सरायकेला । झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक के जिला न्यायालय सरायकेला आगमन पर जिला अधिवक्ता संघ सरायकेला के प्रतिनिधिमंडल ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें गुलदस्ता, शाल तथा पारंपरिक छऊ मुखौटा भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान अधिवक्ताओं ने वर्तमान में प्रस्तावित न्यायालय भवन के स्थानांतरण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने एक ज्ञापन सौंपते हुए आग्रह किया कि वर्तमान न्यायालय भवन का स्थान हर दृष्टि से उपयुक्त है, इसलिए इसके स्थानांतरण के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश ने इस विषय पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। साथ ही अधिवक्ताओं ने न्यायालय से संबंधित अन्य आवश्यकताओं को भी उनके समक्ष रखा। मुख्य न्यायाधीश के आश्वासन से अधिवक्ता संघ को उम्मीद है कि न्यायालय का संचालन वर्तमान स्थान पर ही स्थायी रूप से जारी रहेगा।

प्रतिनिधिमंडल में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रभात कुमार, उपाध्यक्ष केदारनाथ अग्रवाल, महासचिव देवाशीष ज्योतिषी, वरीय अधिवक्ता गोलक पति, के.पी. दुबे, आशीष कुमार पात्र, एच.सी. हजरा, निर्मल आचार्य, ओम प्रकाश सहित अन्य अधिवक्ता शामिल थे। इसकी जानकारी संघ के सह सचिव जलेश कवि ने दी।

