चक्रधरपुर | झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिम सिंहभूम के अध्यक्ष सह जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर तथा सचिव रवि चौधरी के आदेशानुसार सोमवार को चक्रधरपुर प्रखंड के चैनपुर पंचायत में निशुल्क विधिक सेवा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में अधिकार मित्र राजशेखर रवानी ने ग्रामीणों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निशुल्क विधिक सहायता, उसकी संरचना एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।

वहीं अधिकार मित्र श्वेता रवानी ने घरेलू हिंसा, कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल एवं मानव तस्करी, डायन प्रथा, दहेज प्रथा, कार्यस्थल पर महिलाओं के संरक्षण (POSH) अधिनियम, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता, श्रमिक निबंधन एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

इस दौरान 90 दिवसीय गहन जागरूकता अभियान के तहत डॉन (नशा मुक्ति) योजना पर विशेष चर्चा की गई। ग्रामीणों को नशे के मानसिक, शारीरिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से “नशे को कहें ना, जिंदगी को कहें हां” और “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” के नारे लगाते हुए नशामुक्ति की शपथ ली।

अधिकार मित्र करण कुंभकार ने नालसा एप एवं टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी देते हुए पंपलेट भी वितरित किए। शिविर में चैनपुर पंचायत के मुखिया साहब हेंब्रम, पंचायत सचिव, जल सहिया, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सीआरपी राकेश्वरी महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


