिकी को बढ़ावा देने हेतु सरकार की विभिन्न योजनाओं से कम लागत में अधिक लाभ संभव होगा।
सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने कहा कि कृषि मेलों के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाती है। राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों को उन्नत और लाभकारी खेती की ओर प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्र, 90 प्रतिशत अनुदान पर पंपसेट, मत्स्य विपणन योजना के अंतर्गत मछली परिवहन वाहन तथा किसान कार्ड सहित करीब 60 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसके बाद अतिथियों ने कृषि प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों से संवाद किया।