पूर्वी_सिंहभूम | जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में एटीएम ठग गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। ताजा मामले में गुरुद्वारा बस्ती निवासी सुरजीत सिंह ठगी का शिकार हो गए और उनके बैंक खाते से 11 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरजीत सिंह मानगो गोलचक्कर स्थित एसबीआई के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। एटीएम मशीन में कार्ड डालते ही उनका कार्ड अंदर फंस गया। उस समय एटीएम केंद्र पर कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। इसी दौरान उनकी नजर एटीएम के अंदर दीवार पर लिखे एक मोबाइल नंबर पर पड़ी।

मदद के उद्देश्य से जब उन्होंने उस नंबर पर कॉल किया, तो दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनका कार्ड जल्द ही निकाल दिया जाएगा। ठग ने उन्हें बातों में उलझाकर मानगो गोलचक्कर के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर बुला लिया।

जब सुरजीत सिंह वहां पहुंचे तो कोई व्यक्ति नहीं मिला। संदेह होने पर वे तुरंत वापस एटीएम केंद्र लौटे, लेकिन तब तक उनका कार्ड गायब हो चुका था। कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से 11 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया, जिससे उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
घटना के बाद सुरजीत सिंह ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। इसी बीच एटीएम का सुरक्षा गार्ड भी वहां पहुंचा, लेकिन उसने पीड़ित की मदद करने के बजाय उलझने की कोशिश की, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत मानगो थाना में दर्ज करा दी है। पुलिस एटीएम केंद्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और ठगों की पहचान के प्रयास में जुटी है।
इस घटना ने एक बार फिर एटीएम केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और वहां लिखे संदिग्ध हेल्पलाइन नंबरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और बैंक प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि एटीएम में किसी भी समस्या की स्थिति में केवल बैंक के आधिकारिक टोल-फ्री नंबर पर ही संपर्क करें और किसी भी अनजान नंबर पर कॉल करने से बचें।

